Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : दुर्ग. कोयला घोटाला मामले में आयकर विभाग की टीम ने दुर्ग के भिलाई स्थित सूर्या रेसिडेंसी पर दबिश दी. यहां आरोपी सूर्यकांत तिवारी की बेनामी संपत्ति को सील किया गया. जानकारी के मुताबिक, आरोपी सूर्यकांत तिवारी ने सूर्या रेसिडेंसी में यह मकान ले रखा था. मकान की रजिस्ट्री मनीष उपाध्याय के नाम पर है. रायपुर से पहुंची आयकर विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए मकान को सीज कर दिया. कार्रवाई के दौरान ढोल बजाकर मोहल्ले में मुनादी भी कराई गई.
व्यापम परीक्षा में “नाउ” शब्द के प्रयोग पर आपत्ति
दल्लीराजहरा. छत्तीसगढ़ व्यापम की परीक्षा के प्रश्नपत्र में “नाउ” शब्द के प्रयोग के संबंध में सेन (नाई) समाज ने आपत्ति जताई हैं. साथ ही कार्रवाई के लिए 22 सितम्बर को सेन समाज के लोग मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौपेंगे. सेन समाज के प्रदेश प्रतिनिधि लक्ष्मीनारायण सेन ने कहा कि 20 सितंबर को छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा आयोजित परीक्षा के प्रश्नपत्र में एक प्रश्न/लोकोक्ति के संदर्भ में “नाउ” शब्द का प्रयोग किया गया है. उक्त शब्द के प्रयोग को लेकर सेन (नाई) समाज द्वारा आपत्ति व्यक्त की जा रही है. सेन समाज अपनी सामाजिक एवं पारंपरिक पहचान के लिए “नाई” शब्द का प्रयोग करता है तथा समाज की स्वीकृत पहचान इसी नाम से है. ऐसी स्थिति में किसी प्रतियोगी परीक्षा के प्रश्नपत्र में सेन (नाई) समाज के संदर्भ में “नाउ” शब्द का प्रयोग किया जाना समाज को स्वीकार्य नहीं है. श्री सेन का कहना है कि आपत्ति का उद्देश्य किसी व्यक्ति अथवा संस्था पर आरोप लगाना नहीं है. हमारा निवेदन केवल इतना है कि किसी समाज की पहचान के लिए प्रयुक्त शब्दावली का चयन करते समय उसके प्रचलित नाम, संदर्भ एवं सामाजिक स्वीकार्यता का ध्यान रखा जाना चाहिए. प्रतियोगी परीक्षा का प्रश्नपत्र बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों एवं आम नागरिकों तक पहुँचता है. इसलिए उसमें किसी समाज अथवा समुदाय से संबंधित शब्द का प्रयोग करते समय उसके सही संदर्भ एवं उचित शब्दावली का प्रयोग किया जाना आवश्यक है. उन्होंने मांग किया कि संबंधित प्रश्न एवं उसमें प्रयुक्त “नाउ” शब्द की आधिकारिक समीक्षा कराई जाए. यह स्पष्ट किया जाए कि उक्त शब्द किस स्रोत, संदर्भ अथवा आधार पर प्रश्नपत्र में शामिल किया गया. सेन (नाई) समाज द्वारा प्रस्तुत आपत्ति को विधिवत दर्ज करते हुए संबंधित प्राधिकरण से लिखित स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए. यदि समीक्षा में उक्त शब्द का प्रयोग अनुचित अथवा संदर्भहीन पाया जाता है, तो नियमानुसार उचित सुधारात्मक कार्रवाई की जाए. भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र तैयार करते समय विभिन्न समाजों की पहचान से संबंधित शब्दों के प्रयोग में समाज द्वारा स्वीकृत एवं प्रचलित नामावली तथा उचित संदर्भ का ध्यान रखा जाए. उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति अथवा संस्था को कटघरे में खड़ा करना नहीं, बल्कि समाज की आपत्ति को शासन के समक्ष विधिवत रखते हुए उचित समीक्षा, स्पष्टता एवं आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध करना है. उक्त विषय को संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभाग एवं छत्तीसगढ़ व्यापम को आवश्यक परीक्षण एवं कार्रवाई हेतु निर्देशित करें तथा की गई कार्रवाई से समाज को अवगत कराया जाए.
