सुशीला देवी, गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम के अशोक विहार फेज-3 में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से पत्नी और बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

बीच-बचाव करने आए बेटे को भी मारी गोली
यह घटना रात करीब 11 बजे हुई। परिवार में चल रहे विवाद के दौरान अनिल तंवर और उसकी पत्नी आशा रानी के बीच कहासुनी हुई। शोर सुनकर बेटा प्रशांत बीच-बचाव के लिए पहुंचा, लेकिन आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और पत्नी व बेटे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्कूल प्रिंसिपल थीं मृतका
मृतका आशा रानी एक निजी स्कूल की प्रिंसिपल थीं, जबकि बेटा प्रशांत स्कूल के प्रबंधन में उनकी मदद करता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था।
वारदात में इस्तेमाल रिवॉल्वर और 14 कारतूस बरामद
घटनास्थल से पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर और 14 खाली कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

