सोहराब आलम, मोतिहारी। पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में भैंस नहलाने के दौरान गिरे पानी को लेकर उत्पन्न हुए विवाद खूनी रूप ले लिया। इस घटना में चाकू लगने से महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान मदीना खातून (40) और जमी अख्तर (36) के रूप में हुई है। वहीं, घायल शख्स की पहचान मसीह अख्तर के रूप हुई है, जिसका पताही सीएचसी में गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।

बुधवार की सुबह हुआ था झगड़ा

घटना के संबंध में मृतक की भाभी नगमा खातून ने बताया कि हम लोगों के पास अपनी जमीन नहीं है। हम लोग डाकबाबू की जमीन पर बसे हुए हैं। कल बुधवार की सुबह में मेरे भसुर महीस अख्तर सड़क पर भैंस को नहला रहे थे। भैंस को नहलाने के दौरान पानी अनिल सिंह की तरफ जा रहा था। इसी बात को लेकर अनिल सिंह वहां आया और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद कहा कि यहां पाइप लगा लो, विवाद खत्म हो जाएगा। इसके बाद सभी लोग अपने-अपने घर चले गए।

विवाद ने शाम में लिया खूनी रूप

नगमा खातून ने बताया कि शाम में जब हम घास लेकर वापस आए तो देखा कि अनिल सिंह कई लोगों को लेकर खड़ा था। हमने उससे पूछा कि क्या हुआ है, तो अनिल सिंह ने कहा कि उसने (मसीह अख्तर) मेरा गला पकड़कर पटक दिया है। इस पर हमने कहा कि पहले तो आप ही उसके साथ उलझे थे। इतना कहकर हम घास लेकर घर की तरफ चले गए। अभी हम घर की तरफ जा ही रहे थे कि अचानक हल्ला हुआ कि अनिल सिंह ने चाकू मार दिया है। हल्ला सुनकर हम लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि मेरे देवर, भसुर और देवरानी खून से लथपथ पड़े हुए थे।

जमी अख्तर और मदीना खातून की मौत

इसके बाद हम लोग आनन-फानन में सभी को उठाकर अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक देवर 36 वर्षीय जमी अख्तर और देवरानी 40 वर्षीय मदीना खातून की मौत हो गई थी। वहीं, भसुर महीस अख्तर का इलाज पताही सीएचसी में चल रहा है। उनकी भी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि जमी अख्तर अपने घर का अकेला कमाने वाला था। वह मजदूरी करने के साथ ही प्लाई फैक्ट्री में काम कर अपने परिवार का खर्च चलाता था और अपने तीनों बच्चों को पढ़ा रहा था। जमी अख्तर की मौत के बाद अब परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। पत्नी और तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों में पसरा मातम

वहीं, मदीना खातून के पांच बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि मदीना के पति प्लाई फैक्ट्री में काम करते हैं, जबकि मदीना घर पर रहकर बच्चों की देखभाल करती थी। वह अपने पांचों बच्चों की परवरिश करने के साथ उन्हें अच्छी शिक्षा देने में जुटी थी। मदीना की मौत के बाद उसके परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही पकड़ीदयाल के प्रभारी डीएसपी अभिषेक कुमार पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

ये भी पढ़ें- सहरसा में चोरी के दो मामलों में तीन गिरफ्तार, घर से चुराये हुए जेवरात बरामद