Donald Trump Attack On Pope Leo XIV: ईरान युद्ध (Iran War) को लेकर अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईसाइयों के सबसे बड़े धर्म गुरु पोप लियो XIV के बीच विवाद बढ़ गया है। पहले पोप ने सर्वशक्तिमान होने के भ्रम के कारण अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध को बढ़ावा मिलने की बात कही थी। उनका निशाना डोनाल्ड ट्रंप पर था। अब पोप लियो पर डोनाल्ड ट्रंप ने गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें विदेश नीति और अपराध के मामलों में कमजोर बताया। ट्रंप ने कहा कि वो केवल रेडिकल लेफ्ट को खुश करने में लगे हैं, जिससे कैथोलिक चर्च को भारी नुकसान हो रहा है। ट्रंप ने उन पर भड़ास निकाली है और उनकी कड़ी आलोचना की है।

दरअसल पोपो लियो ने सेंट पीटर बेसिलिका में रविवार शाम प्रार्थना सभा के दौरान कहा था कि सर्वशक्तिमान होने के भ्रम के कारण अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं को शांति कायम करने के लिए मिलकर बातचीत करनी चाहिए।

इस बयान के बाद पोप लियो ट्रंप के निशाने पर आ गए हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कहा- पोप लियो अपराध के मामले में कमजोर हैं और विदेश नीति के लिहाज से तो बेहद खराब हैं। वो ट्रंप प्रशासन के “डर” की बात तो करते हैं, लेकिन कोविड के दौरान कैथोलिक चर्च और अन्य सभी ईसाई संगठनों के उस डर का जिक्र तक नहीं करते, जब चर्च में प्रार्थना सभाएं आयोजित करने पर, यहां तक कि बाहर जाकर दस-बीस फीट की दूरी बनाए रखने पर भी, पादरियों, मंत्रियों और अन्य सभी को गिरफ्तार किया जा रहा था।

मुझे उनका भाई लुई उनसे कहीं ज़्यादा पसंद

ट्रंप ने पोप लियो के भाई लुईस की तारीफ की और कहा कि मुझे उनका भाई लुई उनसे कहीं ज्यादा पसंद है, क्योंकि लुईस पूरी तरह से MAGA समर्थक हैं. उन्हें बात समझ आती है, पर लियो को नहीं! उन्होंने कहा कि मुझे ऐसा पोप नहीं चाहिए जो ईरान के पास परमाणु हथियार होने को जायज समझे। मुझे ऐसा पोप नहीं चाहिए जो यह सोचे कि अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर हमला करना भयानक था, जो भारी मात्रा में ड्रग्स, अपराधियों, ड्रग डीलरों को अमेरिका भेजने से कृत्यों में शामिल था। मुझे ऐसा पोप नहीं चाहिए जो संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति की आलोचना करे, क्योंकि मैं वही कर रहा हूं, जिसके लिए मुझे भारी बहुमत से चुना गया था- अपराध दर को रिकॉर्ड निचले स्तर पर लाना और इतिहास का सबसे बड़ा शेयर बाजार बनाना।

‘कट्टर वामपंथियों को खुश करना बंद करें पोप’

उन्होंने कहा कि लियो को पोप के रूप में अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए, सामान्य ज्ञान का इस्तेमाल करना चाहिए, कट्टर वामपंथियों को खुश करना बंद करना चाहिए और एक महान पोप बनने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, न कि एक राजनेता बनने पर। इससे उन्हें बहुत नुकसान हो रहा है और उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण बात ये है कि इससे कैथोलिक चर्च को भी नुकसान हो रहा है।

अगर मैं व्हाइट हाउस में न होता तो वे वेटिकन में न होते

पोप पर हमला जारी रखते हुए ट्रंप ने आगे कहा कि अगर मैं व्हाइट हाउस में न होता, तो लियो वेटिकन में न होते। दुर्भाग्य से, अपराध और परमाणु हथियारों के मामले में लियो की कमजोरी मुझे बिल्कुल भी रास नहीं आती और न ही यह बात कि वह डेविड एक्सलरोड जैसे ओबामा समर्थकों से मिलते हैं जो वामपंथी विचारधारा के एक ‘लूज़र’ (असफल व्यक्ति) हैं, और उन लोगों में से एक हैं जो चाहते थे कि चर्च जाने वालों और पादरियों को गिरफ्तार किया जाए। लियो को एक पोप के तौर पर अपनी भूमिका ठीक से निभानी चाहिए, सामान्य बुद्धि का इस्तेमाल करना चाहिए, कट्टरपंथियों, वामपंथियों को खुश करना बंद करना चाहिए और एक महान पोप बनने पर ध्यान देना चाहिए।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m