दुर्ग। राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुर्ग संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन 14 एवं 15 फरवरी को रुंगटा इंजीनियरिंग कॉलेज (आर-2), कोहका, भिलाई में किया जाएगा.

यह भी पढ़ें : CG Morning News : हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव आज, CGPSC प्री परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी, वन मंत्री केदार कश्यप करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस, आज और कल संभाग स्तरीय रोजगार मेला, ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों का रायपुर में प्रदर्शन

प्रभारी संयुक्त संचालक (प्रशिक्षण ) आईटीआई टीके सातपुते ने बताया कि मेले में विभिन्न निजी कंपनियां भाग लेकर योग्य अभ्यर्थियों का सीधा साक्षात्कार एवं चयन करेंगी. इच्छुक अभ्यर्थियों को ई- रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना होगा. मेले की प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है.

इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे किसी भी नियोजक / नियोक्ता को प्रोसेसिंग शुल्क, आवास, आवागमन, प्रशिक्षण अथवा किसी भी अन्य मद के लिए किसी प्रकार की राशि जमा न करें. अधिक जानकारी हेतु अभ्यर्थी आईटीआई भिलाई अथवा निकटतम आईटीआई से संपर्क कर सकते हैं.

खोला व महापुराण कथा 12 से 19 फरवरी तक

कुम्हली (जामगांव)। ग्राम खोला में शिवरात्रि के पर्व पर श्री शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ कथा का आयोजन किया जा रहा है. कथा वाचक पं. कृष्ण कुमार शर्मा आमटी वाले होंगे. कार्यक्रम 12 फरवरी को कलश यात्रा शिव महापुराण महात्त्य, 13 को शिवलिंग महिमा, रुद्राक्ष एवं भस्म वर्णन, 14 को नारद मोह एवं सती चरित्र, 15 को माता पार्वती प्राकट्य, शिव पार्वती विवाह, महाशिवरात्रि उत्सव, 16 को श्री कार्तिक जन्म, गणेश जन्म, 17 को नरसिंह- शरभावतार, हनुमान जन्म, तुलसी विवाह, 18 को 12 ज्योतिर्लिंग कथा, चढ़ोत्री, 19 को हवन, पूर्णाहुति एवं भंडारा स्थान शीतला मंदिर प्रांगण में होगा.

पटपर झांकी मटिया (अ) में कल से

अंडा। महाशिवरात्रि के पूर्व ग्राम मटिया (अ) में 13 फ़रवरी को शाम 7 बजे दाई के दुलरवा नवरत्न जस झांकी पटपर का कार्यक्रम रखा गया. कार्यक्रम की जानकारी हेमशंकर चौधरी, सतीश साहू और लोकेंद्र साहू ने दिया.

स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन की बैठक

दुर्ग। विगत दिनों छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन की एक बैठक आयोजित की गई. कार्यक्रम का संचालन डॉ. अशोक ताम्रकार मुख्य अतिथि प्रदीप पांडे अध्यक्षता पुनीत चौबे ने की. बैठक में जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी दिवंगत को श्रद्धांजलि दी गई. कार्यक्रम में निर्णय पारित किया गया कि गत 15 वर्षों से चली आ रही 11 सूत्रीय मांग पत्र छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री तथा भारत सरकार के प्रधानमंत्री को स्मरण पत्र जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रेषित किया जाए. गौरव स्थल जो सेनानियों का स्तंभ बना हुआ है उसका पुनः जीर्णोद्धार करने नगर निगम दुर्ग को तत्काल ध्यान आकर्षण पत्र सौंपे जाने का निर्णय लिया गया. बैठक आभार प्रदर्शन बसंत कश्यप ने किया.

प्रधानमंत्री आवास योजना की लाटरी कल

भिलाईनगर। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार 12 फरवरी को दोपहर 12.30 बजे निगम मुख्य कार्यालय सभागार कक्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटन की लाटरी निकाली जाएगी.

