Lifestyle Desk- गर्मियों के मौसम में बाजारों में कच्चे आम यानी कैरी की बहार छा जाती है. नमक-मिर्च लगाकर खाई जाने वाली खट्टी कैरी, ठंडक देने वाला आम पन्ना, स्वाद बढ़ाने वाली चटनी और मसालेदार अचार—कच्चे आम के बिना गर्मी अधूरी सी लगती है. लेकिन कई लोगों के लिए यही स्वाद भी बन जाता है. कच्चा आम खाने, काटने या छीलने के बाद होंठों में खुजली, चेहरे पर लाल दाने, सूजन या छोटे-छोटे फफोले जैसी समस्या देखने को मिलती है.

डॉक्टरों के मुताबिक, यह समस्या आम के गूदे की वजह से नहीं बल्कि उसके छिलके, डंठल के पास निकलने वाले रस और चिपचिपे पदार्थ के कारण होती है. इनमें कुछ ऐसे रसायन पाए जाते हैं जो पॉइज़न आइवी नामक पौधे में मौजूद एलर्जेन जैसे होते हैं. यही कारण है कि कई लोगों को “एलर्जिक कॉन्टैक्ट डर्मेटाइटिस” की शिकायत हो जाती है.

विशेषज्ञ बताते हैं कि कच्चे आम के डंठल के पास सफेद चिपचिपा रस निकलता है. इस रस में मौजूद तत्व त्वचा के संपर्क में आते ही रिएक्शन पैदा कर सकते हैं. जिन लोगों की स्किन संवेदनशील होती है, उनमें यह असर ज्यादा दिखाई देता है. कई बार सिर्फ हाथ लगाने से भी चेहरे, होंठ या गर्दन पर खुजली और जलन शुरू हो जाती है.

क्या हैं इसके लक्षण?


एलर्जी होने पर त्वचा पर लाल चकत्ते, खुजली, सूजन, जलन और छोटे फफोले दिखाई दे सकते हैं. कुछ लोगों में होंठ सूजने या त्वचा छिलने जैसी परेशानी भी हो सकती है. अगर एलर्जी ज्यादा बढ़ जाए तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.

कैसे करें बचाव?

  1. डॉक्टर सलाह देते हैं कि कच्चे आम को काटने या छीलने से पहले अच्छी तरह धो लें. डंठल के पास का हिस्सा थोड़ा ज्यादा काटकर अलग कर दें ताकि चिपचिपा रस हट जाए.
  2. जिन लोगों को पहले से एलर्जी की समस्या है, वे आम छीलते समय दस्ताने पहन सकते हैं. आम काटने के बाद हाथ और चेहरा तुरंत धो लेना भी फायदेमंद माना जाता है.
  3. अगर कच्चा आम खाने के बाद बार-बार रिएक्शन हो रहा हो तो उसे सीधे खाने से बचें. ऐसे लोग आम पन्ना या अच्छी तरह पकाकर बनी चीजें सीमित मात्रा में ले सकते हैं, क्योंकि पकने या प्रोसेस होने के बाद कई बार एलर्जिक असर कम हो जाता है.

गर्मियों में कच्चा आम स्वाद और सेहत दोनों के लिए फायदेमंद माना जाता है. इसमें विटामिन C, एंटीऑक्सीडेंट और इलेक्ट्रोलाइट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर को लू और डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करते हैं. हालांकि, अगर इसे खाने के बाद त्वचा से जुड़ी कोई समस्या महसूस हो तो सावधानी बरतना जरूरी है. थोड़ा ध्यान रखकर आप बिना किसी परेशानी के कच्चे आम का पूरा मजा ले सकते हैं.