Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : भिलाई. जामुल थाना पुलिस ने चिट्टा (हेरोइन) की बिक्री में संलिप्त एक 25 वर्षीय महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपए कीमत की हेरोइन और अन्य सामग्री बरामद की गई है. पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (बी) एवं 27 (ए) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है. सोमवार को पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में स्थित निर्माणाधीन बीएनएस स्कूल के पास एक महिला अवैध रूप से हेरोइन (चिट्टा) रखकर उसे बेचने की फिराक में है. इस पर जामुल पुलिस की टीम ने योजना बनाकर महिला को घेराबंदी कर पकड़ा. उसकी पहचान राजविंदर कौर हाउसिंग बोर्ड, भिलाई के रूप में हुई है.

केरल के युवक की शिवनाथ नदी में डूबकर मौत

दुर्ग. दुर्ग जिले के रसमड़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र में शिवनाथ नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई. मृतक मूल रूप से केरल का रहने वाला था और भिलाई के होटल इंडिया इंडियन कॉफी हाउस सुपेला में नौकरी करता था. घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. 

इंडियन कॉफी हाउस में वेटर का करता था काम

नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेंहर ने बताया कि मृतक की पहचान आशिन ओएस के रूप में हुई है, केरल के एर्नाकुलम जिले का निवासी था. वह भिलाई के सुपेला स्थित इंडियन कॉफी हाउस में वेटर के रूप में कार्यरत था. रविवार को उसका साप्ताहिक अवकाश होने के कारण वह अपने चार दोस्तों के साथ घूमने और नहाने के लिए रसमड़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी पहुंचा था.

गहरे पानी में जाने से डूबा

बताया गया है कि आशिन तैरना जानता था, इसलिए वह नदी में उतर गया, जबकि उसके अन्य साथी किनारे पर ही मौजूद रहे. नहाने के दौरान वह नदी के ऐसे हिस्से में पहुंच गया, जहां पानी काफी गहरा था. गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण वह संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते गहरे पानी में डूब गया.

युवक को डूबता देख उसके दोस्तों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी. सूचना मिलते ही राहत दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. काफी प्रयास के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया. रास्ते में उसे सीपीआर भी दिया गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ.

परिवार में इकलौता कमाने वाला था

जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर अंजोरा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है. परिजनों के अनुसार आशिन अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद उसके पार्थिव शरीर को रायपुर से विमान के माध्यम से केरल भेजने की तैयारी की गई.

नाबालिग की प्रेगनेंसी जांच में लापरवाही पर नपे घुमका BMO

राजनांदगांव. सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में नाबालिग बालिका की गलत जांच मामले में राज्य शासन ने घुमका के बीएमओ डॉ. एनके टंडन पर कार्यवाही करते हुए उन्हे निलंबित कर दिया गया है. इस मामले को लेकर जिला प्रशासन द्वारा जांच टीम गठित की गई थी. गहन जांच के बाद जिला प्रशासन ने राज्य शासन को रिपोर्ट भेजी गई थी. जिसके आधार पर राज्य शासन ने प्रथम दृष्टि में घुमका बीएमओ को दोषी पाया है. सूत्रों ने बताया कि प्रेगनेंसी कीट की खरीदी किए जाने के मामले में लापरवाही बरती गई थी. जिसके चलते किट से लिए गए सैंपल में रिपोर्ट पॉजिटिव पाया गया था. जब परिजनों ने दोबारा जांच के लिए जिला अस्पताल में सैंपल दिए थे, जहां रिपोर्ट निगेटिव पाई गई थी. जिसके बाद इस मामले में जमकर बवाल हुआ था. कांग्रेसियों ने पुलिस पर नाबालिग को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया था.

पहले भी हो चुकी कार्रवाई

इस मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा अपने स्तर पर अलग जांच कराई गई थी. जिसमें सोमनी टीआई को एसपी द्वारा पहले ही निलंबित कर दिया गया था. वही दूसरी तरफ जिला प्रशासन स्तर पर गठित टीम ने अपने स्तर पर जांच की है. जिसमें बीएमओ को दोषी पाते हुए निलंबन की कार्रवाई  की गई है.

