सोनू वर्मा, नूंह। केएमपी एक्सप्रेसवे पर खेड़ा खलीलपुर के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हरियाणा पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। पहले एक छोटे हाथी वाहन के एक्सीडेंट की सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन कुछ ही देर बाद तेज रफ्तार डंपर ने पुलिस की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि एक सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, खेड़ा खलीलपुर के पास केएमपी एक्सप्रेसवे पर एक छोटा हाथी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम सहायता और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी घटनास्थल पर कार्रवाई में जुटे हुए थे कि तभी रेवासन की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा एक डंपर अनियंत्रित होकर सीधे पुलिस वाहन में जा घुसा।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक सिपाही ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य हेड कांस्टेबल घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में जुटी हुई है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

