दुर्ग। 124वां शाबान उर्स बाबा अब्दुल रहमान काबुली र.अ. का उर्स 14,15,16 फरवरी को 3 दिन धूमधाम के साथ मनाया जाएगा. उर्स का आगाज़ जिसमें 14 फरवरी को शाम 6 बजे परचम कुशाई से होगा, रात 10 बजे जश्ने काबुली सरकार कॉन्फ्रेंस होगा.
15 फरवरी को रात 10 बजे समा महफिल क़व्वाली का आयोजन होगा. जिसमें हिंदुस्तान के मशहूर मारूफ कव्वाल कमर वारसी बाराबांकी उत्तरप्रदेश कच्याल एन्ड पार्टी का मुकाबला राजा सरफराज कव्वाल एन्ड पार्टी उत्तरप्रदेश रामपुर के साथ सूफियाना अंदाज़ में होगा. 16 फरवरी सोमवार को बाद नमाज जोहर गुस्ल होगा. बाद नमाज़ असर शाही चादर पेश की जाएगी और शाम 7 बजे से आम लंगर होगा.

शाबान उसे पाक कमेटी के अध्यक्ष अफ़जल हुसैन ने बताया कि कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, महापौर अलका बाघमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे. साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज, मानसी गुलाटी समाज सेविका उपस्थित होंगे.
चोरी की वाहनों को काट कर बेचने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। वाहन चोरी के एक मामले में पद्मनाभपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. 15 वर्षों से मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम कर रहा गिरोह का मुख्य आरोपी निकला है. आरोपी चोरी के वाहनों को काटकर कबाड़ियों को बेचने का काम कर रहा था. आरोपियों के पास से लगभग 7 लाख रुपए की सामग्री जब्त की गई है.
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी विजय देवांगन पिछले 15 वर्षों से मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम कर रहा है. अपने तकनीकी ज्ञान का दुरुपयोग करते हुए आरोपी द्वारा क्षेत्र में घूम-घूम कर अलग-अलग स्थान से मोटरसाइकिल एवं स्कूटी चोरी की जा रही थी. चोरी किए गए वाहनों को आरोपी अपने घर ले जाकर हेक्सा ब्लेड जैसे औजार से काटकर लोहे एवं एल्युमिनियम के पार्ट्स अलग-अलग करता था और इन्हें फेरी वाले एवं स्थानीय कबाड़ियों के माध्यम से बेच देता था. आरोपी की निशानदेही पर अन्य सहयोगी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई जिनके कब्जे से चोरी किए गये मोटरसाइकिलों के पार्ट्स बरामद किए गए हैं.
मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार
दुर्ग। मकान का ताला तोड़कर सोने चांदी के जेवरात की चोरी करने वाले आरोपिया को मोहन नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने चांदी के आभूषण एवं नगदी राशि सहित कुल 3,42,360 रुपए बरामद किए गए हैं. आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है.
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 जनवरी से 17 जनवरी के बीच अज्ञात आरोपी ने उसके मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने चांदी के आभूषण एवं नगद राशि की चोरी की है. शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी. संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला जागेश्वरी मार्कंडेय (26 वर्ष) निवासी नवापारा शीतला मंदिर के पास दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ किया.
चावल उत्सव से पहले दिन कई दुकानों में लगा रहा ताला
रानीतराई। सरकार द्वारा 7 फरवरी को पूरे प्रदेश में चावल उत्सव मनाने का दावा किया गया था, लेकिन पाटन ब्लॉक में यह उत्सव कागजों तक ही सीमित रह गया. हकीकत यह है कि शासकीय उचित मूल्य दुकानों में फरवरी माह का पूरा राशन अब तक नहीं पहुंच पाया. इससे हजारों हितग्राही चावल से वंचित रह गए.
पाटन ब्लॉक की आधे से अधिक राशन दुकानों की स्थिति यह रही दुकानें खुलने की बजाय ताले में बंद रहीं. आज सुबह ग्राम सेलूद, मुड़पार, चुनकट्टा, अकतई सहित अन्य गांवों की राशन दुकानों में जब हितग्राही पहुंचे, तो उन्हें ताला लटका मिला. इससे लोगों में भारी नाराजगी देखी गई.
