भिलाईनगर। जिले में असामाजिक तत्वों के सुरक्षित ठिकाने और अपराध के केंद्र बन चुके जर्जर व लावारिस भवनों पर अब जिला प्रशासन का जल्द बुलडोजर चलेगा। एसएसपी की रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने ऐसे खतरनाक, जर्जर और अनुपयोगी भवनों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं। भिलाई-दुर्ग से आसपास के कई स्थानों को चिह्नांकित किया है।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : CM साय कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल… आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आज से… 436 पदों पर भर्ती के लिए रोजगार मेला…

जर्जर व असामाजिक गतिविधियों के अड्डे चिन्हित : छावनी थाना क्षेत्र क्वार्टर के बैकुंठधाम, भगत सिंह चौक स्कूल, इस्पात क्लब, सुभाष चौक, मेंटेनेंस ऑफिस, पानी टंकी, रोजगार कार्यालय, शीतला कॉम्प्लेक्स कैंप 2, मदर टेरेसा नगर, पुराना पुलिस क्वार्टर, जवाहर उद्यान (बीएसपी और ननि मिलाई का स्वामित्य), खुर्सीपार थाना क्षेत्र के तेलगु मोहल्ला, जोन 3 स्कूल खंडहर, बापू नगर, उड़िया स्कूल, बापू नगर तीन तालाब परिसर खंडहर (बीएसपी और ननि भिलाई का स्वामित्य), पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के रायपुर नाका रेलवे क्वार्टर, सुलभ शौचालय के पास खंडहर, पीडब्ल्यूडी क्वार्टर आरटीओ व पीएचई ऑफिस के सामने (बीएसपी और पीडब्ल्यूडी का स्वामित्र), मोहन नगर थाना क्षेत्र के तितुरडीह की पुरानी शराब भट्टी, धमधा नाका सब्जी मंडी स्थित परित्यक्त सुलभ कॉम्प्लेक्स, कातुलबोर्ड 7 मंजिला भवन (ननि दुर्ग, पीडब्ल्यूडी व निजी) व भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-6 स्थित इंडियन बैंक, बैंक ऑफइंडिया, पीएनबी, पीएंडटी और आयकर विभाग की कॉलोनियां (बैंक व केंद्रीय विभाग) शामिल है।

फाइनेंस के जरिए वाहन-लैपटॉप व अन्य सामग्री खरीदकर बेचने वाले आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर। स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने एक ऐसे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जो जरूरतमंद लोगों को आर्थिक लाभ का लालच देकर उनके नाम पर वाहन एवं अन्य सामग्री फाइनेंस कराते थे। फाइनेंस के समय डाउन पेमेंट स्वयं करने तथा आगामी ईएमआई भरने का आश्वासन देकर झांसा देते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 नग वाहन एवं 01 नग वॉशिंग मशीन जब्त की है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि प्रार्थी मनीष डहरवाल (32 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि लगभग 3-4 माह पूर्व उसके मित्र भोजराज उर्फ भोजू के माध्यम से उसकी पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस निवासी कुरुद रोड से हुई थी। जान- पहचान होने के बाद जसप्रीत सिंह ने ऑफिस कार्य के लिए उसे एक लैपटाप की आवश्यकता है। उसने प्रार्थी को अपने नाम से लैपटॉप फाइनेंस करवा कर देने तथा मासिक किस्त वह स्वयं जमा करने की बात कही। इसके बाद अपने नाम से लैपटॉप फाइनेंस करवाकर उसे दे दिया।

लैपटाप फाइनेंस करवाने के बाद जसप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस ने प्रारंभ में केवल 02 किश्तें जमा की। इसके बाद उसने फाइनेंस की किश्ते जमा करना बंद कर दिया। इसी संबंध में जानकारी लेने पर प्रार्थी को पता चला कि भोजराज उर्फ भोजू के माध्यम से परिचित हुए अन्य व्यक्तियों के साथ भी जसप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस द्वारा इसी प्रकार की बात कर उनके नाम से वाहन एवं अन्य सामान फाइनेंस करवाया गया है तथा बाद में उनकी फाइनेंस की किश्तें जमा नहीं की गई हैं।

आरोपियों ने प्रार्थी एवं उसके परिचितों के नाम पर वाहन एवं अन्य सामग्री फाइनेंस कराकर आर्थिक एवं संपत्ति संबंधी नुकसान पहुंचाया है। पुलिस ने दोनों आरोपी जसमीत सिंह उर्फ प्रिंस ( 28 वर्ष) निवासी मकान नं. 25, कैलाश नगर जामुल व भोजराज राय उर्फ भोजू ( 26 वर्ष) निवासी मंगल बाजार के पास कोहका को गिरफ्तार किया।

