भिलाईनगर। बीएसपी के रिटेंशनधारियों ने आज कहा कि उनके विरुद्ध मैनेजमेंट दमनात्मक कार्रवाई बंद करे। किराया वृद्धि को तत्काल वापस ले। उनके आवासों के नियमितीकरण की नीति बनाए। टाउनशिप की जमीन को अन्य एजेंसी को देने के बजाय रिटायर्ड कार्मिकों को रियायती दर पर दे।

यह भी पढ़ें : CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में आज गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट

सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ के अध्यक्ष सुरेशचंद ने प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि रिटेंशनधारी मैनेजमेंट की दमनात्मक नीति के विरुद्ध शनिवार से टाउनशिप में जनजागरण करेंगे। जरूरत पड़ी तो क्रमिक भूख हड़ताल करेंगे और यह तब तक जारी रहेगा जब तक कि उनके हित में निर्णय नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि अब दमनात्मक नीति अब रिटायर्ड कर्मी अपनी जान देने के लिए तैयार हैं।

सुरेशचंद ने कहा कि हाउस लीज का छठवें चरण की भरपाई के रूप में ही रिटेंशन स्कीम और बाद में हाउस लाइसेंस स्कीम को लागू किया गया। वर्तमान में बीएसपी के नियमित कार्मिकों के लिए पर्याप्त आवास हैं। अतिरिक्त आवासों में रहने वाले कर्मी हर्गिज अनाधिकृत नहीं हैं क्योंकि सभी ने सेक्युरिटी डिपाजिट जमा की है। 32 गुना दंडात्मक किराया भी देते रहे हैं। नियमित रूप से किराया देते रहे हैं।

सुरेशचंद ने कहा कि यह अन्यायपूर्ण है कि थर्ड पार्टी के लिए 8 रु. और रिटायर्ड कार्मिकों के लिए उनसे तीन गुना ज्यादा यानी 24 रु. प्रति वर्गफीट कर दिया गया है। तृतीय पक्ष से दंडात्मक किराया नहीं लिया जाता। उन्हें न तो बेदखल किया जाता है न उन पर अन्य कोई कार्रवाई की जाती है। मैनेजमेंट में दम तो 32 बंगला खाली कराए, सेक्टर 9 में रह रहे राज्य सरकार के अफसरों को खाली कराए। कुछ लोगों ने स्वीमिंग पूल तक बनवा लिया है। राजनेता केवल छलावा करते रहे हैं।

स्कूल खुले बीता एक माह, किताबों के लिए टकटकी लगाए बैठे विद्यार्थी

दुर्ग। निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण में घोर लापरवाही बरती जा रही है। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 16 जून से स्कूल खुल गए। विडंबना है कि एक माह बाद भी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के विद्यार्थियों को किताबें नसीब नहीं हुई हैं। यानी ये बच्चे एक माह से बिना किताब के पढ़ाई कर रहे हैं।

स्कूलों में विद्यार्थियों को किताबें नहीं मिलने को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) दुर्ग द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन किया गया। एबीवीपी के जिला संयोजक रूपेश कुर्रे के नेतृत्व में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी / हिंदी माध्यम विद्यालयों में पाठ्य पुस्तकों की शीघ्र उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने संबंधी ज्ञापन जिला शिक्षा अधिकारी के नाम सहायक संचालक सीमा नायक को सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से एबीवीपी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने निवेदन किया है कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र प्रारंभ हुए लगभग एक माह होने को है, किंतु जिले के ज्यादातर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी / हिंदी माध्यम विद्यालयों में अब तक विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। इस वजह से बच्चों के नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पाठ्य पुस्तक के अभाव में विद्यार्थियों को अध्ययन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

शिक्षकों को भी निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार अध्यापन कराने में व्यावहारिक कठिनाइयां आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की जाती है, तो विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है।

एबीवीपी ने डीईओ से कहा है कि विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए इस विषय में शीघ्र आवश्यक कदम उठाएंगे अन्यथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर मंत्री निमिष देवांगन, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गजानन साहू, वैभव सिंह, पृथ्वी सिंह, अभय कोठारी, वर्षा तिवारी, कुणाल साहू आदि उपस्थित रहे।

