कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नशेड़ियों की दबंगई का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। घर के बाहर नशा कर हंगामा करने से रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि आधी रात को बदमाशों की टोली पत्थर और तमंचे लेकर लौटी, घर के बाहर खड़ी कार में जमकर तोड़फोड़ की और दहशत फैलाने के लिए हवा में फायरिंग कर फरार हो गई। पूरी वारदात कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
नशे में हंगामा करने से रोकने पर दबंगों ने बदला लेने का बनाया प्लान
दरअसल मामला ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र की प्रोफेसर कॉलोनी, शिवाजी नगर का है। पीड़ित रोहित सोनी, जो पेशे से जमीन कारोबारी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि छोटू बाल्मीकि और उसके साथी उनके घर के बाहर नशे की हालत में हंगामा कर रहे थे। जब उन्होंने विरोध कर वहां से जाने के लिए कहा तो आरोपी उस समय तो चले गए, लेकिन इसे अपनी बेइज्जती मानकर बदला लेने की ठान ली।
पत्थर और तमंचे लेकर वापस पहुंचे दबंग
देर रात करीब 7 से 8 बदमाश पत्थर और तमंचे लेकर वापस पहुंचे। घर के बाहर खड़ी कार पर पत्थर बरसाकर उसके शीशे तोड़ दिए। इसके बाद आरोपियों ने तमंचे से हवा में फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी और धमकी दी कि दोबारा रोका तो अंजाम इससे भी बुरा होगा।पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें मुख्य आरोपी छोटू बाल्मीकि साफ दिखाई दे रहा है।
फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पीड़ित ने थाटीपुर थानामें शिकायत दर्ज कराई। नामजद आरोपी छोटू बाल्मीकि और उसके अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