बिना अधिवक्ता नामांकन के वकील बन उगाही का आरोप

दुर्ग। एक महिला ने जिला अधिवक्ता संघ के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर बिना अधिवक्ता नामांकन के स्वयं को वकील बताकर न्यायालय एवं अन्य स्थानों पर प्रेक्टिस करने वाले एक व्यक्ति पर आरोप लगाया है। इसे लेकर अधिवक्ता संघ ने मामले को कोतवाली थाना के सुपुर्द कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक 24 सितंबर को दोपहर 1.30 बजे इंडिया शेल्टर फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड शाखा पचपेड़ी नाका रायपुर छत्तीसगढ़ से बिना ऑथराइज्ड के महिला और दो अन्य बैंक कर्मचारी पहुंचे हुए थे। इस बात को लेकर शिकायतकर्ता श्रीमती खोरबाहरीन बाई निवासी गया नगर दुर्ग ने बताया कि नायब तहसीलदार के बेदखली वारंट का हवाला देते हुए वे लोग घर खाली कराने पहुंचे थे। शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि इस कार्रवाई में पुलिस भी शामिल थी तथा दो महिला पुलिस कर्मियों सहित अन्य पुलिस मौके पर मौजूद थे।

मामले में संबंधित एक व्यक्ति स्वयं को वकील बता रहा था, हालांकि पूछताछ के दौरान वह अधिवक्ता होने के संबंध में कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाया था। कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत ने बताया कि जांच की जा रही है। वहीं इस मामले को लेकर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रमेश शर्मा ने कहा कि जिला न्यायालय दुर्ग में उक्त व्यक्ति का वकालत को लेकर रजिस्ट्रेशन नहीं है, उसे छत्तीसगढ़ में प्रेक्टिस करने के लिए छत्तीसगढ़ के किसी भी जिला न्यायालय में उसका रजिस्ट्रेशन होना आवश्यक है।

करोड़ों के बकाया बिजली बिल पर पर कटा कुम्हारी नपा का कनेक्शन

भिलाईनगर। कुम्हारी नगर पालिका क्षेत्र में विद्युत विभाग ने 8 करोड़ बकाया बिल के चलते कार्रवाई करते हुए लगभग 20 प्रमुख स्थानों का बिजली कनेक्शन काट दिया। बिजली कटने की वजह से शहर में सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और खेल गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल के दौरान कुम्हारी नगर पालिका पर विद्युत विभाग का बकाया बिल लगभग 5 करोड़ रुपये था। समय पर भुगतान न होने और बकाया राशि जमा न किए जाने के कारण यह राशि बढ़कर अब लगभग 8 करोड़ रुपये हो चुकी है। विद्युत विभाग द्वारा बार-बार नोटिस जारी करने के बावजूद बकाया राशि का भुगतान न किए जाने पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए 23 सितंबर को बिजली काटने की कार्रवाई की है। बिजली कनेक्शन काटे जाने का सीधा असर स्थानीय युवाओं पर पड़ा है।

अटल परिसर तथा बैडमिंटन कोर्ट का बिजली कनेक्शन काट दिए जाने के कारण यहां रोजाना बैडमिंटन खेलने और अभ्यास करने आने वाले दर्जनों युवा साथी खेल सुविधाओं से वंचित हो गए हैं। वहीं कुम्हारी के सबसे प्रमुख स्थानों में से एक, स्टेशन चौक स्थित ओवरब्रिज के नीचे पूरी तरह से अंधेरा पसरा हुआ है, जिससे रात के समय आवाजाही करने वाले लोगों को दुर्घटना और सुरक्षा का भय सताता रहता है। इसके साथ ही, राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे लगी कई स्ट्रीट लाइटें भी पिछले कई महीनों से बंद पड़ी हैं, जिनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।

बुनियादी सुविधाओं पर पड़ा असर: बिजली विभाग की इस कार्रवाई की गाज शहर की बुनियादी सुविधाओं पर भी गिरी है। कुम्हारी के सभी सार्वजनिक शौचालयों, पंप हाउसों और अन्य लगभग 20 महत्वपूर्ण स्थानों का बिजली कनेक्शन काट दिया गया है। पंप हाउस बंद होने से कई वार्डों में पेयजल संकट गहराने की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने कहा है कि इस समस्या का शीघ्र समाधान निकाला जाए और बिजली आपूर्ति जल्द बहाल की जाए।

