भिलाईनगर। सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ के नेतृत्व में रिटेंशनधारियों ने शनिवार को सेक्टर 1 इक्यूपमेंट चौक में धरना प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। उन्होंने मांग की कि रिटेंशनधारियों का किराया कम किया जाए, उन्हें लाइसेंस में भी आवास दिए जाएं।
रिटेंशनधारियों ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर किसी भी स्तर तक जाकर आंदोलन कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें : पॉवर सेंटर: शाही सवारी… एक वाक्या यह भी… फिटनेस डायरी…ध्यान बोनस… शुद्ध कचरा… पोस्टिंग… – आशीष तिवारी

संघ के सुरेशचंद ने आईआर विभाग के अफसर से भी बात कर उन्हें जमकर खरीखोटी सुनाई। धरना प्रदर्शन के दौरा वक्ताओं ने कहा कि यदि प्रबंधन ने बढ़े हुए किराये का परिपत्र वापस नहीं लिया तो अगला आंदोलन और उग्र व अशांतिपूर्ण भी हो सकता है। धरना प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी की गई। सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ ने सभी रिटेंशनधारियों से अपने साथ जुड़ने का आग्रह किया।

तालपुरी बी-ब्लॉक चुनाव अब कलेक्टर की निगरानी में, 26 अप्रैल को मतदान

भिलाईनगर। तालपुरी बी-ब्लॉक रेसिडेंट्स एसोसिएशन का चुनाव इस बार प्रशासनिक निगरानी में कराया जा रहा है। निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर जिला कलेक्टर द्वारा नामित एसडीएम की निगरानी में निर्वाचन प्रक्रिया जारी है। मतदान 26 अप्रैल को प्रस्तावित है। एसडीएम द्वारा पूर्व मुख्य महाप्रबंधक भिलाई इस्पात संयंत्र एसव्ही नन्दनवार को नियुक्त किया गया है।

ज्ञात हो कि सुनील चौरसिया ने शासन से निष्पक्ष चुनाव की मांग की थी, जिस पर सुनवाई के बाद सचिव वाणिज्य एवं उद्योग विभाग छत्तीसगढ़ ने कलेक्टर द्वारा नामित अनुविभागीय अधिकारी की निगरानी में चुनाव कराने के निर्देश दिए। अब समूची प्रक्रिया एसडीम की देखरेख में संचालित हो रही है।

बीएसपी आवास आवंटन में सब्जेक्ट टू वेकेशन प्रक्रिया शुरु करें – इंटक

भिलाईनगर। स्टील इम्पलाइज यूनियन (इंटक) की कार्यकारिणी की बैठक सेक्टर-3 स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में प्रमुख रूप से आवास आवंटन में सब्जेक्ट टू वेकेशन प्रक्रिया पुनः लागू करने की मांग की गई।

यूनियन ने कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) को पत्र लिखकर सब्जेक्ट टू वैकेशन प्रक्रिया को पुनः प्रारंभ करने की मांग की है, ताकि पात्र कर्मचारियों को बेहतर आवास मिल सके तथा 70 वर्ष पुराने आवासों को जर्जर होकर टूटने से बचाया जा सके। इंटक यूनियन ने प्रबंधन से मांग की है कि आवास लाइसेंस एवं रिटेंशन में जमानतदार एवं गवाह से संबंधित 5 वर्ष शेष सेवा की अनिवार्यता समाप्त की जाए।

इंटक यूनियन ने कहा कि वर्ष 2007 से लागू मंथली इंसेंटिव स्कीम की राशि वतर्मान उत्पादन और उत्पादकता के अनुपात में बहुत कम है। वर्ष 2007 में प्रति कमर्चारी उत्पादन 228 टन था, जो वतर्मान में 800 टन से अधिक हो चुका है । अतः बेस इंसेंटिव राशि को बढ़ाकर 10,000 रु. प्रतिमाह किया जाए। ईएल नगदीकरण में अंतर राशि का भुगतान किया जाए।

महंगाई भत्ता (डीए) के आदेश में देरी के कारण कमर्चारियों को ईएल नगदीकरण में कम राशि प्राप्त हुई है। यूनियन ने मांग की है कि निर्धारित एवं प्राप्त राशि के अंतर का एरियर बनाकर कमर्चारियों को भुगतान किया जाए। 60 वर्ष पुरानी पेयजल पाइपलाइन की जांच कर नई पाइपलाइन बिछाने, सेक्टर-7 में पीलिया फैलने की स्थिति को गंभीरता से लेने की भी मांग की गई।

