Lifestyle Desk – घर में दही जमाना भारतीय रसोई की पुरानी परंपरा है. अक्सर जब दही को कपड़े में छाना जाता है या गाढ़ा दही निकाल लिया जाता है, तो उसके बाद एक हल्का पीला-हरा पानी बच जाता है. ज्यादातर लोग इसे बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन वास्तव में यह पोषक तत्वों का खजाना होता है. दही के पानी में प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन बी और प्रोबायोटिक्स से भरपूर होता है. यह न केवल स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है, बल्कि किचन के कई कामों को भी आसान बना सकता है. आइए जानते हैं इसका किस तरह से इस्तेमाल किया जा सकता है.

शरीर को देता है एनर्जी और पोषण

दही के पानी में मौजूद प्रोटीन और इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर को तुरंत ऊर्जा देने में मदद करते हैं. गर्मियों में इसे हल्का नमक या भुना जीरा मिलाकर पीने से शरीर हाइड्रेट रहता है. यह पेट को ठंडक पहुंचाता है और पाचन तंत्र को भी मजबूत बनाता है. जिन लोगों को कमजोरी या डाइजेशन की समस्या रहती है, उनके लिए यह काफी लाभकारी माना जाता है.

आटा गूंधने में करें इस्तेमाल

अगर आप नरम और स्वादिष्ट रोटियां बनाना चाहते हैं, तो साधारण पानी की जगह दही के पानी से आटा गूंधें. इससे रोटियां ज्यादा मुलायम बनती हैं और उनमें हल्का खट्टापन स्वाद को और बेहतर बना देता है. इसके अलावा इसमें मौजूद पोषक तत्व खाने की गुणवत्ता भी बढ़ाते हैं.

चावल और दाल का स्वाद बढ़ाए

दाल या चावल पकाते समय उसमें थोड़ा दही का पानी डालने से स्वाद अलग और बेहतर हो जाता है. खासकर खिचड़ी या कढ़ी जैसी डिश में इसका उपयोग स्वाद को बढ़ाने के साथ-साथ पोषण भी देता है. कई लोग इसे सूप और करी में भी मिलाते हैं.

स्मूदी और शेक में करें शामिल

फिटनेस पसंद करने वाले लोग दही के पानी को स्मूदी, प्रोटीन शेक या छाछ में मिलाकर पी सकते हैं. इससे ड्रिंक का न्यूट्रिशन बढ़ जाता है. इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स पेट के अच्छे बैक्टीरिया को मजबूत करते हैं, जिससे इम्यूनिटी बेहतर होती है.

पौधों के लिए भी फायदेमंद

दही का पानी सिर्फ खाने तक सीमित नहीं है. इसे पानी में मिलाकर पौधों में डालने से मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होती है. इसमें मौजूद मिनरल्स पौधों की ग्रोथ में मदद करते हैं. हालांकि इसका इस्तेमाल सीमित मात्रा में ही करना चाहिए.

त्वचा की देखभाल में उपयोगी

दही के पानी को फेस पैक में मिलाकर लगाने से त्वचा को ठंडक मिलती है और स्किन हाइड्रेट रहती है. इसमें मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा को साफ और मुलायम बनाने में मदद करता है. गर्मियों में इसे कॉटन की मदद से चेहरे पर लगाने से ताजगी महसूस होती है.

फेंकने से पहले सोचें

अक्सर छोटी-छोटी चीजें ही बड़े फायदे छिपाए होती हैं. दही का पानी भी उन्हीं में से एक है. अगली बार जब दही से पानी अलग हो, तो उसे बेकार समझकर फेंकने की बजाय इन आसान तरीकों से इस्तेमाल करें. इससे न केवल आपकी सेहत को फायदा मिलेगा, बल्कि रोजमर्रा की कुकिंग भी ज्यादा हेल्दी और स्वादिष्ट बन जाएगी.