बंटी-बबली गैंग का खुलासा, सीसीटीवी फुटेज से पकड़ में आए चेन लुटेरे
भिलाई. दुर्ग जिले में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने आए दूसरे जिले के दो छात्र पैसों की कमी से जूझ रहे दोनों दोस्तों मे अपने शौक पूरे करने और पढ़ाई के खर्चे उठाने के लिए चेन लूटेरे बन गए. सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों की निशानदेही पर झपटमारी की घटना से संबंधित सोने की चेन के हिस्से तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई. सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रुम में शहर एएसपी शोभराज अग्रवाल ने पत्रवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि 31 जुलाई को प्रार्थी सरोज कुमार राय द्वारा थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी माता गीता देवी (62 वर्ष) प्रातः लगभग 06.32 बजे घर के सामने पैदल टहल रही थी. इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति स्कूटी से पहुंचे. स्कूटी में पीछे बैठे व्यक्ति द्वारा गीता देवी के गले में पहनी सोने की चैन झपटकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के संबंध में थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य माध्यमों से आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी. इसी तरह से 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट विद्या विहार कॉलोनी, सुपेला क्षेत्र में पुनः गीता देवी के साथ चैन झपटमारी की घटना हुई. इस संबंध में थाना सुपेला में धारा 304 बीएमएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया. विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विक्की नायक की पहचान की गई. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने साथी तरूणा सिन्हा के साथ वारदात को अंजाम देना बताया. पुलिस ने दोनों आरोपियों विक्की नायक (23 वर्ष) निवासी ग्राम बारसिवनी जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) वर्तमान पता तितुरडीह, मुकुट नगर थाना मोहन नगर व तरूणा सिन्हा (20 वर्ष) निवासी मुदलियार कॉलोनी राजनांदगांव, वर्तमान पता तितुरडीह, मुकुट नगर को गिरफ्तार किया है. वहीं पुलिस ने जिस घरों से सीसीटीवी फुटेज की मदद मिली, उन्हें पुलिस कंट्रोल रुम में सम्मानित किया.
स्वाइन फ्लू के फिर मिले 3 नए मरीज, 7 का इलाज जारी
दुर्ग. जिले में स्वाइन फ्लू के मरीज लगातार बढ़ने लगा है. जिले में 21 सितम्बर को फिर 3 नए मरीज मिले है. वर्तमान में जिले में कुल 7 एक्टिव मरीज है. इनमें 3 हॉस्पिटल में भर्ती है. वहीं 4 मरीज होम आइसोलेटेड है, जिनका विभिन्न अस्पतालों में चिकित्सकीय उपचार चल रहा है, जिनकी स्थिति अभी सामान्य है. जिले में नये धनात्मक प्रकरण मिलने पर कांटेक्ट ट्रेसिंग की रही है, नियमित रूप से मरीजों की मॉनिटरिंग की जा रही है. स्वाइन फ्लू को लेकर जिले में कुल 23 आइसोलेशन वार्ड तैयार किए गए है. साथ ही 158 बिस्तर आरक्षित किया गया है. जिले में स्वाइन फ्लू के संबंध में कलेक्टर के निर्देशानुसार डॉ. मनोज दानी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला दुर्ग, डॉ. सी.बी.एस. बंजारे, जिला सर्वेलेंस अधिकारी, आईडीएसपी दुर्ग एवं सुश्री भूमिका वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, एन.एच.एम., दुर्ग के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है. यह बता दे कि 5 अगस्त से आज तक कुल 62 स्वाइन फ्लू धनात्मक प्रकरण मिल चुके हैं. इनमें से 55 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है.