औद्योगिक क्षेत्र छावनी में निकलेगा जुलूस भिलाईनगर . छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा मजदूर कार्यकर्ता समिति के कलादास डेहरिया ने बताया कि 12 फरवरी को भिलाई औद्योगिक क्षेत्र के छावनी चौक में मजदूरों के बीच नारेबाजी और जनसंपर्क कर आम हड़ताल को सफल बनाने की अपील की जाएगी. छावनी चौक से जुलूस निकाला जाएगा. पर्चा वितरण अभियान में ब्रह्मा, संजना, महेश, नीरा, मुस्कान, गीता, बेबी और किशन सक्रिय रहे.

बीएसपी अनाधिशासी कर्मचारी संघ की आमसभा 15 को

भिलाईनगर। बीएसपी अनाधिशासी कर्मचारी संघ भिलाई की वार्षिक आमसभा 15 फरवरी को प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक इंजीनियर्स भवन, एमपी हॉल, इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर में आयोजित की गई है. इसमें नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं वर्किंग कमेटी सदस्यों का शपथ ग्रहण भी होगा. इस अवसर पर बीएकेएस के बैनर तले बालाजी ब्लड बैंक, सुपेला के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा. यह जानकारी अध्यक्ष अमर सिंह ने दी.

भिलाई निगम के जोन-5 में ड्रोन से संपत्तियों का सर्वे शुरू

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत संपत्तियों के सटीक निर्धारण और डेटा अपडेट करने के उद्देश्य से जोन क्रमांक 5 में ड्रोन सर्वे का कार्य विधिवत प्रारंभ कर दिया गया है. आधुनिक तकनीक के माध्यम से किए जा रहे इस सर्वे से क्षेत्र की संपत्तियों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा.

सर्वे कार्य के शुभारंभ के अवसर पर निगम और सर्वे टीम के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे. इसमें मुख्य रूप जोन क्रमांक 5 के सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम, गणित बघेल, टेकराम हरिन्द्रवार सहित आई.आई.टी (आईआईटी) के सर्वे प्रभारी शैलेश कुमार एवं उनकी तकनीकी टीम शामिल थी. ड्रोन सर्वे के जरिए संपत्तियों के क्षेत्रफल और निर्माण की सटीक जानकारी मिल सकेगी. डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होने से राजस्व वसूली में पारदशिर्ता आएगी और विसंगतियां दूर होंगी. यह डेटा भविष्य में शहरी नियोजन और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

अंतर विभागीय फुटबॉल प्रतियोगिता 24 को

भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग द्वारा अंतर विभागीय फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 24 फरवरी से 03 मार्च तक बीएसपी फुटबॉल ग्राउंड, पंत स्टेडियम, सेक्टर 01, भिलाई में किया जाएगा. प्रतियोगिता के आयोजन हेतु 19 फरवरी को प्रातः 11.30 बजे उप महाप्रबंधक ( क्रीड़ा सांस्कृतिक एवं नगर सुविधाएं विभाग) राजेन्द्र प्रसाद के कार्यालय में एक समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतियोगिता से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी.

18 फरवरी से कलेक्टर जनदर्शन अब हर बुधवार को

दुर्ग। जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर जनदर्शन के आयोजन दिवस में परिवर्तन किया गया है. अभी तक यह जनदर्शन प्रत्येक सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित किया जाता था.

जिले में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के क्षेत्र भ्रमण एवं दौरों के कारण कार्यालयीन कार्यों तथा आम नागरिकों से भेंट के समय में अनियमितताएं सामने आ रही थीं. इन परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित करने एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है.

नई व्यवस्था के तहत आगामी 18 फरवरी से कलेक्टर जनदर्शन प्रति सप्ताह बुधवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा. जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण हेतु निर्धारित दिवस एवं समय पर उपस्थित होकर आवेदन प्रस्तुत करें.

भिलाई स्टील सिटी चेंबर की बैठक 14 को

भिलाईनगर। भिलाई स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स भिलाई के पदाधिकारी की बैठक 14 फरवरी को शाम 4 बजे इंडियन कॉफी हाउस सेक्टर 10 के हाल में रखी गई है. बैठक में बीएसपी के पूर्व कर्मचारियों की जन जागरण रैली को समर्थन देने और विभिन्न क्षेत्रों में उनके आयोजित कार्यक्रम से संबंधित चर्चा को अंतिम रूप दिया जाएगा.

