भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट में बीटेक (ऑनर्स) के लिए चयनित छात्र-छात्राओं को 21 अगस्त तक विश्वविद्यालय पहुंचकर ऑफलाइन रिपोर्टिंग, दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय में रिपोर्टिंग नहीं करने पर आवंटित सीट हाथ से निकल सकती है। छात्र-छात्राओं को रिपोर्टिंग विश्वेश्वरैया भवन स्थित एडमिशन सेल में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।

यह भी पढ़ें : CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रिपोर्टिंग के दौरान छात्र-छात्राओं को जोसा / सीएसएबी सीट अलॉटमेंट लेटर, जेईई मेन 2026 स्कोर कार्ड, ऑनलाइन फीस भुगतान की रसीद, दसवीं और बारहवीं की अंकसूची व प्रमाणपत्र, ट्रांसफर सर्टिफिकेट माइग्रेशन सर्टिफिकेट, आधार कार्ड, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो और लागू होने पर श्रेणी प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा । दस्तावेजों की दो-दो स्वप्रमाणित प्रतियां जमा करनी होंगी। साथ ही सत्यापन के लिए सभी मूल दस्तावेज भी साथ लाना अनिवार्य रहेगा।

सीएसवीटीयू में बीटेक (ऑनर्स) प्रथम सेमेस्टर की शैक्षणिक गतिविधियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय ने नए विद्यार्थियों से जल्द रिपोर्टिंग कर कक्षाओं से जुड़ने की अपील की है।

एबीसी आईडी और अपार आईडी भी देना होगा

प्रवेश प्रक्रिया में विद्यार्थियों को एबीसी आईडी और अपार आईडी भी प्रस्तुत करनी होगी। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि रिपोर्टिंग से पहले ही दोनों आईडी तैयार कर लें, जिससे एडमिशन सेल में प्रक्रिया पूरी करने में अतिरिक्त समय न लगे। वहीं जिन विद्यार्थियों की पढ़ाई में गैप रहा है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गैप सर्टिफिकेट जमा करना होगा। इसके अलावा सभी विद्यार्थियों को निर्धारित प्रारूप में मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट भी प्रस्तुत करना होगा।

पहले सेमेस्टर की फीस 54,500 रुपए

बीटेक (ऑनर्स) के प्रथम सेमेस्टर के लिए विश्वविद्यालय ने 54,500 रुपए फीस निर्धारित की है। दूसरे से आठवें सेमेस्टर तक प्रत्येक सेमेस्टर में 50,700 रुपए शुल्क निर्धारित है। जबकि विश्वविद्यालय परिसर में फिलहाल छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल सुविधा उपलब्ध नहीं है। हालांकि, बाहर से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन निजी छात्रावासों और किराये के आवासों की जानकारी उपलब्ध कराएगा, ताकि विद्यार्थियों को रहने की व्यवस्था करने में परेशानी न हो।

शिक्षक पदोन्नति में टीईटी का पेंच

दुर्ग। जिले के सहायक शिक्षकों को प्रधान पाठक प्राथमिक शाला (ई संवर्ग) के पद पर पदोन्नति दिए जाने टीईटी की स्थिति स्पष्ट नहीं है। लिहाजा जिला शिक्षा अधिकारी ने संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर को पत्र प्रेषित कर सहायक शिक्षक से प्रधान पाठक, प्राथमिक शाला के पद पर पदोन्नति की कार्यवाही हेतु मार्गदर्शन मांगा गया है।

दरअसल, आवेदक टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक साझा मंच द्वारा न्यायालय के आदेश, राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीसी) के प्रावधानों एवं छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा सेवा ( शैक्षिक एवं प्रशासनिक संवर्ग) भर्ती तथा पदोन्नति नियम, 2026 के अनुरूप पदोन्नति प्रकिया शीघ्र पूर्ण कराए जाने के संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किया गया।

वहीं शिक्षकों का एक ऐसा धड़ा है जिनका कहना है कि पिछले वर्षों में भी बिना टीईटी के शिक्षकों को प्रमोशन दिया गया है। ऐसी स्थिति में पदोन्नति के पात्र शिक्षकों के लिए टीईटी की बाध्यता नहीं होनी चाहिए। वैसे टीईटी क्लीयर करने वाले के लिए समय भी दिया गया है। केवल टीईटी के लिए पदोन्नति में अवरोध डालना उचित नहीं है।

