MP Morning News: संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में आज मंगलवार को डॉ मोहन कैबिनेट की बैठक होगी। जिसमें कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी मिलेगी। वहीं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे सामाजिक सुरक्षा पेंशन और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों को राशि भी ट्रांसफर करेंगे।
CM के आज के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 10:30 बजे लोक भवन पहुंचेंगे। सुबह 10:55 बजे मंत्रालय जाएंगे। सुबह 11:15 बजे कैबिनेट बैठक में शामिल होंगे। दोपहर 01:00 बजे राज्य वन्य प्राणी बोर्ड की 32वीं बैठक में भी शामिल होंगे। दोपहर 02:00 बजे सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों को सिंगल क्लिक से राशि अंतरण करेंगे। इसके बाद राजधानी भोपाल में दोपहर 02:25 बजे बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअली जुड़ेंगे।
डॉ मोहन कैबिनेट की बैठक आज
मंत्रालय में आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक होगी। जिसमें कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगेगी। 1758 करोड़ रुपये की लागत से 4-लेन बनेगा भोपाल-विदिशा रोड, कैबिनेट में स्वीकृति के लिए प्रस्ताव रखा जाएगा। उद्योग-व्यापार-पर्यटन एमपी के ग्रोथ इंजन बनेंगे। कुल लागत 1,757 करोड़ 55 लाख है। 44.83 किलोमीटर 2-लेन को पेव्ड शोल्डर समेत 4-लेन किया जाएगा। आज कैबिनेट में प्रस्ताव रखा जाएगा। भोपाल के भानपुर टी-जंक्शन से सूखी सेवनिया, दीवानगंज और सलामतपुर होते हुए एनएच-146 के सांची-सलामतपुर जंक्शन तक जाता है। परियोजना में कुल 8.25 किलोमीटर लंबाई के तीन बायपास, 1.80 किलोमीटर लंबा सूखी सेवनिया बायपास, 1.35 किलोमीटर लंबा बेरखेड़ी बायपास और 5.10 किलोमीटर लंबा सलामतपुर बायपास प्रस्तावित है।
कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक आज
दतिया उपचुनाव में जीत के बाद कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की पहली बैठक होगी। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में कमलनाथ, दिग्विजय, उमंग सिंघार, सज्जन सिंह वर्मा, ओमकार सिंह मरकाम, नकुलनाथ समेत कई दिग्गज शामिल होंगे। इस मीटिंग में प्रदेश में चल रहे राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होगी। संगठन सृजन के माध्यम से कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए चर्चा होगी। दतिया उपचुनाव की जीत पर भी चर्चा होगी। इसी तरह का माहौल कांग्रेस के पक्ष में बना रहे है, इसको लेकर बात होगी।
UCC के खिलाफ सड़क पर उतरेगा मुस्लिम समाज
UCC को लेकर एमपी में आंदोलन होगा। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद की मुस्लिम धर्म गुरुओं के साथ सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। जिसमें कहा कि आर्टिकल 29 मुस्लिम वर्ग को रिफ्लेक्ट कर रहा है। 16 से 20 अगस्त तक राज्यपाल, राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन देंगे। हर जिले में 21 महिलाओं का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर से मिलेंगी। अगले चरण में दूसरी कम्यूनिटी से बातचीत करेंगे। दूसरी कम्यूनिटी को आंदोलन से जोड़ा जाएगा। कोर्ट जाने की तैयारी भी चल रही है। मुस्लिमों के अधिकार को छीना जा रहा है। सभी मुस्लिम संगठन समेत सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर आंदोलन चलेगा।
बारिश-बाढ़ को लेकर कंट्रोल रूम
नगरीय प्रशासन विभाग ने बारिश और बाढ़ को लेकर राज्य, संभाग और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया है। नगरीय निकाय, मौसम विभाग से समन्वय और त्वरित राहत सुनिश्चित करेंगे। परियोजना अधिकारी, जिला स्तरीय प्रभारी होंगे। प्रभावित नागरिकों के सुरक्षित विस्थापन और भोजन, शुद्ध पेयजल एवं चिकित्सा जैसी मूलभूत जीवनरक्षक सुविधाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।
भोपाल में बारिश के चलते स्कूलों में छुट्टी
भोपाल में भारी बारिश के चलते आज भी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। कलेक्टर ने कल भी स्कूलों की छुट्टी का आदेश जारी किया था। आज नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे। यह आदेश सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के लिए है।
एमपी में मनेगा ‘श्रीकृष्ण पर्व’
29 अगस्त से 6 सितंबर तक प्रदेश में ‘श्रीकृष्ण पर्व’ मनेगा। 29 अगस्त से 4 सितंबर तक रविन्द्र भवन में सात दिवसीय श्री रासलीला समारोह होगा। प्रदेश के 101 स्थानों पर श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आयोजन में स्कूल शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग और नगरीय निकायों को भी शामिल करने के निर्देश दिए है। प्रदेशभर में भक्ति, संस्कृति और परंपरा से जुड़े विशेष आयोजन होंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


