प्रतिक पटनायक, धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी से बड़ी खबर सामने आई है, जहां इलाज के नाम पर मरीज से दोहरी वसूली का सनसनीखेज आरोप लगा है। शहर के सिविल लाइन स्थित शिवनंदा अस्पताल पर आरोप है कि आयुष्मान कार्ड से मुफ्त इलाज का भरोसा देकर मरीज से 60 हजार रुपये नगद भी ले लिए गए और आयुष्मान कार्ड से भी करीब 66 हजार रुपये काट लिए गए। मामले को लगातार मीडिया में उठाए जाने के बाद अब जिला प्रशासन हरकत में आया है। कलेक्टर ने जांच के लिए टीम गठित कर दी है, तो वहीं भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और धमतरी की पूर्व विधायक रंजना साहू ने भी कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

पीड़ित ने कलेक्टर ऑफिस में की शिकायत

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले हरिश्चंद्र देवांगन, जो पेशे से सिविल इंजीनियर हैं, उन्होंने कलेक्टर दफ्तर में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में उन्होंने साफ कहा था कि वह शिवनंदा अस्पताल में इलाज कराने गए थे। उन्हें आयुष्मान कार्ड से इलाज होने का भरोसा दिया गया, लेकिन बाद में उनसे 60 हजार रुपये कैश ले लिए गए, वहीं आयुष्मान कार्ड से भी करीब 66 हजार रुपये काट लिए गए।

आयुष्मान भारत योजना सरकार की सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाओं में से एक है, जिसका मकसद गरीब और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त इलाज देना है। ऐसे में अगर आयुष्मान के नाम पर मरीज से नगद वसूली होती है, तो यह सीधे-सीधे योजना के साथ धोखा है।

रंजना साहू ने की कार्रवाई की मांग

इस मामले में भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड से मुफ्त इलाज सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। अगर इलाज का भरोसा देकर कैश लिया गया है, तो यह गंभीर मामला है और निश्चित ही कार्रवाई होनी चाहिए।

जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

बहरहाल, कलेक्टर के संज्ञान लेने के बाद अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। सवाल बड़ा है कि क्या आयुष्मान जैसी जनकल्याणकारी योजना में सेंध लगाने वालों पर गाज गिरेगी या फिर जांच भी फाइलों में दबकर रह जाएगी? यह देखने वाली बात होगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H