कमल वर्मा, ग्वालियर। शहर में स्ट्रीट डॉग्स (कुत्तों) के आतंक का मामला सामने आया हैं। जहां स्ट्रीट डॉग ने अब तक 12 लोगों को अपना निशाना बनाते हुए काट लिया। जब लोगों ने स्ट्रीट डॉग्स को पकड़वाने के लिए नगर निगम की टीम को बुलाकर उन्हें भिजवाना चाह तो डॉग लवर ने स्ट्रीट डॉग्स को अपने घर में बंद कर ले जाने से मना कर दिया। लोगों ने जब इसका विरोध किया तो इसी बात पर दोनों में विवाद हो गया। स्थानीय लोग और डॉग्स लवर्स आपस में भिड़ गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
निगम के धर-पकड़ अभियान में डॉग लवर बने बाधा
दरअसल ग्वालियर बहोड़ापुर थाना क्षेत्र 24 बीघा कॉलोनी इलाके के स्ट्रीट डॉग्स आए दिन स्थानीय लोगों को अपना निशाना बनाते हुए लोगों को काट रहे हैं। अब तक 12 स्थानीय लोगों को स्ट्रीट डॉग अपना निशाना बना चुके हैं। इनमें महिला, पुरुषों के अलावा बच्चे भी शामिल हैं। ऐसे में लोग बेहद परेशान हैं। यही वजह है कि शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने स्ट्रीट डॉग्स को पकड़वाने के लिए नगर निगम को सूचना देकर बुलवाया था। स्ट्रीट डॉग्स की धर-पकड़ के मद्देनजर एक स्थानीय महिला डॉग लवर ने कुछ डॉग्स को अपने घर में बंद कर दिया।
दोनों पक्षों ने थाने में की शिकायत
जब स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई और स्ट्रीट डॉग्स को घर से बाहर निकालने की मांग की, तो गुस्साई डॉग्स लवर ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मुंहवाद हुआ और बात मारपीट तक आ गई। इसी दौरान किसी ने घटना वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया है। अब यही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायती आवेदन दिया है। वहीं पुलिस का कहना हैं कि मामले की जांच की जा रही हैं। जांच में जो भी तत्व सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