इस बैठक में ऐसे सभी व्यापारी जिनके प्रकरण विचाराधीन है, अथवा किन्ही से निरस्त हो गए हैं, ऐसे सभी व्यापारियों से शामिल होने की अपील की गई ताकि उनसे संबंधित जानकारी उन सभी को दी जा सके. बैठक में सांसद विजय बघेल एवं पूर्वमंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय द्वारा दिल्ली में इस्पात मंत्री एचडी कुमार स्वामी एवं भारतीय इस्पात प्राधिकरण के निदेशक (एचआर) के कै सिंह से हुई चर्चा की जानकारी भी बैठक में दी जाएगी. यह जानकारी अध्यक्ष भिलाई स्टील सिटी चैंबर ऑफ़ कॉमर्स ज्ञानचंद जैन ने की है.

पशु चिकित्सा अधिकारी निलंबित

दुर्ग। दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्यनारायण राठौर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम – 1966 के नियम-9 (1) (क) के अंतर्गत डॉ. चन्द्रशेखर अम्बुलकर, पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ एवं विकासखण्ड पशु चिकित्सा अधिकारी मोहला को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है. निलंबन अवधि में डॉ. अम्बुलकर का मुख्यालय कार्यालय उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवायें, जिला राजनांदगांव निर्धारित किया गया है. इस अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी.

ज्ञात हो कि कलेक्टर मोहला – मानपुर – अंबागढ़ चौकी के प्रतिवेदन आधार पर डॉ. अम्बुलकर के विरुद्ध शासकीय कार्यों में घोर लापरवाही, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता बरतने के गंभीर आरोप पाए गए हैं. जाँच के दौरान यह पाया गया कि वे जिला स्तरीय समीक्षा बैठकों में अनुपस्थित रहते थे.

डिलीवरी के बाद बच्ची की मौत पर डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप

दुर्ग। जिला अस्पताल में डिलीवरी के दौरान लापरवाही किए जाने का मामला सामने आया है . डिलीवरी के बाद नवजात शिशु की मौत हो गई है. आक्रोशित परिजनों ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मदर टेरेसा नगर निवासी करिश्मा भारती (20 वर्ष) ने अस्पताल के डॉक्टर पर आरोप लगाते हुए बताया है कि चार दिन पूर्व वह जिला अस्पताल में डिलीवरी के लिए भर्ती हुई थी. उसे लेबर पेन हुआ था. बच्चेदानी का मुंह नहीं खुला होने पर उसे लगातार टहलाया गया. उसे कहा गया की बच्चेदानी का मुंह पूरी तरह नहीं खुला है.

9 तारीख को दो बार दर्द बढ़ाने के लिए डॉक्टर द्वारा बाहर से खरीद कर इंजेक्शन मंगवाए गए और उसे लगाया गया था. 9 तारीख की आधी रात को उसे लेबर रूम में ले जाया गया, वहां पर डॉक्टरों द्वारा जबरन दबाव डालकर बच्ची को किसी तरह बाहर निकाला गया था जिससे बच्ची के मस्तिष्क एवं सीने में चोट आ गई थी. बच्ची को तुरंत बच्चों के आईसीयू में ले जाया गया था, जहां उसने थोड़ी देर बाद दम तोड़ दिया था.

महिला के पति को डॉक्टर ने कहा कि उसे पहले से ही अंदर चोट लगी हुई थी, इस कारण बच्ची ने दम तोड़ दिया है. जिला अस्पताल के सिविल सर्जन आशीषन मिंज ने इस मामले में कहा है कि बच्ची की मौत का मामला सामने आया है, इसकी जांच की जाएगी. जो भी रिपोर्ट आएगी उसके आधार पर जिसकी भी गलती पाई जाएगी, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

जिले के दो सौ से अधिक राशन दुकानों में नहीं हुआ फरवरी का चावल भंडारण

दुर्ग। जिले के दो सौ से अधिक शासकीय उचित मूल्य दुकानों में अब तक फरवरी का चावल भंडारण नहीं हुआ है. जिले में उपलब्ध नहीं होने पर उचित मूल्य दुकानों में फरवरी माह के आवंटन के लिए बालोद से चावल मंगाए जा रहे हैं. जिससे जैसे तैसे थोड़ा-थोड़ा करके दुकानों में चावल भंडारण कराने अधिकारियों को काफी मशक्कत करना पड़ रहा है. वहीं फोर्टिफाइड चावल का अभी भी टोटा बना हुआ है.

