परवेज खान,यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर स्थित छछरौली में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब मिट्टी से लदा एक तेज रफ्तार डंपर तिकोनी मोड़ पर बेकाबू होकर पलट गया। इस भयानक हादसे में डंपर ने छछरौली सिविल अस्पताल की बाउंड्री वॉल को ढहा दिया और किनारे रखे कई खोखों को पूरी तरह चकनाचूर कर दिया।

डंपर चालकों की होड़ ने ली अस्पताल की दीवार

बता दें कि छछरौली का तिकोनी मोड़ अक्सर व्यस्त रहता है, लेकिन रविवार को यहां डंपर चालकों के बीच आगे निकलने की खतरनाक होड़ लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि मोड़ काटते समय ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और डंपर सीधे अस्पताल की दीवार और गरीब दुकानदारों के खोखों पर जा गिरा। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, वहां कोई राहगीर या मरीज मौजूद नहीं था, वरना कई लाशें बिछ सकती थीं।

मलबे में तब्दील हुई दुकानें, पीड़ितों ने लगाई गुहार

गौरतलब है कि इस हादसे में स्थानीय गरीब दुकानदारों का भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित इंद्रजीत ने बताया कि उनकी रेहड़ी और फड़ी ही उनके घर का चूल्हा जलाती थी, जो अब मलबे के ढेर में बदल चुकी है। पीड़ितों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि डंपर मालिक से उनके नुकसान की भरपाई करवाई जाए। इलाके में डंपरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।

प्रशासन का एक्शन: जेसीबी से हटाया गया मलबा

हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आनन-फानन में जेसीबी मशीन बुलवाई गई। घंटों की मशक्कत के बाद डंपर को सीधा कर सड़क से किनारे किया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और डंपर की रफ्तार व चालक की लापरवाही की जांच की जा रही है।