Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : दुर्ग. मसीह समाज के लोगों ने सोमवार को पद्मनाभपुर थाना के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान थाने के सामने बैरिकेडिंग की गई और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. मसीह समाज आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर किसी संगठन विशेष के कार्यकर्ता पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि संबंधित मामले में अपराध दर्ज किया जा चुका है और इसकी जानकारी स्थानीय मसीह समाज के पदाधिकारियों को पहले ही दे दी गई थी. संयुक्त मसीह समाज छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष प्रदीप दुबे ने कहा कि जब किसी समुदाय के अधिकारों पर सवाल उठाए जाते हैं और उसे बार-बार निशाना बनाया जाता है, तब लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखना उनका अधिकार और कर्तव्य दोनों है. उन्होंने कहा कि धार्मिक स्वतंत्रता, समानता और न्याय की मांग को लेकर पद्मनाभपुर थाना के सामने शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया. उनका कहना था कि समाज केवल निष्पक्ष कार्रवाई और संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण की मांग कर रहा है.
BSP स्क्रैप चोरी के आरोपी के लॉकर से 50 लाख के आभूषण और 3 करोड़ की संपत्ति जब्त
दुर्ग. भिलाई स्टील प्लांट से संगठित स्क्रैप चोरी मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी संजय सिंह समेत तीनों आरोपियो की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद अब उन्हें जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने इस आरोपियो की करोड़ों रुपये की संपत्ति, सोने चांदी के गहने समेत भूमि प्लाट संबंधी दस्तावेज जब्त किए हैं. एक सप्ताह तक पूछताछ से पुलिस को कई चौकाने वाली जानाकरी भी मिली, जिसके आधार पर अब पुलिस बीएसपी के अधिकारियों से पूछताछ करेगी.
दरअसल, पुलिस को पूछताछ में पता चला कि लगभग 6 महीने से आरोपी किस तरह लोहे के स्कैप को फ्लाई एस डस्ट की आड़ में प्लांट से बाहर निकाल कर अक्लोरडीह स्थित गोडाउन तक पहुंचाते थे. 26 मई को रेड कार्रवाई में पुलिस ने अकलोरडीह स्थित ए के ट्रेडर्स से लगभग 250 टन लोहे की प्लेट एवं बीम कटिंग, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये, जप्त की थी. साथ ही परिवहन, लोडिंग में उपयोग वाले वाहनों और मशीनों सहित कुल लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये कीमत की संपत्ति भी बरामद की.
पुलिस पूछताछ में आरोपियों द्वारा चोरी से अर्जित धनराशि को अचल संपत्ति एवं आभूषणों में निवेश किए जाने संबंधी जानकारी मिली. इसके आधार पर मुख्य आरोपी संजय सिंह के लॉकर से लगभग 50 लाख रुपये के सोने चांदी के गहने और लगभग 03 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज जप्त किए गए हैं. इसके अलावा स्क्रैप परिवहन में उपयोग में लाए गए वाहनों के फर्जी नंबर प्लेट भी जप्त किए गए हैं. पूर्व में 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है. इस मामले में जांच के दौरान मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह को उत्तरप्रदेश के देवरिया क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया था. इसके अलावा अमित शर्मा और आकाश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया. आरोपी को 16 जून को गिरफ्तार कर 07 दिवस की पुलिस रिमांड लिया गया था. ईस दौरान पुलिस द्वारा आरोपियों को खुर्सीपार गेट से एसएमएस-3 तक मुख्य घटनास्थल ले जाकर घटनास्थल का सीन रिक्रियेट कराया गया.
भिलाई में बदमाशों ने युवक को मारा चाकू
दुर्ग. भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत वृंदा नगर कैंप-1 में देर रात चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. नशे की हालत में कुछ युवकों ने 35 वर्षीय अन्नू यादव पर हमला कर उसके गले पर चाकू से वार कर दिया. हमले में अन्नू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हालत में उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. फिलहाल उसका इलाज भिलाई के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
घटना के बाद क्षेत्र के रहवासियों में आक्रोश है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि वृंदा नगर कैंप-1 में लंबे समय से खुलेआम नशे का कारोबार संचालित हो रहा है. कुछ पुराने गुंडा-बदमाश राजनीतिक संरक्षण के चलते सूखे नशे का अवैध व्यापार चला रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
खैरागढ़ उपजेल में गूंजी सितार की धुन
खैरागढ़. राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. लवली शर्मा ने खैरागढ़ उपजेल में आयोजित विशेष संगीत-संवाद कार्यक्रम के माध्यम से कैदियों को संगीत की उपचारात्मक एवं सकारात्मक शक्ति से परिचित कराया. कार्यक्रम ने कारागार के वातावरण को संगीत की मधुर स्वरलहरियों से सराबोर कर दिया, जिससे परिसर में शांति, सकारात्मकता और आत्मिक सुकून का माहौल निर्मित हुआ.
कार्यक्रम के दौरान प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा ने अपने उत्कृष्ट सितार वादन की प्रस्तुति दी. उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित कैदियों और अधिकारियों को मंत्रमुग्ध कर दिया. सितार की मधुर धुनों के बीच कैदी पूरी तन्मयता से संगीत का रसास्वादन करते रहे. स्वरों की गूंज ने न केवल वातावरण को सौम्य बनाया बल्कि उपस्थित जनों को मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन का भी अनुभव कराया.
