Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : दुर्ग. शिवनाथ नदी के सिरसा एनीकट पर शनिवार की शाम को एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया. जानकारी मिलते ही मौके पर जेवरा सिरसा चौकी पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम पहुंची. तलाशी के बाद भी युवक का पता नहीं चला. रविवार की सुबह फिर से उसकी खोज में टीम लगाई जाएगी. जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी शमित मिश्रा ने बताया कि शनिवार की सुबह खुर्सीपार के रहने वाले पांच युवक शिवनाथ नदी एनीकट पर पहुंचकर पार्टी मना रहे थे. दोपहर में खाना खाने के बाद दो युवक शाम लगभग 6 बजे बर्तन धोने के लिए नदी के किनारे में गए. बर्तन धोने के दौरान जब एक युवक सत्यदेव महोबिया (26 वर्ष) निवासी निखिल होटल के पीछे बिहारी मोहल्ला खुर्सीपार गंज धो रहा था. इस दौरान गंज में पानी भरने से वेट बढ़ गया और अचानक सत्यदेव अपना नियंत्रण खो दिया. देखते ही देखते वह पानी में बह गया. साथ वाले युवक ने शोर मचा कर अन्य दोस्तों को बुलाया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई थी. टीम द्वारा उसकी तलाश की गई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया. कल सुबह फिर से युवक की तलाश में टीम लगाई जाएगी.

फिर मिले स्वाइन फ्लू के 7 नए मरीज

दुर्ग. जिले में स्वाइन फ्लू के मरीज लगातार बढ़ने लगा है. जिले में 5 सितम्बर को फिर 7 नए मरीज मिले है. ये सभी मरीज निजी अस्पताल में भर्ती है. इसके एक दिन पहले 4 सितम्बर को 4 नए मरीज मिले थे. वर्तमान में जिले में कुल 16 एक्टिव मरीज है. इनमें 9 हॉस्पिटल में भर्ती है. वहीं 7 मरीज होम आइसोलेटेड है, जिनका विभिन्न अस्पतालों में चिकित्सकीय उपचार चल रहा है, जिनकी स्थिति अभी सामान्य है. जिले में नये धनात्मक प्रकरण मिलने पर कांटेक्ट ट्रेसिंग की रही है, नियमित रूप से मरीजों की मोनिटरिंग की जा रही है. स्वाइन फ्लू को लेकर जिले में कुल 23 आइसोलेशन वार्ड तैयार किए गए हैं. साथ ही 158 बिस्तर आरक्षित किए गए हैं. जिले में स्वाइन फ्लू के संबंध में कलेक्टर के निर्देशानुसार डॉ. मनोज दानी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला दुर्ग, डॉ. सी.बी.एस. बंजारे, जिला सर्वेलेंस अधिकारी, आईडीएसपी दुर्ग और भूमिका वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, एन.एच.एम. दुर्ग के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है. 16 मरीजों में से 4 मरीज स्पर्श हॉस्पिटल, 4 मरीज हाईटेक हॉस्पिटल और 1 मरीज का इलाज पल्स अस्पताल भिलाई में चल रहा है. वहीं 7 मरीज होम आइसोलेटेड हैं. बता दें कि 5 अगस्त से आज तक कुल 33 स्वाइन फ्लू धनात्मक प्रकरण मिल चुके है. इनमें से 17 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है.

युकां प्रत्याशी आपस में भिड़े

भिलाई. युवा कांग्रेस के चुनाव प्रचार के दौरान दोनों प्रत्याशियों के भाईयों के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है. जहां चुनाव प्रचार के सिलसिले में पहुंचे दो पक्षों के युवाओं के बीच पहले किसी बात को लेकर बहस हुई. इसके बाद मामला धक्का-मुक्की और झूमाझटकी तक पहुंच गया. विवाद बढ़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची जहां दोनों पक्षों को अलग करना पड़ा. वीडियो में कांग्रेसी पार्षद सुभ्रदा सिंह के बारे में एक युवक गुंडागर्दी करने का आरोप लगाते सुना जा सकता है. मिली जानकारी के मुताबिक विवाद की वजह कोहनी मारने की बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. एक पक्ष ने पूछा कि कोहनी क्यों मारी. इस पर बात बढ़ी और दोनों तरफ से तीखी बातें होने लगीं. दोनों पक्ष खुर्सीपार में यूथ कांग्रेस को लेकर बैठक करने पहुंचे थे. भिलाई नगर विधानसभा अध्यक्ष के लिए कांग्रेस पार्षद सुभ्रदा सिंह का बेटा रॉबिन सिंह चुनाव लड़ रहा है. रॉबिन सिंह के चुनाव प्रचार के सिलसिले में पार्षद सुभ्रदा सिंह अपने दूसरे बेटे रोहन सिंह के साथ खुर्सीपार पहुंची थी. यहां पर पहले से मौजूद दूसरे गुट की ओर से भिलाई नगर विधानसभा प्रत्याशी अर्जुन शर्मा अपने भाई शुभम शर्मा के साथ मौजूद था. शुभम शर्मा और रोहन सिंह के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते बात दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई.

