रूस के ब्लैक सी तट पर गेलेंदझिक के पास रविवार को एक बीच पर बहुत बड़ा ड्रोन हमला हुआ. आर्किपो-ओसिपोव्का बीच पर ड्रोन गिरने से 3 बच्चों सहित 7 लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए. क्रास्नोदार क्षेत्र के गवर्नर वेनियामिन कोंद्रात्येव ने कहा कि यूक्रेन ने जानबूझकर आम नागरिकों पर हमला किया है. यूक्रेन की ओर से अभी तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की गयी है.
रूस के काले सागर के पास स्थित लोकप्रिय पर्यटक शहर गेलेंद्झिक के आर्किपो-ओसिपोव्का इलाके में एक बीच पर ड्रोन गिरने से बड़ा हादसा हुआ है.
दक्षिणी रूस के एक भीड़-भाड़ वाले बीच पर ड्रोन गिरने से तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई है. यह बीच गर्मियों की छुट्टियों में रूसी पर्यटकों के बीच बहुत लोकप्रिय है और जिस समय यह हमला हुआ, उस वक्त बीच पर काफी भीड़ थी. घायलों की कुल संख्या 40 हो गई है और 17 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यह हमला जिस इलाके के पास हुआ है, वह कथित तौर पर एक आलीशान परिसर पुतिन पैलेस के लिए भी काफी चर्चा में रहा है. यह परिसर रूस के दिवंगत विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की भ्रष्टाचार विरोधी संस्था की जांच के बाद चर्चा में आया था.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके से ठीक पहले मशीन-गन जैसी गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी थी. लोगों को संभलने या बीच खाली करने का मौका तक नहीं मिला.
सूत्रों के अनुसार, एक पर्यटक ने बताया कि बीच पर मौजूद लोगों को वहां से निकलने का मौका तक नहीं मिला और धमाका हो गया. एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि विस्फोट उनके बच्चों के सामने हुआ. रूस ने इस हमले के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया है.
यूक्रेन की सेना या कीव सरकार की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है और न ही हमले की जिम्मेदारी ली गई है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


