रायपुर। फिल्म रामायण के बहुप्रतीक्षित म्यूजिकल कैंपेन की शुरुआत ‘जय जय राम’ से हो गई है। एआर रहमान के संगीत, अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की आवाज तथा डॉ. कुमार विश्वास के शब्दों से सजे इस गीत ने रिलीज के साथ ही संगीत और सिनेमा जगत में चर्चा बटोरनी शुरू कर दी है। नितेश तिवारी निर्देशित इस महत्त्वाकांक्षी फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और सनी देओल जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
इस गीत को लिखने वाले देश के जाने-माने कवि डॉ. कुमार विश्वास ने मीडिया से बातचीत में कहा, “‘जय जय राम’ तीन सरल शब्द हैं, लेकिन इनके भीतर एक संपूर्ण प्रार्थना समाहित है। इसे लिखते समय मेरा प्रयास श्रीराम का वर्णन करना नहीं था, क्योंकि श्रीराम को शब्दों में बाँधा ही नहीं जा सकता। मेरा प्रयास उस संबंध को अभिव्यक्त करना था, जो प्रत्येक भक्त अपने राम के साथ अनुभव करता है। यह संबंध भक्त और भगवान के बीच, विशेषकर श्रीराम के विषय में एक मार्गदर्शक और आत्मबल को बढ़ाने की शक्ति देने वाले एक आदर्श के रूप में रहता है।”
उन्होंने आगे कहा कि गीत की भाषा को जानबूझकर सहज और सीधा रखा गया है, क्योंकि सच्ची भक्ति को किसी विशेष शब्द संयोजन की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने कहा कि श्रोता इसे केवल सुनें नहीं, बल्कि इसके भीतर अपनी स्वयं की प्रार्थना भी खोज सकें।
बता दें कि ‘जय जय राम’ के साथ डॉ. कुमार विश्वास का फिल्मी संगीत की दुनिया में प्रभाव एक बार फिर रेखांकित हुआ है। इससे पहले वह मिशन रानीगंज के चर्चित गीत ‘जीतेंगे’ के गीतकार के रूप में भी अपनी पहचान बना चुके हैं।
इसी बीच मुंबई के फिल्म और संगीत जगत में डॉ. कुमार विश्वास की मांग लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है। रामायण जैसे ग्लोबल प्रोजेक्ट से जुड़ने के बाद उनके पास फिल्मों से जुड़े नए प्रस्ताव भी लगातार आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, वह इन दिनों बॉलीवुड की दो अन्य बड़ी फिल्मों के लिए भी गीत और संवाद लेखन पर काम कर रहे हैं। यानी आने वाले समय में बड़े पर्दे पर उनकी लेखनी से निकले शब्दों के कई और रूप दर्शकों तक पहुँचने वाले हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