चंद्रा- मौर्या अंडरब्रिज 15 अगस्त तक रहेगा बंद

भिलाईनगर। नगर निगम भिलाई ने चंद्रा मौर्या अंडरब्रिज में आवश्यक मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य के कारण आवागमन पर प्रतिबंध बढ़ा दिया गया है। अब यह अंडरब्रिज अब 15 अगस्त तक बंद रहेगा।

निगम के अनुसार अंडरब्रिज में सीसी कार्य के लिए संबंधित एजेंसी को 2 अप्रैल को 3 माह की कार्यावधि के साथ कार्यादेश जारी किया गया था। यह 15 जुलाई तक पूरा होना था, लेकिन रेलवे द्वारा चौथी रेलवे लाइन का कार्य शुरू कर देने के कारण निगम का मरम्मत कार्य प्रभावित हुआ।

इसी वजह से कार्य को पूरा करने के लिए समयावधि बढ़ाकर 15 अगस्त कर कर दिया गया। वहीं निगम आयुक्त ने पुलिस अधीक्षक, यातायात प्रभारी को पत्र लिखकर 15 अगस्त तक उक्त अंडरब्रिज में आवागमन बाधित, डायवर्ट करने के लिए आवश्यक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि कार्य सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संपन्न किया जा सके। किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।

पद्मनाभपुर थाना प्रभारी प्रमोद रुसिया को नोटिस, मांगा जवाब

दुर्ग। कुछ दिनों पूर्व हुए दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प के बाद एक युवक की हत्या कर दिए जाने वाले मामले में पद्मनाभपुर थाना प्रभारी प्रमोद रुसिया द्वारा मामले में उचित कानूनी कार्रवाई व जिम्मेदारी का निर्वहन न करते हुए अपने कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही बरतने को लेकर नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर ने उन्हें कारण बताओं नोटिस जारी किया है।

इस संबंध में उन्हें अपना स्पष्टीकरण तत्काल डाक के माध्यम से कार्यालय को उपलब्ध कराने कहा गया है। 12 जुलाई की रात को पोटिया चौक कुंदरा पारा थाना पद्मनाभपुर में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प के कारण लेखराम कोठारी की आरोपी गणों द्वारा हत्या कर दी गई थी। आरोपी गणों को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। इस मामले में प्रमोद रुसिया द्वारा लापरवाही बरते जाने का मामला सामने आया है।

हत्या होने के संबंध में थाना प्रभारी द्वारा नगर पुलिस अधीक्षक को किसी तरह की सूचना नहीं दी गई थी। थाना प्रभारी के पहुंचने से पूर्व ही नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए तुरंत घटनास्थल पहुंचकर निरीक्षण प्रारंभ कर दिया था और मृतक के शरीर को मर्चुरी भिजवा दिया था। दोनों पक्षों के बीच हिंसक विवाद के बाद तत्काल थाना पहुंचकर एक दूसरे के खिलाफ शिकायत की गई थी।

लेखराम कोठारी की हत्या की सूचना मिल जाने के बावजूद थाना प्रभारी द्वारा ऐहतियात बरता नहीं गया और एक आरोपी लक्ष्मी चेलक अस्पताल से फरार हो गया था जिसे देर रात एसीसीयु टीम द्वारा पकड़ा गया था। यदि उक्त आरोपी द्वारा पकड़े जाने से पूर्व अन्य कोई अपराध कर देता तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होता। आरोपियों की गिरफ्तारी में भी थाना प्रभारी द्वारा सार्थक प्रयास नहीं किया गया था।

वाणिज्यिक विवादों के त्वरित निपटारे के लिए दुर्ग में विशेष न्यायालय

दुर्ग। दुर्ग जिले के उद्यमियों, व्यापारियों एवं औद्योगिक क्षेत्र के लिए राहत भरी खबर है। जिले से संबंधित वाणिज्य कर विवादों की त्वरित सुनवाई एवं शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा दुर्ग में वाणिज्यिक विवादों के त्वरित निपटारे के लिए विशेष न्यायालय की स्थापना होगी ।।

इसके तहत दुर्ग जिले से उत्पन्न होने वाले वाणिज्यिक मामलों की सुनवाई के लिए एक विशेष न्यायालय नामित करने की प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। विधि एवं विधायी कार्य विभाग से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, वर्तमान में द्वितीय सिविल जज ( सीनियर डिवीजन), दुर्ग के न्यायालय में होने वाली वाणिज्यिक मामलों की सुनवाई अब चतुर्थ सिविल जज (सीनियर डिवीजन), दुर्ग के न्यायालय में की जाएगी।

