दुर्ग। बच्चों की किस्मत की लॉटरी आखिरकार खुल गई। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों के क्लास वन में प्रवेश देने के लिए लाटरी के माध्यम से स्कूलों का चयन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में निकाली गई।

यह भी पढ़ें : बालको चिमनी हादसे में जीडीसीएल कंपनी की साजिश बेनकाब, गवाह को बहला-फुसलाकर होटल में रखा था, पुलिस ने आरोपी के साथ रंगे हाथ पकड़ा…

प्रथम चरण की लॉटरी में 1059 बच्चों को स्कूल आवंटित किया गया है। दुर्ग जिले के 528 निजी विद्यालयों में आरटीई की इस बार कुल 1427 सीटें है। जबकि स्वीकृत आवेदनों की संख्या 1899 है। प्रथम चरण की लॉटरी के लिए इस बार सहायक संचालक, 5 पालक, निजी विद्यालय संगठन से जुड़े 2 पदाधिकारी, 2 पालक संघ के प्रतिनिधि तथा 2 मीडिया प्रभारी को विशेष रूप से रायपुर बुलाया गया था। इनकी मौजूदगी में लॉटरी निकाली गई। विभाग की ओर सहायक संचालक समृद्धि जोशी तथा आरटीई कक्ष प्रभारी राजदीप मौजूद थे।

दुर्ग जिले के 528 निजी विद्यालयों के प्रारंभिक कक्षाओं में निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत भर्ती के लिए 3485 ऑनलाइन आवेदन मिले थे। इनमें से 900 यानी करीब 26% आवेदन रिजेक्ट कर दिए गए। केवल 1899 आवेदन ही स्वीकृत किए गए हैं। इन्हीं आवेदनों पर लॉटरी 15 अप्रैल को निकाली गई। अब 1 मई से 30 मई तक स्कूल दाखिला की प्रक्रिया की जाएगी।

वैसे इस बार आरटीई के तहत प्रवेश के लिए निर्धारित सीटों की संख्या में भारी कटौती की गई है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार करीब एक तिहाई सीटों की कटौती हुई है। इस वर्ष केजी-1, केजी – 2 तथा नर्सरी का कांसेप्ट खत्म कर दिया गया है। इस वजह से निजी स्कूलों में आरटीई के तहत केवल पहली कक्षा में प्रवेश दिया जा रहा है, जिसके लिए प्रथम चरण में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित थी। पिछले वर्ष आरटीई की 4267 सीट थी। यानी इस बार 2840 सीटों की कटौती की गई है।

वेतन के लिए निगम कर्मियों का सांकेतिक धरना-प्रदर्शन

भिलाईनगर। भिलाई नगर निगम में कार्यरत कर्मचारियों को हर माह की 1 तारीख को मिलने वाला वेतन 15 तारीख के बाद भी नहीं देने को लेकर एक दिवसीय सांकेतिक प्रदर्शन निगम मुख्यालय के बाहर नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा के नेतृत्व में किया गया।

नगर निगम भिलाई के निगम कोष में राशि होने के बावजूद नियमित कमर्चारियों को समयानुसार वेतन नहीं दिया गया है। इस बात का विरोध यूनियन नेताओं ने भी किया है। बुधवार को हुए प्रदर्शन में कमर्चारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र वेतन भुगतान की मांग की है।

इस मौके पर प्रभुनाथ मिश्रा, शंकर लाल देवांगन, प्रवीण पाण्डेय, भाजपा युवा मोर्चा भिलाई अध्यक्ष सौरभ जायसवाल, श्रीमती सत्यादेवी जायसवाल, श्रीमती लक्ष्मी साहू, नोहर वर्मा, गिरजा बंछोर, भोला साहू एवं अनुसूचित मोर्चा भिलाई जिला अध्यक्ष खगेश कोसरिया, सुपेला मण्डल अध्यक्ष दीपक भोडेकर, नितेश मिश्रा प्रदिप साहू आदि उपस्थित थे।

