Bihar Crime: बिहार के बक्सर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी कहासुनी को लेकर हुए विवाद में शराबी पति अपनी ही पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना रविवार कल सुबह की बताई जा रही है, जबकि पूरा मामला इटाढ़ी थाना क्षेत्र के मदन डेहरा गांव का है। इस घटना ने इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया।

घटना का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि जिस वक्त महिला की पीट-पीटकर हत्या की गई, उस समय उसके दो मासूम बच्चे डरे-सहमे इस घटना को देख रहे थे। मृतका की पहचान सोनम कुमार (32) के रूप में हुई है। आरोपी पति सोने लाल यादव पेंटिंग का काम करता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने दो भाइयों से अलग पत्नी और बच्चों के साथ गांव के घर में रहता था।

स्थानीय लोगों के अनुसार सोने लाल यादव को शराब पीने की आदत थी, जिसे अक्सर पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। बीते शनिवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें सोने लाल ने अपनी पत्नी की पिटाई की थी। इसे लेकर रविवार की सुबह भी दोनों में फिर से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि सोने लाल ने सोनम की डंडे से बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और घर में ही उसने अपना दम तोड़ दिया।

पत्नी की मौत के बाद आरोपी पति मौके से भागने के फिराक में था, लेकिन गांव के लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाल कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतका सोनम देवी को 4 साल का बेटा और तीन साल की एक बेटी है, जिनकी मां की मौत के बाद से रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों की हालत देख गांव के लोग भी भावुक हो उठे।

ये भी पढ़ें- भागलपुर में बड़ा हादसा: कोसी नदी में नहाने गए 5 दोस्तों में से 3 की डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम