भिलाईनगर। सेवा निवृत्त कार्मिक कल्याण संघ की साप्ताहिक बैठक सेक्टर सिविक सेंटर स्थित मॉन्यूमेंट में आयोजित हुई। बैठक का प्रमुख विषय आगामी नगर निगम चुनाव तथा भिलाई टाउनशिप के रिटेंशन, लाइसेंस, लीज, किराया एवं मकान संबंधी मामलों को लेकर पिछले करीब 12 महीनों से चल रहा आंदोलन रहा। आज निर्णय लिया गया कि रिटेंशन आवासों को लेकर राहत संबंधी लिखित आदेश जारी नहीं हुआ तो वे निगम चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारेंगे।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : ओडिशा से लौटेंगे CM साय… असम दौरे पर रहेंगे भूपेश बघेल… जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल 7 दिन के लिए टली… पढे़ें और भी खबरें

बैठक में सदस्यों ने कहा कि लंबे समय से आंदोलन और विभिन्न स्तरों पर जनप्रतिनिधियों से मुलाकात के बावजूद अब तक उन्हें कोई ठोस लिखित आदेश या लिखित आश्वासन प्राप्त नहीं हुआ है। सदस्यों के अनुसार, पूर्व में जनप्रतिनिधियों द्वारा यह कहा गया था कि अब नोटिस नहीं दिए जाएंगे, लेकिन इसके बावजूद नोटिस जारी होने का सिलसिला जारी है।

संघ के सदस्यों ने आरोप लगाया कि अब कुछ मकानों के दरवाजों पर नोटिस चस्पा किए जा रहे हैं, जिनमें 15 दिनों के भीतर मकान खाली करने के निर्देश दिए जा रहे हैं तथा अनुपालन नहीं होने की स्थिति में बलपूर्वक कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है। सदस्यों ने इन नोटिसों को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की और मांग की कि जब तक पूरे मामले का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक ऐसी कार्रवाई रोकी जाए।

बैठक में यह भी कहा गया कि पिछले 15 से 25 वर्षों से विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों द्वारा लीज अथवा लाइसेंस दिलाने के आश्वासन दिए जाते रहे हैं। संघ के सदस्यों का कहना है कि इन आश्वासनों के चलते अनेक परिवार लंबे समय तक समाधान की उम्मीद में रहे, लेकिन अब सेवानिवृत्ति के बाद जमा पूंजी खर्च हो जाने की स्थिति में मकान खाली करने के नोटिस मिलना गंभीर चिंता का विषय है।

संघ के अध्यक्ष सुरेश चंद ने बैठक में कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष भिलाई में सेवा करते हुए बिताए हैं। उन्होंने कहा कि संघ की मांग किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों के आवासीय अधिकारों और स्थायी समाधान से जुड़ी है।

शराब पीने के दौरान हुए विवाद में ईंट-पत्थर मारकर कर दी युवक की हत्या

भिलाईनगर। जामुल थाना अंतर्गत रविवार को कुरूद बाजार चौक में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक के सिर पर इंट-पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद मामा-भांजा दोनों को हिरासत में लिया है।

छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने बताया कि पूरन भारती (50 वर्ष) पिता लोकनाथ भारती निवासी ग्राम खोपली, थाना उतई अपने परिचित मनीष बघेल के साथ ग्राम कुरूद निवासी राजा जोशी के घर आया हुआ था। घटना के समय मामा-भांजा कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान मृतक पुरन भारती वहां पहुंचा। शराब पीने के दौरान पुरन भारती और राज जोशी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद गाली-गलौज तक पहुंच गया।

इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पुरन भारती पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में पुरन भारती के सिर पर गंभीर चोट आई। वह खून से लथपथ होकर कमरे में गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कमरे में मौजूद मामा-भांजा वहीं पड़े रहे । आसपास के लोगों से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद वहां मौजूद मामा-भांजा को हिरासत में लिया। पुलिस दोनों से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में शराब पीने के दौरान पुरन भारती और आरोपी के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कचांदूर स्थित मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह और सिर में आई चोटों की प्रकृति को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।

मां-बेटे से मारपीट पर सूदखोरी महिला के साथ दो साथी गिरफ्तार

भिलाईनगर। भट्ठी थाना अंतर्गत एक महिला ने पति के उपचार के लिए 20 हजार रुपए उधार लेने के बाद मूलधन एवं ब्याज चुकाने के बावजूद अतिरिक्त रकम की मांग किए जाने का आरोप है। अतिरिक्त रकम देने में असमर्थता जताने पर प्रार्थिया एवं उसके बेटे को जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्के एवं डंडे से मारपीट की। मामले में पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 19 सितंबर को प्रार्थिया रेखा ताण्डी निवासी सुपेला थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उनके पति की तबीयत खराब होने के कारण उपचार के लिए उन्होंने पूजा राव से 20 हजार रुपए उधार लिए थे। प्रार्थिया के अनुसार, उक्त राशि पर साप्ताहिक ब्याज की मांग की जा रही थी। प्रार्थिया द्वारा एकमुश्त राशि देने में असमर्थता व्यक्त किए जाने पर पूजा राव ने उसे उपचार कराने की बात कहकर अपने वाहन से अपने घर ले जाया गया।

