० साहिबगंज के विशनपुर गांव में सनसनी, बेटी की सूझबूझ से बची मां की जान; आरोपी फरार

साहिबगंज। झारखंड के साहिबगंज जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। रांगा थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव में एक शराबी पिता ने अपने 22 वर्षीय इकलौते बेटे की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पत्नी की भी हत्या करने जा रहा था, लेकिन बेटी के शोर मचाने पर वह मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, घटना से एक दिन पहले आरोपी मुजाहिरूल का बेटे सफीकुल से विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर छोड़कर चला गया। रविवार देर रात शराब के नशे में लौटे मुजाहिरूल ने घर में सो रहे सफीकुल पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन और ग्रामीण पहले केंदुआ के अस्पताल, फिर बरहड़वा सीएचसी और बाद में फरक्का ले गए, लेकिन हालत बिगड़ने पर जंगीपुर रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।

बेटी की सतर्कता से बची मां की जान
घटना के बाद आरोपी कुल्हाड़ी लेकर अपनी पत्नी पर हमला करने बढ़ा, लेकिन बेटी की सतर्कता से उसकी जान बच गई। शोर सुनते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

सोमवार सुबह सूचना मिलने पर रांगा थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

नशे की हालत में अक्सर करता था विवाद
ग्रामीणों के मुताबिक, मुजाहिरूल शराब का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर में विवाद करता था। बेटा और पत्नी उसके शराब पीने का विरोध करते थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया।

रांगा थाना प्रभारी अखिलेश यादव ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।