अम्बाला, (अनिल शर्मा)। जिले के दुखेड़ी गांव में बुधवार को दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब एक युवक को गोली मार दी गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की पहचान केशव के रूप में हुई है।
गोली उसके पेट में लगी, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अंबाला-दिल्ली हाईवे स्थित आदेश अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एमएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सदोपुर रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन किया।फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चला आ रहा था। इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झड़प हो चुकी थी, जिसे ग्रामीणों और अन्य लोगों ने शांत करा दिया था। लेकिन बुधवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद अचानक हिंसक हो उठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कहासुनी के दौरान एक पक्ष के व्यक्ति ने अचानक हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। चली गोली सीधे केशव के पेट में लगी, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। परिजन और ग्रामीण घायल युवक को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे गांव को सुरक्षा घेरे में ले लिया। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से एक गोली का खोल बरामद किया, जिसे कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल युवक और हमलावर आपस में दूर के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी लगातार जारी है।

पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
- नक्सल मुक्त होने के बाद मोहला-मानपुर में पहली बार हुई आईजी की रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक, बेहतर पुलिसिंग और नवाचारों पर हुआ मंथन, अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
- श्रावण में काशीवासियों के लिए अलग दर्शन मार्ग बनेगा, जल जीवन मिशन और सुरक्षा व्यवस्था पर सीएम योगी के सख्त निर्देश
- रायपुर पहुंचे कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर, धर्मांतरण पर बोले- मंदिरों का सनातन बोर्ड बने तो इस पर लगेगी रोक, ‘नो तिलक, नो एंट्री’ का किया समर्थन
- केन्द्रीय गृह मंत्री शाह की मौजूदगी में ऐतिहासिक समझौता, महाराष्ट्र-गुजरात-राजस्थान-एमपी के बीच सुलझा सरदार सरोवर डैम का दशकों पुराना मुद्दा
- पुलिस विभाग को मिलेंगे नए अधिकारी, सूबेदार और SI भर्ती का फाइनल रिजल्ट घोषित, 8 साल बाद पूरी हुई प्रक्रिया

