Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update, भिलाई। गणेश चतुर्थी को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच सड़क पर गणेश पंडाल लगाकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नगर निगम और पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है।
शनिवार को सुपेला क्षेत्र में निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल और नगर निगम के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। टीम ने सड़क किनारे और सड़क के हिस्से में गणेश पंडाल लगाने की तैयारी कर रहे आयोजकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क पर पंडाल लगाकर आवागमन बाधित किया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, गणेश उत्सव के दौरान शहर के कई इलाकों में सड़क पर ही पंडाल लगाए जाते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण वाहनों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी होती है। कई जगहों पर इसके चलते जाम की स्थिति भी बन जाती है।
इसी को देखते हुए नगर निगम और पुलिस ने गणेश उत्सव शुरू होने से पहले ही पंडाल समितियों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी है। अधिकारियों ने आयोजकों से कहा कि पंडाल इस तरह लगाए जाएं, जिससे सड़क और यातायात पूरी तरह बाधित न हो। पुलिस और निगम की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
नाबालिग का अपहरण कर पिटाई
भिलाई। रायपुर के एक नाबालिग को कथित तौर पर जबरन कार में बैठाकर भिलाई ले जाने, रास्ते में मारपीट और लूट करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 10 सितंबर को दलदल सिवनी रोड, मोवा इलाके से नाबालिग को वरना कार में बैठाया गया। इसके बाद उसे पहले माना क्षेत्र और फिर भिलाई ले जाया गया।
आरोप है कि कार में बैठाने के बाद ही नाबालिग के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। रास्ते में उसके पास मौजूद गले की चेन, ब्रेसलेट, अंगूठी, दो मोबाइल फोन और करीब 40 हजार रुपये नकद छीन लिए गए। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, आरोपियों ने उसके मोबाइल से सिम कार्ड भी निकाल दिया, ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके।
बताया गया कि नाबालिग को भिलाई के एक मैदान में ले जाने के बाद वहां पांच-छह और युवक पहुंचे। इसके बाद करीब 10 से 11 युवकों द्वारा उसे घेरकर मारपीट करने का आरोप है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि मारपीट में बेसबॉल बैट और क्रिकेट बैट का इस्तेमाल किया गया। हमले में नाबालिग के कपड़े फटने और चेहरे पर गंभीर चोट लगने की बात भी सामने आई है।
मारपीट के बाद नाबालिग को जामुल थाना पुलिस के माध्यम से मेडिकल जांच के लिए चंदूलाल चंद्राकर शासकीय अस्पताल भेजा गया। मेडिकल जांच में उसके जबड़े में तीन जगह फ्रैक्चर की जानकारी सामने आई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे तत्काल रायपुर रेफर कर दिया।
जामुल थाने में दर्ज हुआ मामला
मामले में जामुल थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2), 115(2), 140(3), 296, 3(5), 309(6) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रकरण को आगे की कार्रवाई के लिए रायपुर के पंडरी थाना भेजा गया है।
टोनही के शक में मां की हत्या
कवर्धा। झलमला थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़वाही में अंधविश्वास ने एक परिवार को झकझोर कर रख दिया। यहां एक युवक ने अपनी ही मां को टोनही होने के शक में बेरहमी से पीट दिया। गंभीर चोटों के चलते महिला की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे तुलसी राम मेरावी (21)को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम मुड़वाही निवासी सबर सिंह मेरावी ने 11 सितंबर को अपनी पत्नी बतसिया बाई मेरावी (50) की मौत की सूचना झलमला थाने में दी थी। मर्ग जांच के दौरान सामने आया कि 8 सितंबर की रात करीब 10 बजे मृतका का बेटा तुलसी राम अपनी मां पर टोनही होने का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट कर रहा था।
आरोप है कि युवक ने अपनी मां को लात-घूंसों के साथ लकड़ी के डंडे से भी पीटा। महिला को गंभीर चोटें आईं और बाद में उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद मिली शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में छाती में गंभीर चोटों को मौत का कारण बताया गया।
जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम, 2005 की धारा 4 और 5 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
अंधविश्वास के खिलाफ पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी व्यक्ति को टोनही मानकर उसके साथ प्रताड़ना या मारपीट करना गंभीर अपराध है। ऐसी किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर लोग तत्काल पुलिस को सूचना दें।

शराब के साथ पैकिंग सामग्री जब्त
राजनांदगांव। जिले के डोंगरगढ़ में अवैध अंग्रेजी शराब के डंप के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर सेल और मोहारा पुलिस की संयुक्त टीम ने खेत में बने बोरघर में छापा मारकर 497 पौवा यानी 89.46 बल्क लीटर शराब जब्त की है। बरामद शराब में उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा के 429 पौवा और छत्तीसगढ़ निर्मित जम्मू स्पेशल के 68 पौवा शामिल हैं। यह पूरा मामला मोहारा क्षेत्र का है।
सप्लाई नेटवर्क पर फोकस
पुलिस की कार्रवाई के दौरान बोरघर से शराब के साथ बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री भी बरामद हुई। इसमें 2820 स्टीकर, 2541 लेबल पर्चियां, 303 खाली प्लास्टिक शीशियां और 598 ढक्कन शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री मिलने के बाद पुलिस की जांच अब केवल शराब की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय पूरे सप्लाई नेटवर्क पर फोकस किया जा रहा है।
मामले में पुलिस ने दउवा वर्मा और नंदकिशोर वर्मा उर्फ छोटे कट्टी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़े कट्टी की भूमिका भी सामने आई है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी, स्टीकर और लेबल समेत पैकिंग सामग्री किसने उपलब्ध कराई और खाली शीशियों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद शराब को कहां खपाने की तैयारी थी।
मोहारा क्षेत्र में पहले भी अवैध शराब डंपिंग के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में इस कार्रवाई के बाद पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है। अब पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने और अवैध शराब के कारोबार की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