जानकारी के अनुसार, उचित मूल्य दुकानों में फरवरी माह के आवंटन के लिए बालोद जिले से चावल मंगाए हैं क्योंकि दुर्ग जिले में नान के गोदाम खाली हो चुके हैं जिसकी वजह से शासकीय उचित मूल्य दुकानों में फरवरी माह का चावल आवंटन विलंब से जारी हुआ. जिले में कुल 656 शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालित है. इनमें लगभग साढ़े चार सौ में ही फरवरी का चावल भंडारण हो पाया है. दो सौ से अधिक में अभी तक फरवरी का चावल नहीं पहुंचा है.

जिले में संचालित उचित मूल्य दुकानों में आवंटन के लिए लगभग डेढ़ लाख क्विंटल चावल की जरूरत होती है मगर जरूरत के हिसाब से अब तक चावल उपलब्ध नहीं हो पाया है. वहीं फोर्ट फाइड चावल भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं है. दूसरी ओर दो माह का चावल एक साथ वितरण के निर्देश दिए गए हैं. ऐसे में एक माह का फोर्टिफाइड युक्त एवं एक माह का नान फोर्टिफाइड चावल दिया जा रहा है. फोर्टिफाइड चावल की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण भी फरवरी माह के भंडारण में विलंब हो रहा है.’

आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए 23 फरवरी तक आवेदन

दुर्ग। एकीकृत बाल विकास परियोजना दुर्ग-ग्रामीण दुर्ग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्र ननकठ्ठी – 04 के एक रिक्त सहायिका पद हेतु आवेदन आमंत्रित किया गया था, जिसमें संशोधन करते हुए पात्र इच्छुक आवेदिका से 23 फरवरी तक ई- भर्ती पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किया गया है. अधिक जानकारी के लिए एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय दुर्ग-ग्रामीण जिला दुर्ग में कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं.

शासकीय कार्य में बाधा डालने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। पटेल चौक बीएसएनल ऑफिस के सामने बिना अनुमति मार्ग अवरुद्ध कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले प्रकरण में अन्य आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस ने की है. इस मामले में पूर्व में ही पांच आरोपियों अनिल वासनिक, विक्की चंद्राकर, दिनेश पांडे, राकेश यादव, जितेंद्र बत्रा को गिरफ्तार किया जा चुका है.

इस मामले के अन्य आरोपी शुभम सिंह राजपूत, यशवंत सिंह राजपूत, ओम प्रकाश कोटवानी गीतेश ठाकुर एवं अन्य आरोपी फरार है. आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल से हाथापाई कर आवागमन बाधित किया था. पुलिस ने बताया कि एक दिसंबर को जमीन रजिस्ट्री की बड़ी हुई दरों के विरोध अवरुद्ध में बिना किसी पूर्व अनुमति एवं सूचना के मार्ग कर प्रदर्शन किया जा रहा था. मौके पर तैनात पुलिस बल द्वारा समझाइश दी जा रही थी किंतु प्रदर्शनकारियों द्वारा उग्र व्यवहार करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों से हाथापाई कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई एवं आवागमन अवरुद्ध किया गया.

इस घटना में प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्राकर, आरक्षक केशव कुमार, तुषार सलामे, अजय साहू एवं हिमांशु जंघेल को चोटें आई थी. विवेचना के दौरान पूर्व में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था. प्रकरण के एक अन्य फरार आरोपी मनोज राजपूत 50 वर्ष निवासी वार्ड 16 सिकोला भाटा को गिरफ्तार कर उच्च न्यायालय से जमानत प्राप्त होने उपरांत विधिवत गिरफ्तार कर सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर जमानत मुचलके पर रिहा किया गया है.

