० सड़क पार करा रही थी मां, रुकने का इशारा भी नहीं देखा चालक ने; राहगीरों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया
फरीदाबाद। मोबाइल फोन पर बात करते हुए लापरवाही से बस चला रहे चालक की चूक ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पल्ला थाना क्षेत्र में सड़क पार कर रही छह वर्षीय मासूम काव्या को निजी बस ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से मथुरा के झरौटा गांव निवासी महेश कुमार का परिवार वर्तमान में सेहतपुर की सरस्वती कॉलोनी में रहता है। शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे महेश की पत्नी नीलम अपने छह वर्षीय बेटी काव्या और आठ वर्षीय बेटे का हाथ पकड़कर रिश्तेदार के घर जा रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार निजी बस ने काव्या को अपनी चपेट में ले लिया।
परिजनों का आरोप है कि बस चालक मोबाइल पर बात कर रहा था। नीलम ने हाथ उठाकर बस रोकने का इशारा भी किया, लेकिन चालक ने ध्यान नहीं दिया और बस मासूम के ऊपर चढ़ गई।
हादसे के बाद चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन राहगीरों ने उसे पकड़कर डायल-112 पुलिस के हवाले कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने चालक को थाने से छोड़ दिया, जिसके विरोध में उन्होंने पल्ला थाने पहुंचकर नाराजगी जताई।
हालांकि, पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय वह मोबाइल पर बात कर रहा था या नहीं।
“बेटी से पूरा हुआ था परिवार”
मासूम काव्या के पिता महेश कुमार ने बताया कि पहले उनके घर बेटे का जन्म हुआ था और दो वर्ष बाद काव्या आई थी। परिवार के लोगों ने एक और बच्चे की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया था कि “बेटी के आने से हमारा परिवार पूरा हो गया है।” काव्या पास के एक स्कूल में एलकेजी की छात्रा थी। उसकी मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है।
इस मामले में डीसीपी ट्रैफिक जयबीर राठी ने कहा कि जांच की जा रही है कि चालक हादसे के समय मोबाइल पर बात कर रहा था या नहीं। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न केवल चालक बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है और ऐसे मामलों में ट्रैफिक पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है।

