भिलाईनगर। डीपीएस भिलाई ने नए शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए फीस में 8 प्रतिशत बढ़ोतरी कर दी है। नर्सरी क्लास से क्लास 5 तक के लिए बीएसपी वर्ग के बच्चों को साल भर में 60000 रु. और गैर बीएसपी वर्ग के बच्चों को 99000 रु. ट्यूशन फीस देना होगा। स्कूल बस और स्मार्ट क्लास की फीस अलग से देनी होगी।
यह भी पढ़ें : वेदांता पावर प्लांट हादसा अपडेट: 21 मौतों के बाद अब लगा रहे मुआवजे का मरहम, उच्च स्तरीय जांच हुई शुरू…
स्कूल फीस में हर वर्ष बढ़ोतरी का नियम है। इसके हिसाब से डीपीएस भिलाई ने 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। नर्सरी क्लास से क्लास 5 तक का बच्चा यदि स्कूल बस से आता है तो उसे ट्यूशन फीस, ट्रांसपोर्ट फीस और स्मार्ट क्लास फीस को मिलाकर साल भर में करीब 78000रु. देना होगा। यदि बच्चा गैर बीएसपी वर्ग का है तो उसकी कुल फीस करीब 117000 रु. देना होगा। इसी तरह 12 वीं क्लास के गैर बीएसपी वर्ग के लिए कुल फीस करीब 126300 रु. हो गई है।

असल में स्कूल के टीचिंग स्टाफ का हर वर्ष एनुअल इन्क्रीमेंट और दो बार डीए में बढ़ोतरी की जाती है। कुछ टीचर्स का पे स्कैल स्लैब भी अपग्रेड होता है यानी ग्रेड पे चेंज हो जाता है। मोटे तौर पर टीचर्स और अन्य स्टाफ की सैलरी में हर वर्ष औसतन 6 से 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाती है। ऐसे में स्कूल मैनेजमेंट मानता है कि फीस में बढ़ोतरी करना अनिवार्य है। बढ़ोतरी नहीं करने पर टीचर्स और अन्य स्टाफ को सैलरी देना मुश्किल हो जाएगा। फीस नियामक आयोग भी 6 से 8 प्रतिशत बढ़ोतरी की छूट देता है। बढ़ोतरी करने पर जिला शिक्षा विभाग से एप्रूवल लेना पड़ता है।
बेटे की लापरवाही से मां की मौत, अपराध दर्ज
भिलाईनगर। नंदिनी थाना अंतर्गत एक सड़क हादसे में मां की जान चली गई, जबकि वाहन चला रहा उसका बेटा ही आरोपी बन गया। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नंदिनी पुलिस ने बताया कि सनत्रीन बाई टंडन (57 वर्ष) निवासी ग्राम बोडेगांव 20 अप्रैल को अपने बेटे अनिल कुमार टंडन के साथ शादी कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम मुडपार जा रही थीं। वे बेटे की पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी थी। डोंगरिया मार्ग पर जोंगांस-चेलक के खेत के पास पहुंचने पर चालक अनिल कुमार टंडन ने वाहन को तेज व लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए नियंत्रण खो दिया, जिससे दुर्घटना हो गई।
हादसे में महिला बाइक से गिर गई और सिर में गंभीर चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहिवारा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में नंदिनी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया आरोपी चालक की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ धारा 106 (1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
संपत्तिकर भुगतान की अंतिम तिथि 30 तक
भिलाईनगर। वित्तीय वर्ष 2025 26 में संपत्तिकर भुगतान एवं विवरणी प्रस्तुत करने के लिए नागरिकों को अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। भिलाई नगर निगम में संपत्ति कर जमा करने वालों को राहत शासन ने दिया है। शासन ने नगरीय निकायों में संपत्तिकर एवं विवरणी जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित थी, अब नागरिक 30 अप्रैल तक बिना किसी अतिरिक्त दंड के संपत्तिकर जमा कर सकेंगे। ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी दी गई है।
महिला समृद्धि बाजार के किराए पर संचालित दुकानों पर हुई कार्रवाई
दुर्ग। निगम क्षेत्र अंतर्गत गौरवपथ स्थित महिला समृद्धि बाजार का महापौर अलका बाघमार द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान महापौर विभिन्न दुकानों में पहुंचीं और वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने यह भी जानकारी ली कि परिसर में कितनी दुकानों का आवंटन हुआ है तथा कितनी दुकानें किराए पर संचालित हो रही हैं।
