० बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 16 अगस्त तक ग्रुप-सी के मैच, दर्शकों की एंट्री फ्री लेकिन टिकट रहेगा अनिवार्य

रांची। देश की सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता 135वें इंडियन ऑयल डूरंड कप की मेजबानी के लिए रांची पूरी तरह तैयार है। शनिवार को ट्रॉफी टूर के साथ शहर में फुटबॉल के इस महाकुंभ का औपचारिक आगाज हुआ। भारतीय सेना की पूर्वी कमान की ओर से दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन स्थित केरकेट्टा ऑडिटोरियम में डूरंड कप, प्रेसिडेंट्स कप और शिमला ट्रॉफी का भव्य स्वागत किया गया।

समारोह के बाद ट्रॉफियों का रोड शो निकाला गया, जो दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन से कोकर, लालपुर, करमटोली रोड, कचहरी रोड और सुजाता चौक होते हुए वापस दीपाटोली पहुंचा। कार्यक्रम में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेल एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार मुख्य अतिथि रहे, जबकि कॉम्बैट आईबीजी-23 के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सज्जन सिंह मान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

ग्रुप-सी के मुकाबलों की मेजबानी करेगा रांची
रांची का बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम 26 जुलाई से 16 अगस्त तक ग्रुप-सी के मुकाबलों की मेजबानी करेगा। टूर्नामेंट के सभी मैच दर्शकों के लिए नि:शुल्क होंगे, लेकिन भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए प्रवेश के लिए टिकट लेना अनिवार्य होगा। टिकट वितरण की प्रक्रिया और माध्यम की जानकारी खेल विभाग अलग से जारी करेगा।

रांची में मैचों का कार्यक्रम
26 जुलाई, शाम 5 बजे: जमशेदपुर एफसी vs डिफेंडर्स एफसी
29 जुलाई, शाम 7 बजे: इंडियन एयरफोर्स एफटी vs डिफेंडर्स एफसी
4 अगस्त, शाम 4 बजे: जमशेदपुर एफसी vs एससी दिल्ली
7 अगस्त, शाम 4 बजे: एससी दिल्ली vs डिफेंडर्स एफसी
10 अगस्त, शाम 7 बजे: इंडियन एयरफोर्स एफटी vs एससी दिल्ली
13 अगस्त, शाम 4 बजे: इंडियन एयरफोर्स एफटी vs जमशेदपुर एफसी
16 अगस्त, शाम 4 बजे: क्वार्टर फाइनल

आयोजकों के अनुसार, डूरंड कप के जरिए रांची एक बार फिर राष्ट्रीय फुटबॉल मानचित्र पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है। प्रतियोगिता में देश के शीर्ष क्लबों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिससे खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।