संदर्भित पत्र द्वारा प्राप्त निर्देश के परिपालन में सहायक शिक्षक से प्रधान पाठक, प्राथमिक शाला (ई संवर्ग) के पद पर पदोन्नति की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। 1 अप्रैल 2025 की स्थिति में जारी अंतिम वरिष्ठता सूची के आधार पर विगत 5 वर्षों की गोपनीय चरित्रावली एवं अचल संपत्ति विवरण सहित प्रस्ताव विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों से मंगाई गई है।

नशीली गोलियों के कारोबार में संलिप्त 6 आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का उतई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम डुण्डेरा में एक नाबालिग समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 71 पत्तों में 1065 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट अल्प्राजोलम और बिक्री से संबंधित 3500 रुपए नकद जब्त किए हैं।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 15 अगस्त को सूचना मिली थी कि गायत्री डुण्डेरा में केवेन्द्र पटेल उर्फ छोटा अपने साथियों के साथ नशीली टेबलेट की बिक्री कर रहा है। थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेहियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान केवेन्द्र पटेल और एक नाबालिग के कब्जे से नशीली टेबलेट बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने टेबलेट मरोदा निवासी इब्राहिम अली खान, घनश्याम गुप्ता, देवेन्द्र निर्मलकर और जीतू नायक से खरीदकर बिक्री के लिए लाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित आरोपियों की तलाश कर उन्हें भी हिरासत में लिया। जांच में सामने आए नेटवर्क के आधार पर पुलिस ने कारवाई को आगे बढ़ाया।

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बेटे ने मां की कर दी हत्या

मानपुर। मां ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं दिए तो कलयुगी पुत्र ने बांस के डंडे से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग मां की कुछ समय पश्चात मौत हो गई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

मानपुर पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विवाहित महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत की सूचना मिलने पर जांच के दौरान मृतिका इद्रोतिन बाई नुरेटी, पति अमित राम नुरेटी, उम्र 40 वर्ष, निवासी टांगापानी (तुमडीकसा), थाना मानपुर के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक द्वारा मृत्यु का कारण सिर में गंभीर चोट एवं उससे उत्पन्न जटिलताओं को बताते हुए मृत्यु की प्रकृति हिंसात्मक होना लेख किया गया।

मर्ग जांच के दौरान मृतिका के पति अमित राम नुरेटी, सास मेसनी बाई सहित अन्य गवाहों के कथन लिए गए। जांच में सामने आया कि 12 अगस्त को हरेली पर्व के अवसर पर परिवार के सदस्य खेत में पूजा करने गए थे। घर पर मृतिका इद्रोतिन बाई रेटी एवं उसका पुत्र रोहित कुमार नुरेटी मौजूद थे।

जांच एवं गवाहों के कथनों के अनुसार, आरोपी रोहित कुमार नुरेटी द्वारा शराब पीने के लिए अपनी मां से रुपये मांगे गए। रुपये नहीं देने की बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने बांस के डंडे से अपनी मां के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। परिजन जब वापस घर पहुंचे तो मृतिका खाट पर पड़ी हुई थी।

मृतिका ने इशारे से अपने पति को घटना के संबंध में बताया। इसके बाद परिजन तत्काल उसे उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक द्वारा जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।

प्रकरण में थाना मानपुर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहित कुमार नुरेटी पिता अमित राम नुरेटी, उम्र 24 वर्ष, निवासी टांगापानी (तुमडीकसा), थाना मानपुर, जिला मोहला मानपुर- अंबागढ़ चौकी को 16 अगस्त को समय 1.40 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

अधिक शराब पीने से फिर एक युवक की मौत

राजनांदगांव। अवैध शराब पीने से डोंगरगढ़ के एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है। घटना की जांच की जा रही है।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम सतीश साकरे पिता मनोहर साकरे उम्र लगभग 40 वर्ष निवासी गौतम नगर डोंगरगढ़ बताया जाता है मृतक के परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर बताया गया कि सतीश साकरे ने अत्यधिक शराब सेवन कर लिया था। स्वास्थ्य बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में भर्ती कराया गया था।