इस पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमों के विरुद्ध संचालित सभी दुकानों पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा संबंधित दुकान संचालकों को उसी दिन नोटिस जारी किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभारी शेखर चन्द्राकर एवं निगम बाजार विभाग अमला के समृद्धि बाजार परिसर का जायजा लिया तथा उपस्थित व्यापारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना ।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला समृद्धि बाजार की स्थापना की गई है। इस योजना का मूल उद्देश्य महिलाओं को व्यवसायिक अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस उद्देश्य की पूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बाजार की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं, ताकि यह बाजार शहर की महिलाओं के लिए एक आदर्श व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित हो सके।
स्वच्छता में खामियों पर जताई नाराजगी
महापौर अलका बाघमार ने निरीक्षण के दौरान बाजार परिसर में व्याप्त स्वच्छता संबंधी खामियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बाजार में आने वाले ग्राहकों, विशेषकर महिलाओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
रानी अवंती बाई सरोवर को भू-माफियाओं से बचाने मुहिम शुरु
भिलाईनगर। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने भिलाई की ऐतिहासिक धरोहर और जल स्रोत रानी अवंती बाई सरोवर कोहका, जुनवानी रोड को भू-माफियाओं के चंगुल से बचाने के लिए निर्णायक मुहिम शुरू कर दी है। सरोवर के अस्तित्व पर मंडराते खतरे को देखते हुए विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर इस मामले की उच्च स्तरीय प्रशासनिक जांच की मांग की है।
सरोवर की जमीन को लेकर चल रहे अदालती दांवपेच के बीच एक बड़ा अपडेट सामने आया है। जानकारी के अनुसार सरोवर के लिए जमीन तो दान दी जा चुकी है लेकिन अब बिल्डर द्वारा सरोवर के तट और पाल (मेढ़) की जमीन पर अपना दावा ठोकते हुए उच्च न्यायालय में मुकदमा दायर किया गया है।
विधायक रिकेश सेन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए भिलाई नगर निगम कमिश्नर को तलब किया और वतर्मान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनभावनाओं और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोपरि रखते हुए निगम प्रशासन उच्च न्यायालय में अपना पक्ष मजबूती से रखे ।
15.20 करोड़ से होगा ऑक्सी जोन का निर्माण
भिलाईनगर। नगर निगम भिलाई के जुनवानी में ऑक्सीजन का निर्माण लगभग 15.20 करोड़ से किया जाना है। इस कार्य को वन विभाग के माध्यम से कराया जाना प्रस्तावित है। इस कार्य के लिए डी. पी. आर. तैयार होना है।
जानकारी के अनुसार, भिलाई नगर अंतर्गत जुनवानी में खसरा नं. 199 कुल रकबा 10.39 हेक्टेयर रिक्त नजूल भूमि है, जिस पर बेजा कब्जा की कोशिश होती रहती हैं। यह भूमि आमोद प्रमोद मद की है। उक्त भूमि जुनवानी मुख्य मार्ग से लगभग 1 कि.मी. से अधिक दूरी तक लगी हुई है, जुनवानी मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है। उक्त क्षेत्र में ग्रीन एरिया एवं पार्कों की संख्या अपेक्षाकृत कम है।
इसे देखते हुए भिलाई नगर निगम के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने आसपास रहने वाले लोगों को शुद्ध हवा मिल सके इसके लिए ऑक्सीजोन का निर्माण किए जाने के आदेश दिए हैं। बताया जा रहा है कि उक्त क्षेत्र में बड़ी संख्या में आवासीय कॉलोनियों का विकास हुआ है। लगातार आवास निर्माण के कार्य में निरंतर तेजी आ रही है। उक्त क्षेत्र में ऑक्सीजोन बनाये जाने से शासकीय नजूल भूमि की सुरक्षा के साथ-साथ आस-पास के हजारों आम नागरिकों को लाभ होगा। पर्यावरण संरक्षण भी हो सकेगा।
खुर्सीपार कन्या विद्यालय को बचाने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र
भिलाईनगर। खुर्सीपार स्थित बीएसपी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को बंद करने के निर्णय का स्थानीय लोगों के साथ शिक्षकों ने कड़ा विरोध किया है। इस संबंध में उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर स्कूल को यथावत संचालित रखने की मांग की है। निजी स्कूलों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