इंटक यूनियन के महासचिव संजय कुमार साहू ने कहा कि सब्जेक्ट टू वेकेशन, प्रमोशन सहित अन्य सभी मुद्दों पर प्रबंधन से लगातार चर्चा जारी है और शीघ्र ही उच्च प्रबंधन स्तर पर वार्ता कर समाधान निकाला जाएगा।

चोरी के जेवरात रखने वाले आरोपी का जीजा गिरफ्तार

भिलाईनगर। एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात चोरी करने के मामले में चोरी के मामले में एक अन्य आरोपी को अमलेश्वर पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि प्रार्थी ने थाना अमलेश्वर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 25 जनवरी से 29 जनवरी के मध्य अज्ञात आरोपी प्रार्थी के निवास का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी चोरी कर ली। रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पूर्व में प्रकरण में आरोपियों खिलेश दास मानिकपुरी, भुनेश्वर उर्फ नानू यादव एवं तुलेश्वर उर्फ टिल्लू सोनकर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोना-चांदी, वाहन आदि कुल कीमती 8,22,480 रुपए जब्त कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ करने पर आरोपी तुलेश्वर सोनकर ने चोरी की संपत्ति अपने जीजा गौरीशंकर खुटे को देना बताया गया। तत्पश्चात आरोपी गौरीशंकर खुटे को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसके कब्जे एवं निशानदेही से सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम बरामद की गई है।

प्रदेश में दुर्ग रहा सर्वाधिक गर्म

दुर्ग। प्रदेश में आज दुर्ग सर्वाधिक गर्म रहा। दुर्ग में आज अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक वृद्धि होने की संभावना है। जानकारी के अनुसार एक बार फिर पारा चढ़ने लगा। भले आज अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री कम रहा, इसके बावजूद प्रदेश में आज सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में दर्ज किया।

इसी तरह दुर्ग में आज का न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 3.8 डिग्री कम है। विभाग के मुताबिक दक्षिण छत्तीसगढ़, विदर्भ होते हुए मराठवाड़ा, आंतरिक कर्नाटक और आंतरिक तमिलनाडू के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर स्थित उत्तर दक्षिण गर्त पवन असंतुलन स्थित है। रविवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 14 अप्रैल से अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है तथा अधिकतम तापमान 42 डिग्री से अधिक रहने की संभावना है। एक- दो पाकेट में ग्रीष्म लहर भी चलने की संभावना व्यक्त की गई है।

तिरुपति – रक्सौल के मध्य सात फेरे के लिए चलेगी समर स्पेशल ट्रेन

राजनांदगांव। आगामी समर मौसम के दौरान यात्रा सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय रेल द्वारा अनेक समर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन करने की योजना बनाई गई है, जिसमे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से भी समर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा । इसी कड़ी में रेलवे द्वारा समर के अवसर पर तिरुपति- रक्सौल मार्ग की गाड़ियों में समर मौसम होने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए तिरुपति एवं रक्सौल के मध्य सात फेरे के लिये समर स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है ।

यह स्पेशल गाड़ी तिरुपति से गाड़ी संख्या 07051 नंम्बर के साथ प्रत्येक सोमवार को दिनांक 13, 20 और 27 अप्रैल, 04, 11, 18 और 25 मई, 2026 को रक्सौल के लिए रवाना होगी तथा रक्सौल से गाड़ी संख्या 07052 नम्बर के साथ प्रत्येक गुरुवार को दिनांक 16, 23 और 30 अप्रैल, 07, 14, 21 और 28 मई, 2026 को तिरुपति के लिए रवाना होगी । इस समर स्पेशल ट्रेन में 03 एसी टू, 05 एसी थ्री, 10 स्लीपर, 06 सामान्य कुल 24 कोच रहेगी । इस गाड़ी का दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में ठहराव की समय सारणी इस प्रकार है।

गाड़ी संख्या 07051 नंम्बर तिरुपति से 08.15 बजे रवाना होकर दूसरे दिन गोंदिया 09.10/09.25 बजे, दुर्ग 11.50/ 11.55 बजे, रायपुर 12.30/12.35 बजे, बिलासपुर 14.25/14.40 बजे, झारसुगुड़ा 18.05/18.07 बजे, तीसरे दिन रक्सौल 17 बजे पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 07052 नम्बर रक्सौल से 03.15 बजे रवाना होकर दूसरे दिन झारसुगुड़ा 01.53/01.55 बजे, बिलासपुर 04.40/04.50 बजे, रायपुर 06.20 / 06.25 बजे, दुर्ग 07.15/ 07.20 बजे, गोंदिया 09.20 09.30 बजे, तीसरे दिन तिरुपति 09.30 बजे पहुचेगी ।