पता पूछने के बहाने मोती माला खींचकर भागा

दुर्ग। रास्ता पूछने के बहाने वृद्धा के गले से मोती माला जिसमें सोने की दो पत्ती व दो गेहूं दाना गुथा हुआ था को झपटकर स्कूटी सवार आरोपी भाग निकले। शिकायत पर मोहन नगर पुलिस स्कूटी में सवार तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 304 (2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।

पुलिस ने बताया कि प्रार्थी अमित कुमार पटेल ट्रांसपोर्टिंग का काम करता है। 15 अप्रैल को सुबह 6 बजे उसकी दादी मुन्नीबाई पटेल घर से आरती टेंट हाउस के पास होते हुए प्रार्थी के चाचा के घर जा रही थी। थक जाने के कारण वह रास्ते में बैठी हुई थी। उसी समय एक स्कूटी में सवार तीन अज्ञात आरोपी आए। एक लड़के ने वृद्धा के पास आकर उरला जाने का रास्ता पूछा। इसके बाद आरोपियों ने गले में पहने लाल रंग के मोती माला जिसमें सोने का दो पत्ती एवं दो गेहूं दाना लगा हुआ था, जिसकी कीमत 20,000 रुपए थी वह झपटकर खींचकर भाग निकले। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

अंतरजिला मोटर साइकिल चोर गिरोह का खुलासा

भिलाईनगर। सुपेला पुलिस ने अंतरजिला मोटर साइकिल चोर गिरोह का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटर साइकिल जब्त की है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि प्रार्थी रामेश्वर यादव निवासी कोसा नगर सुपेला ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 11 अप्रैल की रात उसके घर के सामने खड़ी मोटर साइकिल यामाहा को अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया। रिपोर्ट पर थाना सुपेला में धारा 303 (2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान मुखबीर से सूचना मिली कि संदेही मनीष दास बैरागी अपने साथियों के साथ क्षेत्र में घूम रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम घेराबंदी कर संदेहियों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने मोटर साइकिल चोरी करना तथा एक अन्य मोटर साइकिल को लक्ष्मी नगर क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया गया। प्रकरण में धारा 112 (2) बीएनएस जोड़ी गई एवं आरोपियों मनीष दास बैरागी (21 वर्ष) निवासी अटल आवास नेहरू नगर सुपेला, साजन बैरागी (20 वर्ष) निवासी अटल आवास नेहरू नगर सुपेला व लक्ष्य साहू (19 वर्ष) निवासी अटल आवास नेहरू नगर सुपेला को गिरफ्तार किया है।

एबीईओ पर 20 लाख की अवैध वसूली का आरोप

डोंगरगढ़। ब्लॉक के शिक्षा विभाग में एक बार फिर गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ) पर करीब 20 लाख रुपये की अवैध वसूली के आरोप लगे हैं। आरोप है कि सेवा पुस्तिका संधारण के नाम पर शिक्षकों से जबरन राशि वसूली गई।

जानकारी के अनुसार, प्रत्येक शिक्षक से कार्य के बदले 1700 रुपये की मांग की गई। बताया जा रहा है कि करीब 1200 शिक्षकों को इस वसूली का निशाना बनाया गया, जिससे कुल राशि 20 लाख रुपये से अधिक पहुंच गई। आरोप यह भी है कि पद का प्रभाव दिखाकर शिक्षकों पर दबाव बनाया गया और विरोध करने वालों से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, 20 जनवरी को आयोजित बैठक में इस संबंध में मौखिक निर्देश दिए गए थे। बैठक के दौरान कुछ शिक्षकों ने इसका विरोध भी किया था, जिसके बाद उनसे लिखित स्पष्टीकरण मांगे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस पूरे मामले में अब तक कोई भी शिक्षक औपचारिक शिकायत लेकर सामने नहीं आया है, जिससे स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

