शशिकांत डिकसेना, कटघोरा। एक तरफ जहां मरीज इलाज के लिए अस्पतालों की लंबी कतारों में घंटों इंतजार कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही और संवेदनहीनता का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ड्यूटी के दौरान डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ बर्थडे पार्टी मनाते और केक काटते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वीडियो ओपीडी समय का है, जब मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे हुए थे। आरोप है कि मरीजों की जांच और उपचार की जगह डॉक्टर और स्टाफ अपने चैंबर में जन्मदिन का जश्न मनाने में व्यस्त थे। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मरीज गर्मी में बेहाल, कूलर बने शो-पीस
भीषण गर्मी के बीच अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थिति दयनीय बताई जा रही है। अस्पताल में लगाए गए कूलर सिर्फ दिखावे तक सीमित हैं। कई कूलरों के पंप खराब पड़े हैं, जबकि कई में पानी तक नहीं डाला जा रहा। कुछ वार्डों में तो कूलर की व्यवस्था ही नहीं है, जिसके चलते मरीज और उनके परिजन हाथ के पंखों से गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मई की झुलसाती गर्मी में अस्पताल प्रशासन मरीजों की बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करा पा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री का एसी वाला दावा भी फेल
करीब चार महीने पहले स्वास्थ्य मंत्री के दौरे के दौरान कटघोरा CHC में एयर कंडीशनर लगाने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक अस्पताल में एसी तो दूर, कूलरों की भी समुचित व्यवस्था नहीं हो पाई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
अस्पताल परिसर में गंदगी और बदबू
अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और बदबू ने हालात को और खराब कर दिया है। अस्पताल के आसपास नालियों में जमा गंदगी से संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को बीमारी से राहत मिलने के बजाय संक्रमण का डर सताने लगा है।
सीएमएचओ ने कहा – वायरल वीडियो की जांच कराएंगे
मामले पर जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. एसएन केसरी ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। वीडियो में कमरा बंद दिखाई दे रहा है और स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि वह अस्पताल का ओपीडी कक्ष है या निजी स्थान। इसके बावजूद बीएमओ से चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कूलरों की समस्या पर उन्होंने कहा कि अस्पताल में नियमित रूप से पानी डाला जाना चाहिए और यदि तकनीकी खराबी है तो उसे जल्द दुरुस्त कराया जाएगा। वहीं अस्पताल परिसर की गंदगी को लेकर सीएमएचओ ने कहा कि पीछे की नाली में गंदगी है, जिसे नगर पंचायत के समन्वय से साफ कराया जाएगा। साथ ही अस्पताल के सफाई कर्मचारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए जाएंगे।
देखें वायरल वीडियो –
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