पीएम आवास योजना के तहत लोन मेला

दुर्ग। निगम क्षेत्र अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिवस के रूप में आवास लोन मेला का आयोजन किया जा रहा है. इस विशेष पहल के माध्यम से ऐसे हितग्राही, जिन्हें अपने मकान निर्माण या खरीद हेतु बैंक लोन की आवश्यकता है, वे इस मेले में शामिल होकर विभिन्न बैंकों से सीधे संपर्क कर आवास ऋण की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं. यह मेला 16 फरवरी को जोन कार्यालय बोरसी, 17 फरवरी को जोन कार्यालय आदित्य नगर, 18 फरवरी को जोन कार्यालय उरला तथा 19 फरवरी को जोन कार्यालय पद्मनाभपुर में आयोजित किया जाएगा. प्रत्येक स्थल पर मेला सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक लगेगा. मेले में सर्व बैंक प्रतिनिधियों द्वारा स्टॉल लगाकर हितग्राहियों को ऋण प्रक्रिया, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जाएगी.

आरोपिया मोनिका गुप्ता ने जिला अस्पताल में दिया बेटे को जन्म

दुर्ग। केंद्रीय जेल दुर्ग में बंद पूर्व प्रधान आरक्षक मोनिका गुप्ता ने मंगलवार की रात को जिला अस्पताल में बेटे को जन्म दिया है. आरोपिया के खिलाफ अमानत में खयामत का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया था. गिरफ्तारी के समय वह 9 माह की गर्भवती थी. उल्लेखनीय है कि 4 जुलाई को 2020 को सिंधिया नगर निवासी सोनल द्विवेदी के घर चोरी की घटना हुई थी. अज्ञात चोर ने 79 ग्राम ज्वेलरी की चोरी की थी.

जांच की जिम्मेदारी मोहन नगर थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक मोनिका गुप्ता को मिली थी. सोने के जेवरात जब्त करने के बाद उसने जब्त सामान को थाने में जमा करने की जगह अपने पास रख ली थी. जांच के दौरान पाया गया कि प्रधान आरक्षक मोनिका गुप्ता ने माल खाने में जमा करने की जगह अपने पास रख लिए थे. साक्ष्य के आधार पर महिला प्रधान आरक्षक मोनिका गुप्ता के खिलाफ जांच प्रारंभ कर दी गई थी. गबन का मामला होने पर मोनिका गुप्ता को गिरफ्तार किया गया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था.

युवती से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। युवती के साथ मारपीट गाली गलौज, छेड़छाड़ कर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी हमेशा युवती का पीछा कर परेशान करता था और जान से मारने की धमकी देता था. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है.

पुलिस ने बताया कि 10 फरवरी की दोपहर को जिला अस्पताल के पार्किंग क्षेत्र में आरोपी द्वारा प्रार्थिया को बुरी नीयत से पकड़कर जबरन अपने साथ चलने का दबाव बनाया गया एवं मारपीट कर गाली गलौज की गई. शिकायत कर पुलिस ने आरोपी दानिश निर्मलकर उर्फ दानेश्वर निर्मलकर 26 वर्ष निवासी संतोषी चौक जामुल भिलाई को गिरफ्तार का न्यायालय में पेश किया था.

होली के अवसर पर यात्रियों के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन

दुर्ग। होली पर्व के अवसर पर छत्तीसगढ़ से बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए दुर्ग- मधुबनी – दुर्ग होली स्पेशल ट्रेन की सुविधा प्रारंभ की जा रही है. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा होली पर्व के उत्सव पर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है.

इसी कड़ी में गाड़ी संख्या 08753 दुर्ग- मधुबनी होली स्पेशल दुर्ग से 1 मार्च को एवं गाड़ी संख्या 08754 मधुबनी से दुर्ग होली स्पेशल 2 मार्च को चलाई जा रही है. दुर्ग मधुबनी होली स्पेशल 1 मार्च को दुर्ग से रात 12.30 बजे रवाना होगी. इसी तरह गाड़ी संख्या 08754 मधुबनी से दुर्ग होली स्पेशल ट्रेन 2 मार्च को सुबह 6.15 बजे रवाना होगी.