सबसे गंभीर मामला यह है कि कई दुकानों में जनवरी माह का चांवल भी अब तक वितरित नहीं किया गया, जबकि पोस मशीन में अंगूठा लगवाकर वितरण दिखा दिया गया है. यह सीधे-सीधे गरीबों के हक पर डाका डालने जैसा है.
पाटन ब्लॉक में यह कोई पहली बार नहीं है. यहां लगभग हर माह चावल वितरण में देरी आम बात हो गई है. इसके बावजूद खाद्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे नजर आते हैं. सवाल उठता है कि जब हितग्राही परेशान हैं, तब विभाग आखिर किस बात का इंतजार कर रहा है?
जानकारी के अनुसार केंद्र और राज्य सरकार दोनों की ओर से चावल उपलब्ध कराया जाता है. वर्तमान स्थिति यह है कि राज्य सरकार के कोटे का चावल तो दुकानों में पहुंच गया है, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा भेजा जाने वाला फोर्टिफाइड चावल अब तक नहीं पहुंच पाया है. इसी कारण पूरा राशन वितरण अटका हुआ है.
55 लाख रुपए की धोखाधड़ी मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार
भिलाईनगर। 55 लाख रुपए की धोखाधड़ी मामले के दूसरे आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. प्रकरण में पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि ज्ञानेश्वर सिंह ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसके निवास से लगी लगभग 38090 वर्गफीट भूमि, जो राजस्व अभिलेखों में खसरा नंबर 144/7 एवं 144/03, पटवारी हल्का नंबर 20, तहसील एवं जिला दुर्ग में स्थित है तथा जिसका भूमि स्वामित्व संदीप जैन एवं अनुराग जैन के नाम दर्ज है.
आरोपी जोगी सिंह सोनी ने स्वयं के नाम से एग्रीमेंट होना बताकर विक्रय का झांसा दिया. 24 जनवरी 2020 को आरोपी ने एग्रीमेंट के कागजात दिखाकर प्रार्थी से इकरारनामा किया गयास जिसमें नगद एवं बैंक खाते के माध्यम से कुल 26 लाख रुपए देने का उल्लेख किया गया. इसके पश्चात आरोपियों ने भूमि स्वामी के नाम से फर्जी आधार कार्ड एवं पैन कार्ड तैयार कर आईसीआईसीआई बैंक में फर्जी खाता खुलवाया गया तथा कुल 24 लाख रुपये उसी खाते के माध्यम से प्राप्त किए गए. इस प्रकार विभिन्न माध्यमों से कुल 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई.
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सुपेला में मामले में धारा 318(2), 318(4), 337, 111(4), 3 (5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. विवेचना के दौरान आरोपी कुलदीप सिंह सोनी को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था. प्रकरण में संलिप्त एक अन्य आरोपी जोगी सिंह सोनी (40 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 26, संतराबाड़ी दुर्ग को भी गिरफ्तार कर लिया है.
फैक्ट्री में जूनियर टेक्नीशियन की मौत पर मुआवजा के लिए किया प्रदर्शन
भिलाईनगर। पुरानी भिलाई थाना अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र हथखोज स्थित एक फैक्ट्री में काम करने के दौरान जूनियर टेक्नीशियन की मौत हो गई. मृतक उपेंद्र साहू जामुल के नजदीक दौर गांव का रहने वाला है. यह घटना 6 फरवरी की शाम को श्री साईं इन्फो प्रायवेट लिमिटेड में हुई. घटना में मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिलाने छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शन किया.
औद्योगिक क्षेत्र हथखोज स्थित श्री सांई इन्फो प्रायवेट लिमिटेड नामक फैक्ट्री में काम करते समय जूनियर टेक्नीशियन की मौत पर आज मृतक के परिजन और गांव के लोगों के साथ छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना कंपनी के सामने मुआवजे की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया.