साइबर ठगी में म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल, पुलिस ने 8 खाताधारकों को दबोचा

भिलाईनगर। साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ बैंक खाताधारकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (2), 318 (3) और 318 (4) के तहत कार्रवाई की है। यह कार्रवाई थाना छावनी, थाना उतई, थाना दुर्ग कोतवाली और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम ने तीन अलग-अलग प्रकरणों की जांच के दौरान की है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी कमीशन के लालच में अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक तथा सिम कार्ड साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम का लेन-देन कर मनी ट्रेल छिपाई जाती थी। तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों की जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने म्यूल बैंक खातों के नेटवर्क का खुलासा किया।

जांच में यह भी पता चला कि कुछ आरोपियों ने अपने बैंक खाते 10 से 15 हजार रुपये में साइबर अपराधियों को बेच दिए थे। साथ ही उनसे जुड़े बैंकिंग दस्तावेज और सिम कार्ड भी सौंप दिए थे, जिससे खातों का पूरा नियंत्रण अपराधियों के हाथ में चला गया। कार्रवाई थाना छावनी, थाना उतई और थाना दुर्ग कोतवाली के अपराध की विवेचना के दौरान की गई। पुलिस ने अश्वंश कुमार प्रसाद, सागर राम, नितिन सिंघल, अजय कुमार धहरिया, सोनू कमलाकर पाटने, राहुल यादव, रेखा सिंह और जूही तबस्सुम पर कार्रवाई कर आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल और अन्य बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं।

मूकबधिर दिव्यांग युवाओं के लिए विशेष रोजगार मेले का आयोजन

दुर्ग। मूकबधिर दिव्यांग युवाओं को रोजगार के सुनहरे अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आगामी 17 जुलाई को एक विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। विशेष रोजगार कार्यालय (दिव्यांगजनों के नियोजन हेतु) रायपुर के उपसंचालक डॉ. (श्रीमती) शशिकला अतुलकर से मिली जानकारी के अनुसार, यह मेला पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर, लोकभवन के बाजू, सिविल लाइन्स, रायपुर स्थित विशेष रोजगार कार्यालय में पूर्वान्ह बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं का सीधे साक्षात्कार लेकर विभिन्न पदों पर चयन करेंगी।

अत्याधुनिक दवा अनुसंधान पर पीएचडी की खुली परीक्षा

भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई में फार्मेसी के क्षेत्र में हो रहे अत्याधुनिक शोध को नई पहचान मिलने जा रही है। तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने ओपन डिफेंस की तिथि घोषित कर दी है। यह खुली परीक्षा 21 जुलाई को दोपहर 2.30 बजे विश्वविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित होगी।

शोध कुछ हृदय रोगों में नई नैनो- कैरियर ड्रग डिलीवरी प्रणाली के माध्यम से दवाओं की जैव- उपलब्धता बढ़ान पर आधारित है। यह शोध भविष्य में हृदय रोगों के उपचार को अधिक प्रभावी और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस शोध कार्य का मार्गदर्शन डॉ. शिव शंकर शुक्ला कोलंबिया इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी रायपुर ने किया हैं, जबकि सह मार्गदर्शक डॉ. संदीप प्रसाद तिवारी कलिंगा विश्वविद्यालय रायपुर हैं। शोध कार्य सीएसवीटीयू के फार्मेसी अनुसंधान केंद्र के अंतर्गत पूरा किया गया है।

इस ओपन डिफेंस में विषय विशेषज्ञ, शोधार्थी शिक्षक एवं विद्यार्थी भी अपने सुझाव साझा कर सकेंगे। यह पीएचडी ओपन डिफेंस केवल एक शोध परीक्षा नहीं, बल्कि स्वास्थ्य विज्ञान और फार्मास्युटिकल रिसर्च में हो रहे नवाचारों को जानने का अवसर भी होगा। इस तरह के शोध भविष्य में मरीजों तक अधिक प्रभावी दवाएं पहुंचाने और आधुनिक ड्रग डिलीवरी सिस्टम के विकास में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

