अतीश दीपंकर/भागलपुर। जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर एक सड़क दुर्घटना घटी। यहां शराब फैक्ट्री के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने रजौन की ओर से आ रहे एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 14 वर्षीय एक किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
मृतक किशोर की पहचान बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के धनसार गांव निवासी विजय यादव के 14 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार यादव के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सूरज ऑटो में सवार होकर रजौन से जगदीशपुर की ओर आ रहा था। तभी रास्ते में ट्रक ने ऑटो में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सूरज को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जगदीशपुर ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने उसे अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि अत्यधिक चोट लगने के कारण उसकी रास्ते में ही मृत्यु हो गई थी।
परिवार में मचा कोहराम
इस घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में स्वजन जगदीशपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। बेटे का शव देखते ही पिता विजय यादव और अन्य स्वजनों की चीखें निकल पड़ीं। परिजनों के अनुसार सूरज घर से कुछ जरूरी सामान लेने के लिए जगदीशपुर निकला था लेकिन किसे पता था कि यह उसकी आखिरी यात्रा होगी। सूरज चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था जिसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जानकारी देते हुए एसआई अमन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही, घटना की जानकारी रजौन थाना को भी दे दी गई है। पुलिस ने ट्रक को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। इस घटना से क्षेत्र में मातम का माहौल है।

