सोहराब आलम/मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के डुमरियाघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। एनएच-27 स्थित नरसिंह बाबा मंदिर के समीप से पुलिस ने 10.54 किलोग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
कार में छिपाकर ले जा रहे थे खेप
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप तस्करी के जरिए ले जाई जा रही है। इसी आधार पर डुमरियाघाट थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनएच-27 पर घेराबंदी की। जांच के दौरान, पुलिस ने एक उजले रंग की अर्टिगा कार को रुकने का इशारा किया। वाहन की गहन तलाशी लेने पर पुलिस को कार में विशेष तरीके से छुपाकर रखा गया 10.54 किलो अफीम जैसा नशीला पदार्थ मिला।
मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस
मौके से पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया जिनमें झारखंड के चतरा निवासी साजन कुमार यादव और मुन्ना कुमार यादव के साथ ही गया निवासी अनुज कुमार साव शामिल थे। पकड़े गए तस्करों से हुई पूछताछ के बाद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क के मुख्य सप्लायर जितेंद्र चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया, जो गोविंदगंज थाना क्षेत्र के सरैया खास का रहने वाला है।
मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज
पुलिस की इस कार्रवाई से ड्रग माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे डिलीवर करना था इस संबंध में गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह के तार अन्य जिलों और पड़ोसी राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