राजा गुरु बालकदास जयंती पर निकलेगी रैली

खैरागढ़. सतनाम पंथ के महान संत एवं समाज सुधारक गुरु घासीदास के द्वितीय पुत्र शूरवीर राजा गुरु बालकदास की जयंती को लेकर खैरागढ़ में तैयारियां तेज हो गई हैं. जयंती के अवसर पर रविवार 6 सितंबर को दिलीप सिंह मंगल भवन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. समारोह में सतनामी समाज के संत-महंत भंडारी साटीदार पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे. आयोजन की शुरुआत दोपहर 12 बजे पंथी पार्टी एवं समाजसेवी सम्मान समारोह से होगी. इस दौरान समाज और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा. इसके बाद दोपहर 2 बजे नगर भ्रमण रैली निकाली जाएगी. रैली में राजा गुरु बालकदास जी की झांकी के साथ जैतखाम की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी. इसके अलावा डीजे पंथी नृत्य और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रैली की शोभा बढ़ाएंगी. आयोजकों के अनुसार रैली के माध्यम से समाज की सांस्कृतिक परंपराओं और संत परंपरा से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा. जयंती समारोह के दौरान राजा गुरु बालकदास जी के जीवन, उनके वसामाजिक सरोकारों और समाज के लिए किए गए योगदान को याद किया जाएगा. आयोजन समिति का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकजुटता को मजबूत करना भी है. समारोह में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं जलपान की व्यवस्था की गई है. आयोजन समिति ने समाज के सभी वर्गों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के अध्यक्ष उमेश कोठले के नेतृत्व में पदाधिकारी और सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं. समिति द्वारा रैली और सम्मान समारोह को व्यवस्थित एवं भव्य रूप देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है.

स्कूल गेट पर नींबू-मिर्ची से मचा हड़कंप 

जालबांधा . ग्राम पंचायत बिजेतला के शासकीय प्राथमिक स्कूल के मुख्य गेट पर शिक्षक दिवस के दिन नींबू-मिर्ची बांधे जाने की चटना सामने आने के बाद बच्चों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है. स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का लाइव दृश्य तो दिखाई देता है लेकिन रिकॉर्डिंग नहीं होने की जानकारी सामने आने से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार पर नींबू-मिर्ची बंधी मिलने की जानकारी के बाद दिनभर यह मामला बच्चा शिक्षक और सामाजीक बीच और का कहना है कि विद्यालय परिसर में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. ऐसे में स्कूल के प्रवेश द्वार पर इस तरह की वस्तु मिलने के मामले को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए. ग्रामीणों के मुताबिक स्कूल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. कैमरों का लाइव दृश्य दिखाई देता है लेकिन रिकॉर्डिंग की व्यवस्था काम नहीं कर रही है. ऐसे में स्कूल परिसर अथवा आसपास किसी अप्रिय घटना की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं होने से जांच प्रभावित हो सकती है. अभिभावकों और ग्रामीणों ने स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की तकनीकी जांच कराने तथा रिकॉर्डिंग व्यवस्था तत्काल शुरू कराने की मांग की है. साथ ही मुख्य गेट पर नींबू-मिर्ची बांधे जाने की घटना की भी जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई है. ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के मन में किसी तरह का भय पैदा न हो, इसके लिए स्कूल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करनी चाहिए. उनका कहना है कि विद्यालय बच्चों के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण वाला स्थान होना चाहिए.

नाबालिग छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव

राजनांदगांव. परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर नाबालिग छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाए जाने का दबाव बनाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ित छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं इस मामले में सह आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है. गैंदाटोला थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश साहू से मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग छात्रा ने आरोप लगाया कि लगभग दो वर्ष पूर्व उसे विज्ञान के पेपर में पूरक की पात्रता मिली थी. बताया जाता है कि नाबालिग छात्रा पूरक की परीक्षा उत्तीर्ण करने की तैयारी कर रही थी. इसी दौरान ग्राम के पूर्व सरपंच के पुत्र रमीश कुरैशी पिता खलील कुरैशी से उसका संपर्क हुआ. रमीश ने उसे पास करने का आश्वासन दिया . इस संबंध में उन दोनों की पहचान विज्ञान विषय के शिक्षक तिलक पिता शंकर यादव उम्र 48 वर्ष निवासी ग्राम तेलगान थाना गैंदाटोला से हुई. आरोप है कि शिक्षक तिलक यादव ने नाबालिग छात्रा को विज्ञान के विषय में मिली पूरक की परीक्षा में उत्तीर्ण करने का आश्वासन दिया. परीक्षा में पास कराने के नाम पर उसने नाबालिग छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी बनाया. इससे नाबालिग छात्रा मानसिक रूप से काफी परेशान रहती थी. इस पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक तिलक पिता शंकर यादव उम्र 48 वर्ष निवासी ग्राम तेलगान के खिलाफ पाक्सो एक्ट का मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी शिक्षक तिलक यादव को जेल भेज दिया गया है. बताया जा रहा है कि नाबालिग छात्रा ने पूर्व महिला सरपंच के पुत्र रमीश कुरैशी के खिलाफ भी मोबाइल मैं अश्लील कमेंट करने की शिकायत दर्ज कराई है. थाना गैंदाटोला थाना प्रभारी राजेश साहू के अनुसार फिलहाल रमीश कुरेशी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H