जुबैर अंसारी/सुपौल। भीमनगर थाना क्षेत्र के दीनबंधी पंचायत के वार्ड संख्या 3 में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। दहेज लोभियों की प्रताड़ना के चलते महज 25 वर्षीय विवाहिता शाजिदा अंजुम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से ही मृतिका के ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हैं।

​दहेज के लिए लंबे समय से जारी थी प्रताड़ना

मृतिका के पिता मो. मुस्तफा के अनुसार, शाजिदा की शादी वर्ष 2021 में दीनबंधी निवासी अमरुल कैश के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति अमरुल कैश ने दहेज की मांग को लेकर शाजिदा को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी उसके साथ इतनी बेरहमी से मारपीट की गई थी कि उसके हाथ की हड्डी टूट गई थी, जिसमें वर्तमान में भी स्टील लगा हुआ है।

​शादी समारोह में विवाद के बाद मौत

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को शाजिदा के ससुराल में उसकी ननद की शादी थी। इस दौरान शाजिदा के पास नए कपड़े नहीं थे, जिसके कारण उसने रंग लगाने से मना कर दिया था। ननद द्वारा जबरन रंग लगाने के बाद शाजिदा कमरे में जाकर सो गई। आरोप है कि उसके सो जाने के बाद सास, ससुर और पति ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद अगले दिन गुरुवार को शाजिदा का शव संदिग्ध अवस्था में घर के अंदर मिला।

​पुलिस की जांच और ससुराल पक्ष की भूमिका

सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर राजेश कुमार चौधरी और भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां का दृश्य भयावह था शव पलंग पर पड़ा था और छत के कुंडे (धरेन) से एक बैंगनी दुपट्टा लटका हुआ था। घर का मुख्य दरवाजा खुला था और ससुराल के सभी सदस्य मौके से फरार हो गए थे।
​पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मृतिका अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गई है जिसमें एक बच्चा मात्र चार महीने का है। पुलिस को अभी लिखित शिकायत का इंतजार है, जिसके मिलते ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और ग्रामीणों ने दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।