बीएसपी प्रबंधन द्वारा 1976 से चल रहे स्कूल को बंद करना गरीब और मध्यम वर्गीय बेटियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। यदि इसी प्रकार सरकारी और सार्वजनिक उपक्रमों के स्कूल बंद होते रहे, तो क्षेत्र में प्राइवेट स्कूलों का दबदबा बढ़ जाएगा। निजी स्कूलों की भारी-भरकम फीस गरीब अभिभावकों के बस के बाहर की बात होगी।
क्षेत्र में अच्छे स्कूलों का अभाव
जसप्रीत सिंह ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि खुर्सीपार क्षेत्र में वर्तमान में अन्य कोई अच्छे विकल्प मौजूद नहीं हैं। जो भी अच्छे स्कूल हैं, वे यहां से कई किलोमीटर की दूरी में है, इससे छात्राओं की सुरक्षा और आवागमन की समस्या बढ़ेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आम जनता को आरटीई (शिक्षा के अधिकार) के तहत प्रवेश लेने में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
निगम की सामान्य सभा में मचा हंगामा
राजनांदगांव। नगर निगम में प्रश्न काल के बीच ही सत्तापक्ष और विपक्ष के नेता आपस में भीड़ गए, जिससे सामान्य सभा की बैठक हंगामेदार रही। विपक्ष ने बूढ़ासागर में भ्रष्टाचार पर तीखा हमला बोला और कार्यवाही का ब्यौरा मांगा, वहीं बैठक में तीन माह के बाद भी पेंशन नही मिलने के मसला पर कांग्रेसियों ने सत्तापक्ष का घेराव किया। इसके अलावा विपक्ष ने बैठक में जनहित का विषय नही लाने की बात कहकर सत्तापक्ष का घेराव किया। वही विपक्ष ने संपत्तिकर बढ़ाए जाने के मामले में नागरिको पर भार बढ़ाने की बात कहकर इसका विरोध किया।
हालांकि, बैठक में लाए गए सभी सात विषय को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। विपक्ष ने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बाद भी नगरनिगम में राजस्व की कमी होना आश्चर्यजनक हैं। इस दौरान पार्षद राजा तिवारी ने निगम की खामियां गिनाते हुए पेपर कटिंग का माला लेकर पहुंचे थे। नगरनिगम में बजट पेश करने के एक दिन पहले सामान्य सभा की बैठक काफी खिंचतान के बीच संपन्न हुई। बैठक में लगाए गए सात विषय तो सर्वसम्मति से पारित हो गए। लेकिन सत्तापक्ष को बूढ़ा सागर में भ्रष्टाचार, पेंशन राशि नही मिलने के मामले में घिरना पड़ गया।
हालांकि, सभी सवालों का महापौर मधुसूदन यादव ने बारी बारी से जवाब दिया । नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने तीन तीन माह से पेंशन नही मिलने की समस्या उठाई, वहीं नयापारा वार्ड पार्षद राजा तिवारी ने पुरानी बिल्डिंगों को जीणोध्दार करने के बजाय शहर के रोड़ और नाली की मरम्मत कराने की मांग उठाई। पार्षद हफीज खान ने लाए गए विषय जनहित के नही होने की बात कही। जिसे लेकर तीखी बहस होती रही। वार्ड 45 के पार्षद डूरेन्द्र साहू ने ई रिक्शा की खरीदी, रखरखाव व इसकी नीलामी की जानकारी मांगी।
आज शहर का बजट पेश करेंगे महापौर
नगरनिगम महापौर मधुसूदन यादव वर्ष 2026-27 का बजट आज पेश करेगें। पिछले दिनों लगातार बजट बैठक की तिथि लगातार टलती रही। दो बार तिथि टाली गई। हांलाकि तीसरी बार 21 और 22 अप्रैल को अन्ततः शहरीय बजट पेश किया जाएगा।
सेवासिंह ओबेराय कंपनी की अनुमति निरस्त
राजनांदगांव। कार्यपालन अभियंता जल संसाधन संभाग राजनांदगांव द्वारा मेसर्स सेवासिंह ओबेराय एण्ड कंपनी पद्मनाभपुर को डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत खुर्सीपार स्थित बिल्हरी जलाशय के गहरीकरण कर मलबा, मिट्टी परिवहन हेतु शर्तों एवं निर्देशों का पालन नहीं करने के कारण अनुमति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।
अनुविभागीय अधिकारी जल संसाधन उप संभाग क्रमांक 01 राजनांदगांव से प्राप्त प्रतिवेदन अनुसार मेसर्स सेवासिंह ओबेराय एण्ड कंपनी पद्मनाभपुर को दिये गये निर्देशों का अव्हेलना कर गहरीकरण किया जा रहा है, जिससे जलाशय को भविष्य में क्षति पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही कंपनी द्वारा डुबान क्षेत्र में बांधपार से 60 मीटर दूरी छोड़कर गहरीकरण किया जाना था, किन्तु कंपनी द्वारा निर्देशों का अनदेखा कर बांधपार से 25-30 मीटर दूरी छोड़कर गहरीकरण किया जा रहा है।