दिवालिया घोषित जेपी सीमेंट प्लांट के सुपरवाइजर ने की खुदकुशी

भिलाईनगर। दिवालिया घोषित हो चुकी जेपी सीमेंट प्लांट के एक कर्मचारी ने आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में घर के एक कमरे में टॉवेल से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मृतक मूलतः मध्य प्रदेश के सतना के रहने वाले था। सुपेला पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुपेला थाना प्रभारी पारस ठाकुर ने बताया कि राधिका नगर में किराए के मकान में रहने वाले पुष्पेंद्र परमार (35 वर्ष) रात करीब ढ़ाई बजे घर के एक कमरे में टॉवेल से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। रात करीब 3 बजे जब उनकी पत्नी की नींद खुली तो पति बिस्तर पर नहीं थे। पहले उन्हें लगा कि वे टॉयलेट गए होंगे, लेकिन वहां नहीं मिले। इसके बाद पीछे के कमरे में जाकर देखा तो उनका शव फंदे पर लटका मिला।

मृतक पुष्पेंद्र जेपी सीमेंट प्लांट में सुपरवाइजर था। कंपनी लंबे समय से बंद है और कमर्चारियों का वेतन भी नहीं मिला है। वह आर्थिक तंगी और लोन वालों के दवाब था । पुष्पेंद्र के परिवार में उनकी पत्नी और 11 वर्ष का एक बेटा है। सुपेला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल इंतजार किया जा रहा है। मृतक का छोटा भाई सतना से आ रहे हैं, इसके बाद अंतिम भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद अब परिजनों का संस्कार किया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुष्पेंद्र की पत्नी श्वेता सिंह परमार ने बताया कि पिछले करीब 27 से 28 महीनों से उन्हें सैलरी नहीं मिली थी। कंपनी की ओर से उनका 10 लाख रुपए से ज्यादा का भुगतान भी बाकी था। इसी वजह से परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। पत्नी श्वेता सिंह परमार ने बताया कि घर चलाने के लिए पुष्पेंद्र ने कुछ समय पहले ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम शुरू किया था। हालांकि इस काम से भी ज्यादा कमाई नहीं हो रही थी। पेट्रोल और अन्य खर्च निकालने के बाद महीने में सिर्फ 4 से 5 हजार रुपए ही बचते थे, जबकि घर का किराया ही 4 हजार रुपए था। ऐसे में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया था।

तीन क्रेडिट कार्ड से लिया 10 से 15 लाख लोन

पत्नी ने बताया कि आर्थिक परेशानी बढ़ने पर पुष्पेंद्र ने अलग-अलग कंपनियों के क्रेडिट कार्ड से 10 से 15 लाख रुपए तक का कर्ज ले लिया था। पिछले कुछ समय से क्रेडिट कार्ड कंपनियों की ओर रहे से लगातार फोन आ थे। दबाव बनाया जा रहा था और फोन पर गाली-गलौज तक की जा रही थी। इससे वे मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे।

लिफ्ट लेकर चाकू की नोंक पर युवक से लूट

राजनांदगांव। लिफ्ट लेकर चाकू की नोंक पर युवक से लूट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के नाम उत्तम पारेख पिता स्व. देवेंद्र पारेख, उम्र 25 वर्ष, पुसउ कुमार साहू पिता मंगलराम साहू, उम्र 26 वर्ष तथा धीरज बारेकर पिता रामप्रसाद बारेकर, उम्र 22 वर्ष तीनों निवासी संजय नगर, लखोली राजनांदगांव बताए जाते हैं।

इस प्रकरण में प्रार्थी ने थाना बसंतपुर में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 जुलाई की शाम लगभग 6 बजे वह मोहारा बायपास से लखोली रोड स्थित शराब दुकान से शराब खरीदकर अपनी मोटरसाइकिल से लौट रहा था। इसी दौरान एक युवक ने मोहारा तक लिफ्ट मांगी। प्रार्थी द्वारा उसे मोटरसाइकिल पर बैठा लिया गया। कुछ दूरी पर पहुंचते ही पहले से मौजूद उसके दो साथियों ने मोटरसाइकिल रुकवाई। तीनों आरोपियों ने प्रार्थी को धारदार चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी तथा उसकी जेब में रखे 1,800 रूपये एवं एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

