Lifestyle Desk – धूप से बचने के लिए हो या सर्दियों में सिर को गर्म रखने के लिए, टोपी पहनना आम बात है। कुछ लोग तो सिर्फ़ शौक और लुक के लिए भी कई घंटे टोपी पहने रहते हैं। ऐसे में अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या लंबे समय तक टोपी पहनने से बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं या इससे हेयर फॉल की समस्या बढ़ सकती है? अगर आपको भी टोपी पहनने के बाद सिर में खिंचाव महसूस होता है या बाल टूटते नजर आते हैं, तो इसके पीछे टोपी के साथ-साथ उसे पहनने का तरीका भी जिम्मेदार हो सकता है। आइये जानते हैं अगर टोपी पहन के रहते हैं तो किन बातों का ख्याल रखना चाहिए।

क्या टोपी पहनने से बाल झड़ते हैं?

सीधे तौर पर यह कहना सही नहीं होगा कि टोपी पहनने से बाल झड़ते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, सामान्य और ढीली टोपी पहनने तथा बाल झड़ने के बीच कोई स्पष्ट संबंध साबित नहीं हुआ है। बाल झड़ने के पीछे आनुवंशिक कारण, उम्र, हार्मोनल बदलाव, कुछ स्वास्थ्य समस्याएं, पोषण की कमी और तनाव जैसे कई कारण हो सकते हैं।

हालांकि, बहुत टाइट टोपी या ऐसी टोपी जो सिर पर लगातार दबाव और घर्षण पैदा करे, बालों और स्कैल्प के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है। खासकर तब, जब टोपी के नीचे बालों को भी बहुत कसकर बांधा गया हो।

कब बढ़ सकता है बाल टूटने और झड़ने का खतरा?

अगर टोपी पहनने के दौरान बाल लगातार खिंच रहे हैं या टोपी सिर पर बहुत ज्यादा रगड़ पैदा कर रही है, तो बाल टूट सकते हैं। इसके अलावा, टोपी के नीचे पोनीटेल, बन या चोटी को बहुत कसकर बांधना भी बालों की जड़ों पर लगातार तनाव डाल सकता है।

Dermatologists इसे ट्रैक्शन एलोपेसिया (Traction Alopecia) कहते हैं। इसमें बालों पर बार-बार पड़ने वाला खिंचाव हेयर फॉलिकल्स को नुकसान पहुंचा सकता है। अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी के अनुसार, लगातार तनाव जारी रहने पर कुछ मामलों में यह बालों के स्थायी नुकसान का कारण भी बन सकता है।

टोपी पहनते समय इन बातों का रखें ध्यान

अगर आपको लंबे समय तक टोपी पहननी पड़ती है, तो कुछ आसान सावधानियां बालों को नुकसान से बचाने में मदद कर सकती हैं।

  1. ऐसी टोपी चुनें जो सिर पर बहुत ज्यादा टाइट न हो।
  2. टोपी पहनने से पहले बालों को बहुत कसकर न बांधें।
  3. सिर में दर्द, खिंचाव या असहजता महसूस हो तो टोपी या हेयरस्टाइल ढीली करें।
  4. लगातार एक ही तरह की टाइट हेयरस्टाइल रखने से बचें।
  5. पसीना आने के बाद स्कैल्प की सफाई का ध्यान रखें।
  6. बालों को बार-बार खींचने, जोर से ब्रश करने और अत्यधिक हीट देने से बचें।

कब डॉक्टर से संपर्क करें?

अगर टोपी पहनना कम करने और बालों पर खिंचाव घटाने के बावजूद लगातार बाल झड़ रहे हैं, हेयरलाइन पीछे जा रही है, सिर पर पैच बन रहे हैं या स्कैल्प में दर्द और जलन रहती है, तो इसे केवल टोपी की वजह मानकर नजरअंदाज न करें। बाल झड़ने के कई अलग-अलग कारण हो सकते हैं और सही कारण जानने के लिए त्वचा रोग विशेषज्ञ से जांच कराना बेहतर रहता है।