कंपनी को 0.60 मीटर गहरीकरण की अनुमति प्रदान की गई थी, किन्तु कंपनी द्वारा 2 से 2.50 मीटर गहराई कर गहरीकरण किया जा रहा है। कंपनी को दिये गये निर्देश में बांधपार के डाऊन स्ट्रीम में 200 पौधे (ट्री गार्ड के साथ) लगाया जाना था, किन्तु कंपनी द्वारा नहीं लगाया गया है। कंपनी द्वारा जलाशय के स्थाई संरचना को लगातार नुकसान पहुंचाया गया है। मेसर्स सेवासिंह ओबेराय एण्ड कंपनी पद्मनाभपुर को शर्तों का पालन नहीं करने के कारण अनुमति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
इसके साथ ही बांध एवं बांध के भीतर किये गये क्षति को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए है। निर्देशों का पालन नहीं करने पर सिंचाई अधिनियम के तहत कंपनी के विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
‘सिकाडा कीड़े’ की बढी संख्या से लोग परेशान
डोंगरगढ़। इन दिनों शहर में रात के समय एक विशेष प्रकार के कीड़ों की संख्या अचानक बढ़ने से लोग परेशान नजर आ रहे हैं। घरों की रोशनी जलते ही बड़ी संख्या में ये कीड़े दरवाजों और खिड़कियों के आसपास मंडराते दिखाई दे रहे हैं। कीड़े सिकाडा कहलाते हैं, जो गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में बाहर निकलते हैं।
जानकारों के अनुसार, यह प्रजाति अधिकतर काला सिकाडा की है, जो प्रदेश सहित देश के कई गर्म क्षेत्रों में पाई जाती है। इनका शरीर काला होता है और पंख पारदर्शी होते हैं, जिन पर हल्के धब्बे दिखाई देते हैं। अचानक बढ़ी संख्या के कारण विशेषज्ञों का कहना है कि काडा कईवर्षों तक जमीन के भीतर रहते हैं और तापमान व नमी अनुकूल होने पर एक साथ बाहर निकलते हैं।
वर्तमान में बढ़ती गर्मी और वातावरण में नमी इनके बाहर आने का मुख्य कारण रात में रोशनी की ओर आकर्षित होने के कारण ये बड़ी संख्या में घरों के आसपास दिखाई दे रहे हैं। हानिरहित, केवल असुविधा इन कीड़ों को लेकर लोगों में डर का माहौल बन रहा है, लेकिन जानकारों का कहना है कि सिकाडा पूरी तरह से हानिरहित होते हैं। ये न तो काटते हैं और न ही किसी प्रकार का जहर फैलाते हैं। हालांकि, इनकी अधिक संख्या के कारण लोगों को असुविधा जरूर हो रही है।
नागरिक क्या करें
रात में अनावश्यक रोशनी कम रखें, दरवाजों व खिड़कियों पर जाली लगाएं घर के बाहर हल्की रोशनी का उपयोग करें, विशेषज्ञों के अनुसार यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और कुछ ही सप्ताह में इनकी संख्या अपने आप कम हो जाएगी।
फिलहाल नागरिकों को घबराने के बजायसावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मण्डीप खोल गुफा खुलने से पहले सुरक्षा-व्यवस्था पर प्रशासन का फोकस
खैरागढ़। जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं और बैठक में 27 अप्रैल को मण्डीप खोल गुफा खुलने से पूर्व की तैयारियों पर विशेष चर्चा की गई। विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के दिए गए। संभावित भीड़ को देखते निर्देश हुए सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
मण्डीप खोल गुफा के लिए होगी विशेष तैयारी पहले आगामी 27 अप्रैल को गुफा खुलने से व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई है। कलेक्टर ने यहाँ अतिरिक्त पुलिस बल तैनाती के निर्देश दिये है वहीं भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया है। पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किये गए है।
अस्थायी चिकित्सा शिविर लगाने और आवास निर्माण पूर्ण करने के निर्देश गुफा खुलने से पहले स्वास्थ्य विभाग को आपात सेवाएं तैयार रखने कहा गया वहीं आवास योजना में तेजी लाने पर प्रशासन का फोकस सामने आया है और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की गई है तथा अपूर्ण आवासों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिये गए है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