आरोप है कि वहां पूजा राव, चंदन राव एवं प्रवीण शर्मा ने प्रार्थिया एवं उसके पुत्र से गाली-गलौच करते हुए अतिरिक्त रकम की मांग की तथा जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्के एवं डंडे से मारपीट की। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना भिलाई भट्ठी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी पूजा राव के घर की तलाशी लेने पर प्रार्थिया का एक कोरा चेक एवं दस्तावेज बरामद किए।

पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने पर रविवार को तीनों आरोपियों पूजा राव उर्फ वेंकट लक्ष्मी राव (42 वर्ष) निवासी सेक्टर- 01, सड़क 15, क्वार्टर क्रमांक 10 बी, चंदन राव (25 वर्ष) निवासी सेक्टर -01, सड़क 15, क्वार्टर क्रमांक 10 बी व प्रवीण शर्मा (48 वर्ष) निवासी सेक्टर- 01, सड़क 15, क्वार्टर क्रमांक 10 बी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।

बिना पंजीयन नंबर वाहन खरीदने वाले दो गिरफ्तार

दुर्ग। दूसरे वाहन के पंजीयन नंबर के दुरुपयोग एवं बिना पंजीयन नंबर वाहन खरीदने वाले मामले में मोहन नगर पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं दो आरोपी फरार चल रहे थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस ने बताया कि पूर्व में गिरफ्तार हुए आरोपी से पूछताछ और विवेचना के आधार पर फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपीगण बिना पंजीयन नंबर वाले वाहन की खरीदी बिक्री एवं अन्य वाहन के पंजीयन नंबर के दुरुपयोग कर रहे थे। आरोपी विजय सेन को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। इस मामले में फरार चल रहे आरोपी रोहित कुमार कंकरिया निवासी सिंधिया नगर दुर्ग एवं अनूप रावलानी निवासी नेहरू नगर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

बीएसपी कॉपर वायर चोरी मामले में 2 और गिरफ्तार

भिलाईनगर। भिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12, कोक ओवन क्षेत्र में कॉपर वायर चोरी के प्रकरण में फरार चल रहे 02 आरोपियों को थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में पूर्व में गिरफ्तार 02 आरोपियों के कब्जे से 160 किलो कॉपर वायर एवं एक स्मार्ट फोन जब्त की गई थी।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि केऔसुब इकाई बीएसपी भिलाई ने थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराया था 12 अगस्त की रात्रि लगभग 11 बजे भिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12, कोक ओवन क्षेत्र की गैलरी से कुछ व्यक्ति कॉपर वायर चोरी कर ले जा रहे थे। ड्यूटी पर तैनात टीम द्वारा कुछ आरोपियों को चोरी के सामान सहित पकड़ा गया था। रिपोर्ट के आधार पर थाना भिलाई भट्ठी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ग्राम जोरातराई में दबिश देकर पूर्व में आरोपी घनश्याम मण्डावी सहित 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। प्रकरण की विवेचना के दौरान घटना के बाद से फरार अन्य आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम रविवार को आरोपी निखिल कुमार साहू (20 वर्ष) निवासी ग्राम जोरातराई एवं किशन ठाकुर (22 वर्ष) निवासी ग्राम जोरातराई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों आरोपियों के घटना में संलिप्तता स्वीकार करने के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।

जिले के 23 अधिकृत केंद्रों से 4.87 लाख से अधिक आधार कार्ड जनरेट

खैरागढ़। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में आधार कवरेज, आधार नामांकन एवं अद्यतन सेवाओं, नए आधार केंद्रों की उपलब्धता तथा स्कूली बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में क्षेत्रीय कार्यालय हैदराबाद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आधार सेवाओं को सुचारू और अधिक सुलभ बनाने पर जोर दिया गया। ज्ञात हो कि जिले में अब तक 4 लाख 87 हजार 97 आधार कार्ड जनरेट किए जा चुके हैं। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की आबादी का आधार कवरेज भी शत- प्रतिशत पूर्ण बताया गया है, वहीं 18 वर्ष से अधिक तथा 100 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के आधार आवेदनों के संबंध में राज्य पोर्टल पर वर्तमान में कोई लंबित प्रकरण नहीं है. वहीं आधार संबंधी सेवाओं का संचालन कुल 23 केंद्रों से किया जा रहा है। इनमें आधार सेवा केंद्र के 22 तथा इंडिया पोस्ट का 1 केंद्र शामिल है।

इन केंद्रों के माध्यम से आधार में मोबाइल नंबर अद्यतन करने सहित 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों के नए आधार नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बैठक में ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित कर नए आधार केंद्र शुरू करने के निर्देश दिए गए ।

आदर्श इस्पात फैक्ट्री में श्रमिक की मौत पर मचा हंगामा

राजनांदगांव। सोमनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टेडेसरा स्थित आदर्श इस्पात फैक्ट्री में एक श्रमिक की मौत के बाद रविवार को साथी मजदूरों ने जमकर हंगामा मचाया है। मृतक श्रमिक की पहचान हीरुराम पटेल, उम्र 65 वर्ष, निवासी ग्राम बिरेंझर के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक आने से हुई। जिस समय घटना घटी उस समय फैक्ट्री प्रबंधन ने कोई सहयोग नहीं किया जिससे उसकी मौत हो गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में बड़ी संख्या में श्रमिक एकत्रित हो गए और प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। विरोध की जानकारी लगते ही सोमनी पुलिस दलबल के साथ पहुंच गई। श्रमिकों को शांत कराया गया। प्रबंधन द्वारा 7,00,000 रुपए देने का आश्वासन दिए जाने पर श्रमिक शांत हुए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m