अजयारविंद नामदेव, शहडोल।जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। एसपी बंगला के पास उस वक्त हंगामा मच गया जब एक निलंबित पुलिसकर्मी को महिला चाट संचालिका ने सरेआम पीट दिया। दरअसल वह नशे में धुत होकर महिला से अभद्रता कर रहा था। इस घटना का घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के राजेंद्र टॉकीज के पास का है।
जानकारी के मुताबिक, निलंबित पुलिसकर्मी रिंकू सिंह शराब के नशे में धुत होकर सड़क पर हंगामा कर रहा था और राहगीरों को परेशान कर रहा था। आरोप है कि उसने पास में चाट का ठेला लगाने वाली महिला से भी अभद्रता की, जिसके बाद महिला ने हिम्मत दिखाते हुए उसकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो चुका है।
बताया जा रहा है कि रिंकू सिंह पहले भी विवादों में रह चुका है और पुलिस लाइन में फायरिंग के मामले में उसे निलंबित किया गया था। इसके बावजूद वह खुलेआम शराब के नशे में उत्पात मचाते नजर आ रहा है, जिससे पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
सूचना मिलते ही शहडोल पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे उसे अपने साथ ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। गौरतलब है कि जिले में बीच सड़क मारपीट और हंगामे की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चिंता खड़ी करती हैं।