घरेलू विवाद और चरित्र पर संदेह के चलते पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार
भिलाई. घरेलू विवाद एवं चरित्र पर संदेह के चलते पति ने पत्नी की हत्या कर दी. हत्या की घटना छिपाने के उद्देश्य से आरोपी पति मृतका को पूर्व बीमारी बताकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धमधा लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित किया. थाना धमधा पुलिस ने नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पूछताछ के आधार पर 24 घंटे के भीतर हत्या की घटना का खुलासा कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रुम में शहर एएसपी शोभराज अग्रवाल ने पत्रवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि 20 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धमधा से नवविवाहिता अन्नू खांडे पति त्रिलोक खांडे की अज्ञात अवस्था में मौत होने की अस्पताल सूचना थाना धमधा को प्राप्त हुई. मृतका नवविवाहिता होने से अनुविभागीय दण्डाधिकारी धमधा को सूचना देकर नायब तहसीलदार धमधा की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई की गई. पंचनामा के दौरान मृतका के सिर पर चोट के निशान पाए गए. पंचनामा कार्रवाई के पश्चात मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया. शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका की मौत को होमिसाइडल (हत्या जनित) लेख किया गया. इसके बाद पुलिस द्वारा मृतका के परिजनों एवं संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी एकत्र की गई. पूछताछ में मृतका के पति त्रिलोक खांडे द्वारा मृतका से घरेलू बातों को लेकर पूर्व में विवाद होने तथा उसके चरित्र पर संदेह किए जाने की जानकारी सामने आई. पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों के मध्य पूर्व से विवाद चल रहा था तथा 21 फरवरी 2026 को दोनों तलाक लेने के संबंध में धमधा न्यायालय गए थे. बाद में मृतका को मायके छोड़ने के दौरान उसके पिता के साथ मारपीट की घटना को लेकर थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज हुई थी. 19 सितंबर की रात्रि लगभग 11 से 11.30 बजे के मध्य पुनः विवाद होने पर आरोपी पति द्वारा खाट पर बैठी अन्नू खांडे के सिर पर हाथ-मुक्के से लगातार मारपीट कर तथा गला दबाकर उसकी हत्या किए जाने की बात पूछताछ में सामने आई.
शराब पीकर स्कूल आने वाला प्रधान पाठक सस्पेंड
राजनांदगांव. स्कूल में शराब लेकर पहुंचने और कार्यालय से लगातार बिना सूचना गायब रहने पर शिक्षा विभाग ने दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है. डीईओ प्रवास कुमार सिंह बघेल ने प्राथमिक शाला मलई डबरी, डोंगरगांव के प्रधान पाठक राजपति लाल धुर्वे और बीईओ कार्यालय के सहायक ग्रेड-3 संतोष कुमार यादव पर कार्रवाई की है. धुर्वे के खिलाफ 15 सितंबर को शराब लेकर स्कूल पहुंचने की शिकायत मिली थी. संकुल प्राचार्य और समन्वयक ने ग्रामीणों की मौजूदगी में जांच कर शिकायत की पुष्टि की. दूसरे मामले में संतोष कुमार यादव लगातार बिना पूर्व सूचना कार्यालय से अनुपस्थिता थे. कारण बताओ नोटिस देकम उनसे जवाब मांगा गया, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं मिला इसके बाद उन्हें भी निलंबित क दिया गया. निलंबन अवधि में दोन का मुख्यालय बीईओ कार्याल डोंगरगांव रहेगा.

किसानों से धान खरीदी के नाम पर 21.37 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार
बालोद. जिले के सनौद थाना क्षेत्र में 19 किसानों से धान खरीदी के नाम पर 21.37 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि आरोपी ने किसानों से बाजार भाव से अधिक दर पर धान खरीदने और जल्द भुगतान करने का झांसा दिया, लेकिन धान लेने के बाद रकम का भुगतान नहीं किया. मामले में सनौद थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम नांहदा, थाना देवरी निवासी आरोपी दीपक अग्रवाल को गिरफ्तार किया है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