भूमिपूजन के छह माह बाद भी नहीं रखी गई ट्रामा सेंटर की नींव

राजनांदगांव। शहर के पेंड्री वार्ड स्थित मेडिकल कालेज में अब तक ट्रामा सेंटर की नींव नही रखी जा सकी है। विगत सितंबर माह में विधानसभा अध्यक्ष डां रमन सिंह ने 10 करोड़ 7 लाख रूपए की लागत की से ट्रामा सेंटर बनाए जाने घोषणा कर भूमिपूजन की थी। लेकिन इस कार्य को लेकर अब तक मैप ही तैयार नही हो सका है।

मेडिकल कालेज प्रबंधन की माने तो अभी फाइल वर्क जारी है। विधानसभा अध्यक्ष की घोषणा के बाद अफसर यह नही बता पा रहे है कि ट्रामा सेंटर लगाने का कार्य कब शुरू होगा। जानकारी अनुसार ट्रामा सेंटर एक विशेष अस्पताल या इकाई है जो गंभीर दुर्घटनाओं से गिरने, गोली लगने या जानलेवा चोटों के इलाज के लिए चौबीस घंटे सुसज्जित होती है। यहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों जैसे न्यूरोसर्जन और ऑर्थोपेडिक की टीम तुरंत सर्जरी और आपातकालीन देखभाल प्रदान करती है। जिससे घायलों की जान बचने की संभावना 25% तक बढ़ जाती है।

पांच माह बाद भी नहीं बनी प्लानिंग : विधानसभा अध्यक्ष डां रमन सिंह ने सितंबर माह में इस कार्य की घोषणा के साथ भूमिपूजन किया था। लेकिन पांच माह बीतने के बाद भी मेडिकल कॉलेज प्रबंधन द्वारा नक्शा व वर्क आर्डर तैयार नही किया जा सका है। ट्रामा सेंटर मरीजो के लिए अहम मानी जाती है। ऐसे इसके घोषणा के बाद लोगों को इसकी सुविधा का भी इंतजार है।

ट्रामा सेंटर की प्रमुख विशेषताएं : यहाँ ट्रॉमा सर्जन एनेस्थेटिस्ट और विशेष नर्से 24 घंटे उपलब्ध रहती हैं. उन्नत तकनीक यहाँ तुरंत सिटी स्कैन एमआरआई और ऑपरेशन थिएटर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। मुख्य उद्देश्य दुर्घटना के पहले एक घंटे (गोल्डन ऑवर) में जीवन रक्षक इलाज करना होता है। सामान्य इमरजेंसी में साधारण बीमारियां देखी जाती हैं, जबकि ट्रामा सेंटर सिर्फ गंभीर शारीरिक चोट के लिए ही होते हैं।

मैरिज ब्यूरो के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले 3 और आरोपी पकड़ाए

राजनांदगांव। मैरिज ब्यूरो के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले तीन और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों द्वारा “लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” का संचालन कर युवतियों के फर्जी फोटो डाउनलोड कर फर्जी आईडी बनाई जाती थी, तथा युवकों को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी जाती थी।

बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों के नाम ताम्रध्वज मानिकपुरी पिता पूरनदास मानिकपुरी (23 वर्ष) निवासी पाण्डातराई जिला कबीरधाम, सियाराम साहू पिता दिनेश साहू (23 वर्ष) निवासी ग्राम जंगलपुर थाना पाण्डातराई, जिला कबीरधाम तथा श्रृष्टि गोस्वामी पिता गणेशगिरी गोस्वामी (21 वर्ष) निवासी ममता नगर गली नं. 5 राजनांदगांव बताए जाते हैं।

विवेचना के दौरान पूर्व में उक्त कंपनी की संचालक नेहा पाठक पिता शंकरनाथ पाठक (23 वर्ष) निवासी लेबर कॉलोनी वार्ड नं. 17, राजनांदगांव तथा डायरेक्टर धर्मेन्द्र मानिकपुरी पिता स्व. कमलदास मानिकपुरी (32 वर्ष) निवासी ग्राम जंगलपुर थाना पाण्डातराई जिला कबीरधाम हाल मुकाम रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी, राजनांदगांव को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है।

प्रकरण में अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी जिला कबीरधाम में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर तत्काल टीम गठित कर जिला कबीरधाम रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी ताम्रध्वज मानिकपुरी एवं सियाराम साहू को जिला कबीरधाम से तथा आरोपिया श्रृष्टि गोस्वामी को राजनांदगांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने अपराध करना स्वीकार किया।