मवेशियों के साथ किसानों से मार्च से घबराए अधिकारियों ने रास्ते में समस्या का समाधान

रानीतराई। खुले में घूमने वाले मवेशियों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने से आक्रोशित किसानों ने आज विरोध शुरू कर दिया। किसान बड़ी संख्या में खुले में घूम रहे मवेशियों को एकत्रित कर उन्हें एसडीएम कार्यालय एवं तहसील कार्यालय पाटन में छोड़ने के लिए निकल पड़े। इस दौरान औसर, रानीतराई, असोगा, डीड़गा सहित आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।

किसानों के पाटन पहुंचने की जानकारी मिलने पर पाटन के पूरे प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्राम तेलीगुंडरा के पास रोकने पहुंचे, उन्हें रोककर किसानों से चर्चा की। मौके पर एसडीएम उत्तम ध्रुव, तहसीलदार मनोज गुप्ता, नायब तहसीलदार मनोज रस्तोगी, सिंग, पाटन टीआई युवराज साहू, रानीतराई थाना प्रभारी हुबलाल चंद्राकर, जनपद पंचायत के भूपेंद्र सीईओ महेंद्र जांगड़े सहित पाटन और रानीतराई थाना पुलिस का बल मौजूद रहा।

अधिकारियों से किसानों ने अपनी समस्या रखी। किसानों ने कहा कि आप इन मवेशियों की व्यवस्था करेंगे तभी यहां से हटेंगे। अधिकारियों ने किसानों की समस्या सुनी और मवेशियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रशासन द्वारा मवेशियों को गौशाला भेजने की प्रक्रिया की तैयारी की और गाड़िया बुलाकर गौ शाला भेजना शुरू किया तब जाकर किसान शांत हुए

निगम चरोदा के नियमित एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों को वेतन के लाले

भिलाई तीन। नगर पालिक निगम भिलाई- चरोदा के नियमित एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों को अगस्त माह का देय सितंबर का वेतन अब तक नहीं मिलने से कर्मचारियों में नाराजगी है। वहीं सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) सहित सेवानिवृत्त कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न भुगतान भी कई माह से लंबित बताए जा रहे हैं।

इस संबंध में स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव को ज्ञापन सौंपकर स्थायी समाधान की मांग की है। महासंघ के अध्यक्ष रामअवतार साहू ने बताया कि निगम में वेतन भुगतान की समस्या पिछले किए 7-8 वर्षों से बनी हुई है।

शासन द्वारा प्रत्येक माह की 7 तारीख तक वेतन भुगतान की समय-सीमा निर्धारित जाने के बावजूद कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है। कई बार वेतन माह के मध्य, अंतिम सप्ताह अथवा दूसरे- तीसरे माह तक लंबित रहता है। संघ का कहना है कि पिछले तीन माह से भी वेतन भुगतान में लगातार विलंब हो रहा है और सहायक ग्रेड-2 एवं उससे ऊपर के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित कुछ वर्गों का वेतन भी लंबित है। समय पर वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो रहा है।

सीमांकन के लिए आरआई तारीख पर तारीख देकर घुमा रहे

दुर्ग। सीमांकन के लिए आरआई भूमि स्वामी को तारीख पे तारीख देकर घुमा रहे हैं। पिछले 14 माह में 8 बार तारीख देने के बावजूद अब तक सीमांकन नहीं किया गया है। इससे परेशान होकर शिकायतकर्ता महिला किसान ने अब कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आर आई के खिलाफ कार्रवाई करने मांग की है।

शिकायतकर्ता शुभद्रा देवांगन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि वे ग्राम मोतीपुर तहसील पाटन की किसान है, साल भर पूर्व उन्होंने प.ह.नं. 811 एवं 812 रकबा क्रमशः 0.17 तथा 0.13 हेक्टेयर का सीमांकन करने आवेदन दिया था। इस पर राजस्व निरीक्षक मंडल के आर आई द्वारा उन्हें 16 जून, 11 जुलाई एवं 22 दिसंबर 2025 और इसके बाद 20 जनवरी, 6 फरवरी, 1 मई, 30 मई तथा 8 जून 2026 इस प्रकार लगातार तारीख देकर उन्हें घुमाया।

उन्होंने मामले में आर आई के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मामले में अब तक कलेक्टर, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम को भी कई बार शिकायत करने की बात कही है। इस पर प्रकरण समय सीमा की बैठक रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई के लिए रखी गई। इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई ना कर आर आई को नीचे के अधिकारी द्वारा बचाने का आरोप लगाते हुए मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में अपील करने की चेतावनी दी है।