प्रस्तुति में तबला वादक अवध सिंह ने अपनी प्रभावशाली संगत से कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया. सितार और तबले के अद्भुत समन्वय ने श्रोताओं को लंबे समय तक बांधे रखा तथा संगीत की गहराई और सौंदर्य का अनुभव कराया.
इस अवसर पर प्रो. शर्मा ने संगीत चिकित्सा (म्यूजिक थेरेपी) विषय पर अपने शोध अनुभव साझा करते हुए कहा कि संगीत केवल मनोरंजन या कला की अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन और मस्तिष्क को संतुलित करने का प्रभावी साधन भी है. उन्होंने बताया कि वर्षों पूर्व कारागारों में बंद व्यक्तियों पर संगीत के प्रभाव को लेकर किए गए अध्ययनों में यह तथ्य सामने आया कि नियमित रूप से संगीत सुनने और उससे जुड़ने से तनाव में कमी आती है, भावनात्मक स्थिरता बढ़ती है तथा सकारात्मक सोच का विकास होता है.
उन्होंने कहा कि कारागार जैसे वातावरण में संगीत व्यक्तियों के भीतर आत्ममंथन, संवेदनशीलता और आत्मसुधार की भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. संगीत मनुष्य के अंतर्मन तक पहुंचकर उसे नई ऊर्जा, सकारात्मक दृष्टिकोण और जीवन के प्रति आशा प्रदान करने की क्षमता रखता है.
उपजेल में आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक सांस्कृतिक प्रस्तुति तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, भावनात्मक पुनर्वास और सुधारात्मक प्रक्रिया को सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में उभरकर सामने आया. कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि संगीत समाज के प्रत्येक वर्ग तक सकारात्मक परिवर्तन और मानवीय संवेदनाओं को पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है.
मंडी में भरा पानी, चबूतरे में रखा धान भी भीगा
राजनांदगांव. आज शाम को अचानक मौसम में आए परिवर्तन के बाद 1 घंटे तक कोई मूसलाधार बारिश है. बसंतपुर क्षेत्र में स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में भी पानी का जमाव हो गया. जगह-जगह पानी का जमा होने से किस से लेकर आम लोगों की परेशानियां बढ़ी रही. प्रवेश द्वार के समीप भी नाले की साफ सफाई नहीं होने के कारण नाले में पानी का जमाव हो जाने से प्रवेश द्वार के समीप भी अधिक पानी भर जाने से वाहन चालक भी परेशान होते रहे. अचानक हुई बारिश से शेड के नीचे चबूतरे पर रख धान भी भीग गया. बारिश से बोरों को बचाने के लिए हमाल को काफी मशक्कत करनी पड़ी. राजनांदगांव जिले में भी लगातार मौसम में आ रहे परिवर्तन की बात कभी तेज तो कभी रुक रुक कर बारिश हो रही है इससे जन जीवन प्रभावित हो रहा है दो दिनों तक बारिश होने के बाद आज फिर से दोपहर बाद अचानक मौसम में परिवर्तन देखने को मिला शाम 5:00 बजे से 6:00 बजे तेज गर्जना और हवाओं के बीच मूसलाधार बारिश हुई. अचानक बारिश होने से मंडी परिसर में रखा धान भी भींग गया. जगह-जगह पानी का जमाव भी देखने को मिला है. ऐसे में मंडी में व्यवस्थापन करने वालों की परेशानियां बढ़ी रही.
न्यू लुक बायो फ्यूल के खिलाफ ग्रामीण का प्रदर्शन
राजनांदगांव. फुलझर में न्यू लुक बायो फ्यूल कंपनी के खिलाफ ग्रामीण सड़क पर उतर गए. उन्होने कंपनी द्वारा बगैर एनओसी लिए गांव में फैक्ट्री खोलने का विरोध किया. फैक्ट्री के सामने ट्रैक्टर में सवार होकर बड़ी संख्या में महिला और युवा पहुंचे थे. घंटो प्रदर्शन के बाद प्रबंधन पन्द्रह दिन के अंदर व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया है. ग्रामीणों ने कंपनी के खिलाफ लगातार प्रदर्शन किया है. ग्रामीणों की माने तो फैक्ट्री के खुलने के बाद आसपास फसले और पर्यावरण बुरी तरह से प्रभावित हो रही है. युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी ने कहा कि, कंपनी द्वारा कथित रूप से फर्जी एनओसी के आधार पर संचालन किया जा रहा है. स्थानीय जनता की सहमति और जन सुनवाई जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की अनदेखी की गई है. कंपनी के संचालन से आसपास के गांवों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं, पर्यावरण प्रभावित हो रहा है और किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो रहा है. बारिश में घंटों तक धरने पर बैठे ग्रामीणों ने प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई. अपनी मांगों को मजबूती से रखा और कहा कि गांवों के जल स्रोत, कृषि भूमि, पर्यावरण और ग्रामीणों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान कंपनी के प्रबंध निदेशक ने आंदोलनकारियों से चर्चा करते हुए आश्वासन दिया कि 15 दिनों के भीतर ग्रामीणों द्वारा उठाई गई, सभी समस्याओं और शिकायतों के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों ने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो इससे भी बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा और कंपनी का व्यापक घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की होगी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

