कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नकली सोने के सिक्के दिखाकर असली ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक ही परिवार के 4 लोग इस गोरखधंधा को चला रहे थे। उन्होंने खुद को मजदूर बताकर किलो के भाव में सोने के सिक्के देने का जाल बुना और डॉक्टर समेत कई लोगों को फंसा लिया और करोड़ों रुपए ऐंठ लिए।
डेढ़ करोड़ कैश बरामद
दरअसल, जबलपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इन जालसाजों ने लोगों को नकली सोने के सिक्के थमाकर करोड़ों की ठगी की थी। आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 55 लाख रुपए नगद बरामद हुए हैं। साथ ही उनके कब्जे से 20 किलो सोने के नकली सिक्के भी मिले हैं।
यह भी पढ़ें: अंडरगारमेंट चोर का आतंक: सोना-चांदी छोड़ घर से चुराए चड्डी, Viral Video देख फटी रह जाएंगी आखें
परिवार के साथ चला रहा था गोरखधंधा
पन्नालाल राठौर नाम का जालसाज अपनी पत्नी रानमा देवी, बेटे धर्मेंद्र और वीरेंद्र के साथ मिलकर गोरखधंधा चलाता था। सभी ने खुद को मजदूर बता कर खुदाई के दौरान जमीन के नीचे सोना मिलने का झांसा देकर डॉक्टर सहित कई लोगों को शिकार बनाकर ठगी की थी। सभी आरोपी हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ के रहने वाले हैं।
मशहूर डॉक्टर सहित कई लोगों को बनाया शिकार
इस घटना का खुलासा होने पर पुलिस के भी होश फाख्ता हो गए। एक ही परिवार के चार सदस्य मिलकर ठगी का गिरोह चलाते थे। जालसाजी के खेल में इस्तेमाल किए जाने वाला 84 ग्राम असली सोना भी जब्त हुआ है। जबलपुर के मशहूर डॉक्टर सहित कई लोगों को आरोपियों ने शिकार बनाया।
यह भी पढ़ें: जनादेश न मिलने पर इस्तीफा देंगे सबसे अमीर MLA! 51 प्रतिशत लोगों के हाथ में संजय पाठक की विधायकी, हनुमान जी की कसम खाकर किया ये ऐलान
भरोसा जीतने ग्राहकों को दिखाते थे असली सैंपल
अपने ग्राहकों का भरोसा जीतने के लिए पहले सैंपल के रूप में आरोपी सोने के असली सिक्के दिखाया करते थे। किलो के भाव सोना बेचने की डील कर आरोपियों ने जबलपुर में एक करोड़ 60 लाख की ठगी की थी। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। गिरोह में कई और लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