घटना 6 फरवरी को तब हुई जब दौर गांव का रहने वाला जूनियर टेक्नीशियन उपेंद्र साहू तकनीकी काम कर रहा था. अचानक काम के दौरान उपेंद्र साहू गिर पड़ा. उसे वहां मौजूद लोगों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. मामले में भिलाई-3 पुलिस जांच शुरू कर दिया है. इधर प्रदर्शनकारियों उचित मुआवजा की मांग प्रबंधन से की है.
ट्रेलर वाहन की ठोकर से पांच वर्षीय मासूम की मौत
भिलाईनगर। खुर्सीपार थाना अंतर्गत एक तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन की ठोकर से एक पांच वर्ष की मासूम की मौत हो गई. घटना के समय छात्रा अपनी मां के साथ स्कूटी में स्कूल जा रही थी. यह हादसा पावर हाउस ओवरब्रिज के नीचे आईटीआई के नजदीक होण्डा शो रूम के पास हुआ. घटना में मृतका बच्ची की मां किरण जांगड़े घायल हो गई है.
खुर्सीपार पुलिस ने बताया कि 3 फरवरी को किरण जांगड़े निवासी सड़क 37 जोन-2 खुर्सीपार स्कूटी टीवीएस क्यूब में श्रेया जांगड़े (5 वर्ष) को स्कूल छोड़ने खुर्सीपार घर से हुडको जा रही थी. इसी दौरान पावर हाउस ओवरब्रिज के नीचे होण्डा शो रूम के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर वाहन चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी सवार मां और बेटी को ठोकर मार दी.
भूपेंद्र जांगड़े ने अपनी पत्नी व बेटी को गायत्री हॉस्पिटल सुपेला में भर्ती कराया. वहां पर श्रेया जांगड़े की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों की सलाह पर उसे स्पर्श हॉस्पिटल सुपेला ले जाया गया. इलाज के दौरान श्रेया ने रात 8 बजे दम तोड़ दिया. वहीं बच्ची की मां किरण जांगड़े का अभी भी इलाज चल रहा है. स्पर्श हॉस्पिटल प्रबंधन की सूचना पर थाना सुपेला पुलिस मर्ग कायम कर ट्रेलर चालक के खिलाफ 281, 125 (ए), 106 (1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर डायरी खुर्सीपार थाने भेज दिया है.
बीएसपी के रिटेंशनधारी निकालेंगे जनजागरण रैली
भिलाईनगर। बीएसपी के रिटेंशनधारियों की बैठक शनिवार को पायोनियर मोन्यूमेंट में हुई. इसमें तय किया गया कि 16 फरवरी को भिलाई बचाने के लिए जनजागरण रैली निकाली जाएगा. रैली के दौरान बाकायदा सीटी बजाई जाएगी जो भिलाई वासियों के लिए जागते रहने का संदेश होगा.
पायोनियर मोन्यूमेंट में रिटेंशनधारियों की शनिवार को साप्ताहिक बैठक हुई. इसमें वक्ताओं ने कहा कि 16 फरवरी को रिटेंशन पालिसी को वापस लेने की मांग करते हुए जनजागरण रैली निकाली जाएगी. यह टाउनशिप के विभिन्न मार्गों से गुजरेगी. आज रूट निर्धारित नहीं किया गया लेकिन इसे जल्द जारी कर दिया जाएगा. आज भी वक्ताओं ने रिटेंशन पालिसी को लेकर जमकर आक्रोश जताते हुए कहा कि यह पालिस राजहरा और नंदिनी के बाद भिलाई के टाउनशिप को उजाड़ने वाली साबित होगी. टाउनशिप को लेकर ऐसे निर्णय लिये जा रहे हैं जो कि भिलाई के हित में नहीं हैं. जो अफसर ऐसी पालिसी बना रहे हैं उन्हें भिलाई से कोई लगाव नहीं है. वे भिलाई को उजाड़ने वाली पालिसी बना रहे हैं.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