ज्ञापन में संलग्न पत्र के अनुसार 7 जुलाई को अपर कलेक्टर ने स्वयं तहसीलदार पाटन को कहा है कि उनके द्वारा पूर्व मामले में प्राप्त शिकायत पर 25 मई 2026 को उन्हे नियमानुसार मामले में जांच कर प्रतिवेदन से अवगत कराने कहा गया था मगर अपर कलेक्टर द्वारा पुनः उक्त तिथि को पत्र लिखे जाने तक जांच प्रतिवेदन अप्राप्त था। अनुविभागीय अधिकारी पाटन ने भी 25 को मामले जांच कर शिकायत का निराकरण करने तहसीलदार को पत्र लिखा था। एसडीएम पाटन का कहना है कि मामले में जांच की हुई इसमें शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है।

गणेश पंडालों में चोरी : चोरों ने भगवान के पंडाल को भी नहीं छोड़ा

राजनांदगांव। गणेश उत्सव के बीच खैरागढ़ थाना क्षेत्र में चोरों ने अब भगवान के पंडालों को भी | निशाना बनाना शुरू कर दिया है। थाना क्षेत्र के सरागोंदी, आमदनी और भोरामपुर गांव में अलग-अलग गणेश पंडालों से कलश, थाली समेत अन्य पूजन सामग्री चोरी होने का मामला सामने आया है।

एक साथ तीन गांवों में हुई चोरी की घटनाओं से गणेश उत्सव समितियों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी और ग्रामीण खैरागढ़ थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन सौंपकर अज्ञात चोरों का पता लगाने और मामले की जांच की मांग की है। ग्रामीणों के मुताबिक गणेश उत्सव के दौरान पंडालों में देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद पंडालों से पूजन सामग्री चोरी होने से श्रद्धालु सकते में है।

ग्रामीणों का कहना है कि चोरी गई सामग्री भले ही सामान्य पूजन सामग्री हो लेकिन गणेश प्रतिमा के पास से सामान चोरी किए जाने से धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। तीन अलग-अलग गांवों में समान तरह की घटनाएं सामने आने के बाद ग्रामीणों को आशंका है कि इसके पीछे एक ही गिरोह सक्रिय हो सकता है। पुलिस जुटी जांच में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।

निगम आयुक्त ने कर्मचारियों से समय पर उपस्थिति होने के दिए निर्देश

राजनांदगांव। नगर निगम आयुक्त जी. आर. मरकाम आज सुबह निगम कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर समय पर उपस्थित होने कर्मचारियों को निर्देशित किये। उन्होंने प्रार्थना में सभी कर्मचारियो की उपस्थिति सुनिश्चित कराने कार्यालय अधीक्षक से कहा।

आयुक्त मरकाम द्वारा नगर निगम कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। उन्होंने प्रार्थना में आकर कहा कि सभी कर्मचारी सुबह 10 बजे कार्यालय पहुचकर प्रार्थना में उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे। इस संबंध में अवगत कराने उन्होंने प्र. कार्यालय अधीक्षक श्री नारायण यादव को निर्देशित किए। उन्होंने अधीक्षक से कहा कि समय पर उपस्थित नहीं होने वाले कर्मचारी का अनुपस्थिति लगावे, सभी कर्मचारी कार्यालय आने के पश्चात अपने निर्धारित टेबल में बैठकर कार्य संपादित करेंगें। आयुक्त ने कहा कि नगर निगम जनता से सीधा जुडा विभाग है।

गणेश विसर्जन झांकी के दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

राजनांदगांव। गणेश विसर्जन झांकी के दौरान शहर में शुक्रवार को भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस संबंध में यातायात पुलिस ने ट्रेफिक एडवाइजरी जारी की है।

ज्ञात हो कि 25 सितंबर को शहर में गणेश विसर्जन झांकी एवं 25 एवं 26 को गणेश प्रतिमाओं का मोहारा कुण्ड में विसर्जन किया जाना है। इस दौरान शहर में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की बड़ी संख्या में आवाजाही को देखते हुए यातायात पुलिस राजनांदगांव द्वारा 25 सितंबर के दोपहर 2 बजे से 26 सितंबर के सुबह 10 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था की गई है। इस दौरान फरहद चौक, ट्रांसपोर्ट नगर, मोहारा बायपास, गठुला एवं सीआईटी बायपास से राजनांदगांव शहर की ओर आने वाले सभी हल्के एवं भारी चारपहिया वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m