मोहतरा वेयर हाउस के पास अवैध शराब बिक्री करते एक व्यक्ति गिरफ्तार

पंडरिया. थाना पंडरिया पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कारर्वाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 जून की रात गश्त एवं पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मोहतरा स्थित वेयर हाउस के पास एक व्यक्ति देशी शराब रखकर बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर प्रधान आरक्षक श्रवण चंद्रवंशी एवं पुलिस टीम ने गवाहों की उपस्थिति में मौके पर दबिश दी. पुलिस को देखकर कुछ लोग वहां से भाग निकले जबकि एक व्यक्ति शराब बेचते हुए पकड़ा गया. पूछताछ में उसने अपना नाम रोहित नवरंग (49 वर्ष), निवासी ग्राम दामापुर, थाना पंडरिया बताया. तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक प्लास्टिक थैले में रखी 18 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई. प्रत्येक शीशी में 180 मिलीलीटर शराब भरी हुई थी. जब्त शराब की कुल मात्रा 3.240 बल्क लीटर तथा कीमत 1,440 रुपये आंकी गई. इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 200 रुपये नकद भी बरामद किए गए. जब्त सामग्री की कुल कीमत 1,640 रुपये बताई गई है.

narayana

युगांडा से लौटे 3 यात्री आइसोलेट

भिलाई. सोमवार को युगांडा से आए 3 नए यात्रियों की ट्रेसिंग की गई. तीनों यात्री 7 जून को दुर्ग पहुंचे थे. वर्तमान में कुल 7 अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रखा गया है. विभाग के अनुसार सभी यात्रियों में इबोला संक्रमण के कोई लक्षण नहीं हैं और न ही किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने का इतिहास मिला है. एहतियात के तौर पर सभी को 21 दिनों के लिए होम आइसोलेशन में रखा गया है. स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रतिदिन सुबह और शाम फोन के माध्यम से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रही है. स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इबोला वायरस के प्रमुख लक्षणों में बुखार, उल्टी, पेट दर्द, जोड़ों में दर्द, अत्यधिक थकान, सिरदर्द और गंभीर दस्त शामिल हैं. यह वायरस संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क या उसके शारीरिक द्रवों के संपर्क से फैल सकता है. दुर्ग स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जिले में इबोला का कोई संक्रमित मरीज नहीं मिला है. सभी यात्रियों की नियमित निगरानी की जा रही है और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.

जुआ के अड्डे पर दबिश, 15 गिरफ्तार

भिलाई. जुआ के अड्डे में पुलिस की दबिश देकर 15 जुआरियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. एएसपी मणीशंकर चंद्रा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मंकी रिजॉर्ट गोकुलधाम के पीछे जुआ खेलने की सूचना मिली थी. पुलगांव पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दबिश देकर जुआरियों को गिरफ्तार किया. जिसमें डिपरापारा दुर्ग निवासी सोनू चौहान, कसारीडीह फिरोज खोखर,

तकियापारा अजीम अहमद, शब्बीर खान, मोहम्मद जावेद, तमेरपारा मोहम्मद जुनैद, विवेकानंद नगर, बोरसी पारस चंद्राकर, गंजपारा मोहम्मद जमील, केलाबाड़ी एकांत साहू, जमील खान, कसारीडीह शिवा साहू, मृत्युंजय चंद्राकर, लुचकीपारा साहिद, चंद्रपाल यादव,

केलाबाड़ी प्रकाश देवांगन जुआरियों को पुलिस ने पकड़ा है. जुआरियों के पास से पुलिस ने नगद 1.82 लाख दो हजार रुपए, ताश पत्ती, 12 बाइक, 17 मोबाइल, की पेड फोन भी बरामद किया है. कुल सामानों की कीमत 4.34 लाख रुपए का है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H