अमित मकोंडी, आष्टा (सीहोर) हाल ही में एक डॉक्टर पर हुए हमले के मामले में अब तक पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के विरोध में आष्टा के सभी चिकित्सकों एवं अस्पताल कर्मचारियों ने आज से दो दिवसीय शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। विरोध स्वरूप चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी हाथ पर काली पट्टी बांधकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि न्याय की मांग को लेकर एसडीओपी आष्टा, पुलिस अधीक्षक सीहोर एवं एसडीएम आष्टा को लिखित आवेदन एवं ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक आरोपियों के विरुद्ध कोई ठोस एवं प्रभावी पुलिस कार्रवाई नहीं होने से चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों में गहरा आक्रोश एवं असुरक्षा की भावना व्याप्त है।
चिकित्सक संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र निष्पक्ष एवं कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो वर्तमान में चल रहा काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन अगले चरण में आष्टा ब्लॉक स्तर पर व्यापक आंदोलन का रूप लेगा। इस आंदोलन के तहत सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी संपूर्ण कार्य बंद (टोटल वर्क स्टॉपेज) कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
चिकित्सकों ने कहा कि उनकी मांग केवल दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा की गारंटी प्रदान करने की है। उन्होंने कहा कि यदि आंदोलन उग्र होता है तो इसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन एवं पुलिस विभाग की होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