प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां रविवार की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। धर्मनगरी डोंगरगढ़ में शराब बिक्री पर पूर्णत प्रतिबंध लगा हुआ है। इस बावजूद शहर के आधा दर्जन से अधिक वार्डों में जमकर अवैध शराब की बिक्री हो रही है।

बिजली कटौती से परेशान किसानों ने दिया अल्टीमेटम

खैरागढ़। खेती-किसानी के महत्वपूर्ण दौर में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान बुन्देली क्षेत्र के किसानों ने 14 अगस्त को विद्युत वितरण केंद्र के कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन सौंपकर नियमित एवं पर्याप्त बिजली आपूर्ति की मांग की। किसानों ने कहा कि अनियमित विद्युत आपूर्ति और कम वोल्टेज के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है जिससे फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।

किसानों ने कृषि कार्य के लिए निर्धारित विद्युत आपूर्ति व्यवस्था का पालन कराने, अनावश्यक कटौती बंद करने तथा पर्याप्त व सही वोल्टेज उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने क्षेत्र में ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने अथवा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की भी मांग रखी। ज्ञापन में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों का भी उल्लेख किया गया।

किसानों ने बताया कि कुछ उपभोक्ताओं द्वारा स्मार्ट मीटर लगने के बाद अधिक बिजली बिल आने की शिकायत की जा रही है। उन्होंने ऐसे इच्छुक उपभोक्ताओं के आवेदन स्वीकार कर नियमानुसार स्मार्ट मीटर के स्थान पर सामान्य मीटर लगाने तथा शिकायतों की जांच कराने की मांग की।

महाविद्यालय की मांग को लेकर पूर्व विधायक उपवास पर

डोंगरगढ़। मुढीपार क्षेत्र में नवीन महाविद्यालय खोलने की मांग को लेकर पूर्व विधायक एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण पूर्व अध्यक्ष भुनेश्वर शोभाराम बघेल ने बीते दिन एक दिवसीय उपवास किया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर मुढीपार में महाविद्यालय खोलने की मांग रखी। मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बघेल ने कहा कि क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से महाविद्यालय खोलने की मांग की जा रही है।

मुढीपार के आसपास करीब 30 से 35 गांवों के 500 से 600 विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर जाना पड़ता है। आवागमन की कठिनाइयों के कारण कई विद्यार्थी पढ़ाई बीच में छोड़ने को मजबूर होते हैं। बघेल ने कहा कि मुढीपार में महाविद्यालय शुरू होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए जल्द महाविद्यालय खोलने की घोषणा करने का आग्रह किया।

उपवास को खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल दास साहू, महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती महोबिया सहित कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, पालकों एवं विद्यार्थियों ने समर्थन दिया। बघेल ने कहा कि महाविद्यालय शुरू होने पर क्षेत्रवासी शासन के प्रति आभार व्यक्त करेंगे।

जमीन बंटवारे के विवाद में पोते ने की दादी की निर्मम हत्या

खैरागढ़। जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र के ग्राम ठाकुरटोला में पारिवारिक जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पोते ने अपनी 70 वर्षीय दादी पर बांस की कमचील लकड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उपचार के दौरान वृद्धा की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना 13 अगस्त 2026 की शाम करीब 4 बजे की है। ग्राम ठाकुरटोला निवासी चन्द्रध्वज सिंह उर्फ विक्की (28 वर्ष), पिता मोरध्वज पुलस्त्य का अपनी दादी चमेली बाई (70 वर्ष), पति नीलाम्बूज से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए दादी के साथ हाथ-मुक्का और लात से मारपीट की तथा बांस की कमचील लकड़ी से भी हमला किया। हमले में चमेली बाई की दाहिनी आंख के ऊपर कनपटी के पास गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान लेकर पहुंचे जहां रात करीब 8 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना 14 अगस्त की सुबह करीब 8:40 बजे पुलिस को मिली। रिपोर्ट के आधार पर थाना मोहगांव में अपराध क्रमांक 17/2026 दर्ज कर धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मामला कायम किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चन्द्रध्वज सिंह उर्फ विक्की को 14 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान मारपीट में इस्तेमाल की गई दो नग बांस की कमचील लकड़ी भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m