रिपोर्ट पर धारा 309 (4), 311 एवं 3 ( 5 ) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने महज 13 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों उत्तम पारेख, पुसउ कुमार साहू एवं धीरज बारेकर को हिरासत में लेकर की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपियों के कब्जे से 1,800 रूपये, एक विवो मोबाइल, घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू एवं मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 – बीजी- 7482 बरामद कर जप्त किया गया। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।

लालूटोला स्कूल में सरकारी पुस्तकें कबाड़ी को बेचने का मामला गरमाया

छुरिया। विकासखंड छुरिया अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला लालूटोला में पुरानी सरकारी पुस्तकों को कबाड़ी को बेचे जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामला समाचार पत्र में प्रमुखता से प्रकाशित होने और घटनाक्रम के फोटो-वीडियो सामने आने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी छुरिया ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी है।

जांच टीम को शासकीय प्राथमिक शाला लालूटोला में कबाड़ी को पुस्तकें बेचे जाने के पूरे मामले की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन तीन अधिकारियों को मिली जांच की जिम्मेदारी जांच दल में अनिल कुमार ठाकुर, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी छुरिया, विरेंद्र साहू, बीआरसी छुरिया और जितेंद्र मोटघरे, सीएसी भोलापुर को शामिल किया गया है। अब यह तीन सदस्यीय टीम विद्यालय पहुंचकर पूरे मामले की जांच करेगी और अपना प्रतिवेदन विकासखंड शिक्षा अधिकारी को सौंपेगी।

सूदखोरी पर दो बड़े व्यवसायियों के खिलाफ अपराध दर्ज

राजनांदगांव। पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ ने वर्ष 2023 के एक आत्महत्या मामले की मर्ग जांच पूरी होने के बाद राजनांदगांव निवासी लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सुसाइड नोट और हस्तलिपि विशेषज्ञ की रिपोर्ट मोबाइल रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सिवनीखुर्द निवासी दिनेश यादव ने 23 अक्टूबर 2023 को अपने घर में चुनरी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उस समय मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान मृतक के भाई महेंद्र यादव ने एक सुसाइड नोट पुलिस को सौंपा। जिसमें मृतक ने राजनांदगांव निवासी निर्मलचंद कोठारी और नलिन कोठारी से मानसिक रूप से परेशान होने का उल्लेख करते हुए आत्महत्या करने की बात लिखी थी।

पुलिस ने सुसाइड नोट की हस्तलिपि का परीक्षण राज्य हस्तलिपि विशेषज्ञ से कराया। जिसमें यह पुष्टि हुई कि नोट मृतक दिनेश यादव ने ही लिखा था। जांच में मृतक की पत्नी जययादव, श्रद्धा यादव तथा अन्य गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार आरोप है कि मृतक ने उधार ली गई राशि लौटा दी थी, लेकिन आरोपियों ने चेक वापस नहीं किया और उसके आधार पर न्यायालय में प्रकरण दर्ज कर लगातार पेशियों और फोन के माध्यम से दबाव बनाया। इससे मृतक मानसिक रूप से परेशान था।

जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने निर्मलचंद कोठारी और नलिन कोठारी, दोनों निवासी कामठी लाइन राजनांदगांव के विरुद्ध आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

जिला अधिवक्ता संघ का 29 जुलाई को चुनाव

राजनांदगांव। जिला अधिवक्ता संघ चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए कार्यक्रम भी घोषित कर दिया गया है। अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित कुल 14 पदों के लिए चुनाव संपन्न कराया जाना है। इसके लिए चुनाव निर्वाचन अधिकारी से लेकर सहायक निर्वाचन अधिकारी की भी घोषणा कर दी गई है।

पूर्व जिला अध्यक्ष चौधरी ने बताया कि जिलाअधिवक्ता संघ का चुनाव आगामी 29 जुलाई को संपन्न कराया जाना है। इसके लिए कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। अध्यक्ष, सचिव सह सचिव, कोषाध्यक्ष, सहित कुल 14 पदों के लिए मतदान की प्रक्रिया संपन्न होगी। 13 जुलाई को मतदाता सूची का प्रकाशन कियाजाएगा। 16 जुलाई तक दावा आपत्ति लिए जाएंगे।

17 जुलाई को सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। उसके बाद 21 और 22 जुलाई को प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 23 और 24 जुलाई को नाम वापसी की तिथि रहेगी। 29 जुलाई को मतदान संपन्न कराया जाएगा और 30 जुलाई को मतगणना संपन्न होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m