Lifestyle Desk – गर्मियों के मौसम में खाने के साथ ठंडा-ठंडा रायता मिल जाए तो खाने का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. दही से बनने वाला रायता न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि शरीर को ठंडक पहुंचाने और पाचन को बेहतर बनाने में भी मदद करता है. हालांकि, तेज गर्मी के दिनों में एक आम समस्या लगभग हर घर में देखने को मिलती है, सुबह बनाया गया रायता दोपहर तक खट्टा हो जाता है. इसके साथ ही उसमें पानी भी अलग होने लगता है, जिससे उसका स्वाद और टेक्सचर दोनों खराब हो जाते हैं.

गर्म तापमान में दही में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया तेजी से सक्रिय हो जाते हैं. यही वजह है कि दही और उससे बने खाद्य पदार्थ जल्दी फर्मेंट होकर अधिक खट्टे होने लगते हैं. यदि आप चाहती हैं कि सुबह तैयार किया गया रायता लंच टाइम तक ताज़ा और स्वादिष्ट बना रहे, तो कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं.

ताजा और गाढ़े दही का करें इस्तेमाल

रायता बनाने के लिए हमेशा ताजा दही चुनें. अगर दही पहले से ही हल्का खट्टा है, तो गर्मी में उसका स्वाद और ज्यादा खट्टा हो सकता है. साथ ही, रायता बनाने से पहले दही को अच्छी तरह फेंट लें. गाढ़ा दही इस्तेमाल करने से रायता देर तक सही बना रहता है और पानी भी कम छोड़ता है.

नमक डालने में न करें जल्दबाजी

कई लोग रायता बनाते समय शुरुआत में ही नमक मिला देते हैं. लेकिन नमक दही से पानी निकालने की प्रक्रिया को तेज कर सकता है. यदि रायता कुछ घंटों बाद खाना है, तो उसमें नमक परोसने से ठीक पहले मिलाएं. इससे रायता का स्वाद और बनावट दोनों बेहतर बने रहेंगे.

सब्जियां और मसाले अलग रखें

खीरा, टमाटर, प्याज जैसी सब्जियां पानी छोड़ती हैं, जिससे रायता जल्दी पतला हो सकता है. अगर संभव हो तो कटी हुई सब्जियां और मसाले अलग रखें और खाने से कुछ समय पहले दही में मिलाएं. इससे रायता ज्यादा देर तक ताज़ा रहेगा.

फ्रिज में सही तरीके से रखें

रायता बनाने के बाद उसे कमरे के तापमान पर लंबे समय तक न छोड़ें. उपयोग के बाद तुरंत ढक्कन वाले बर्तन में भरकर फ्रिज में रख दें. ठंडा तापमान बैक्टीरिया की गतिविधि को धीमा करता है, जिससे रायता जल्दी खट्टा नहीं होता.

बर्फ का करें सीमित उपयोग

कुछ लोग रायते को ठंडा रखने के लिए उसमें सीधे बर्फ डाल देते हैं. इससे रायता पानीदार हो सकता है. बेहतर होगा कि परोसते समय बर्तन को कुछ देर के लिए फ्रिज में रखें या सर्विंग बाउल को पहले से ठंडा कर लें.

भुना जीरा और पुदीना बढ़ाएंगे स्वाद

रायते में भुना जीरा पाउडर, पुदीना या हरा धनिया डालने से उसका स्वाद और ताजगी बनी रहती है. हालांकि इन सामग्रियों को भी परोसने से कुछ समय पहले मिलाना बेहतर माना जाता है.