वहीं, एबीईओ श्रीनिवास मिश्रा ने मामले से अनभिज्ञता जताई है। उनका कहना है कि यह मामला उनके प्रत्यक्ष अधीनस्थों से संबंधित नहीं है और उनके अधीन कार्यरत लिपिक कर्मचारियों द्वारा किसी प्रकार की अवैध मांग की जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो उसे अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा।

1 मई से शुरू होगा सुशासन तिहार 2026

राजनांदगांव। शासन द्वारा जन शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में 1 मई से सुशासन तिहार 2026 शुरू किया जाएगा। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा में सभी अधिकारियों को इसकी आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने इसके साथ ही सक्ती जिले के ग्राम सिंघीतराई में पावर प्लांट में हुए हादसे के मद्देनजर सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और तहसीलदारों को सुरक्षा संबंधी मापदण्डों की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों में ऐसे हादसों से बचाव के लिए सावधानी एवं सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना है। जिससे हरित ऊर्जा की ओर लोगों का रूझान बढ़ेगा। इस योजना के अंतर्गत कालोनी में भी सोलर पैनल लगवाने के लिए जनमानस को प्रोत्साहित करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करें।

कलेक्टर ने कहा कि मिशन जल रक्षा के तहत कृषकों को धान के बदले अन्य फसल लगाने के लिए प्रोत्साहित करें और रबी सीजन में किसानों को धान के बदले अन्य फसल लेने से जल संरक्षण को बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए पेयजल की समस्या का प्राथमिकता से निराकरण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था की समीक्षा की।

किसान ने प्रति एकड़ 35 क्विंटल मक्के की पैदावार कर रचा इतिहास

छुरिया / राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कृषि आधारित नीतियों से प्रेरित होकर राजनांदगांव जिले के किसान अब आधुनिक और उन्नत खेती की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में छुरिया विकासखंड के ग्राम मौरकुटुंभ के प्रगतिशील किसान एवं भाजपा किसान मोर्चा के जिला प्रकल्प संयोजक मयाराम साहू ने अपनी 12 एकड़ की कृषि भूमि पर मक्के की रिकॉर्ड तोड़ पैदावार लेकर मिसाल पेश की है।

मयाराम साहू की इस उपलब्धि का जायजा लेने के लिए भाजपा किसान मोर्चा के वरिष्ठ विशेषज्ञों की एक टीम उनके खेत पहुँची। किसान मोर्चा प्रकल्प संयोजक एवं पूर्व डीडीओ एस. के. सिंह ने फसल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मयाराम साहू ने आधुनिक तकनीकों और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से एकड़ 35 क्विंटल मक्के की पैदावार ली है, जो कृषि क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अन्य किसानों को भी धान के बदले ऐसी लाभप्रद फसलें लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा के संबंध में बैठक 16 को

राजनांदगांव। जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं पावर प्लांटों में सुरक्षा मानकों के सुदृढ़ पालन तथा जल संरक्षण के प्रभावी उपायों के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक 16 अप्रैल 2026 को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई है। बैठक में सभी औद्योगिक इकाइयों एवं पावर प्लांटों के प्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक उपायों, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग, आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों के पालन की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही जल संरक्षण एवं जल के समुचित उपयोग, वर्षा जल संचयन तथा औद्योगिक गतिविधियों में पानी की बचत के उपायों पर विशेष चर्चा की जाएगी। सभी संबंधित औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने को कहा गया है।

उद्योगों के निरीक्षण में मिली खामियां

छत्तीसगढ़ के शक्ति में वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे के बाद राजनांदगांव जिले में भी उद्योगों की जांच की गई है कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर आधिकारियों ने आकस्मिक निरीक्षण किया है जिसमें कई खामियां पाई गई है । एक सप्ताह के भीतर दूर किए किए जाने के निर्देश दिए गए है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H