दुर्ग। कोतवाली थाना क्षेत्र के साई नगर बघेरा में चॉइस सेंटर के संचालन और हिसाब- किताब को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी देवेंद्र देवांगन और मृतक कैलाश देवांगन सगे भाई थे। दोनों भाई चॉइस सेंटर का संचालन करते थे। उनके दो चॉइस सेंटर थे, जिनमें से पुराना चॉइस सेंटर अधिक चलता था। इसी को लेकर दोनों भाइयों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।
जानकारी के मुताबिक, चॉइस सेंटर के हिसाब-किताब को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी देवेंद्र देवांगन ने कथित तौर पर अपने छोटे भाई कैलाश देवांगन के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण कैलाश की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रार्थी थान सिंह देवांगन की शिकायत पर थाना कोतवाली पुलिस ने धारा 103 (1) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के कारणों, वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी देवेंद्र देवांगन के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
युवक को कार से टक्कर मारकर घसीटने वाला आरोपी चालक गिरफ्तार
दुर्ग। पुलगांव चौक में विवाद के बाद युवक को कार से पीछे से ठोकर मारकर काफी दूर तक घसीटने वाले आरोपी को पुलगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 109 (1) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी ने पीड़ित को विवाद के बाद कार से पीछे से ठोकर मारी और काफी दूर तक घसीटते हुए लेकर गया था जिससे युवक के शरीर में गंभीर चोटे आई थी।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी अपने मित्र भुवनेश्वर निषाद एवं हरि निषाद के साथ पुलगांव चौक स्थित पान ठेला के पास खड़ा हुआ था। इसी दौरान राजनांदगांव की ओर से तेज गति से आ रही कार सी जी 04 एच जे 9238 के चालक द्वारा मनीष गैरेज में कार्य करने वाले विजय वैष्णव को टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने के बाद विजय वैष्णव एवं कार चालक के मध्य विवाद हुआ।
कार चालक द्वारा वाहन से उतरकर विजय वैष्णव के साथ हाथ थप्पड़ से मारपीट कर धमकी दी। इसके बाद विजय वैष्णव जब पैदल ही पोटिया की ओर जाने लगा तब कार चालक उसे धमकी देते हुए कहा कि रुक जा आज तुझे बताता हूं, यह कहकर आरोपी ने कार में बैठकर उसका पीछा किया और उसे जमकर टक्कर मार दी। इसके बाद घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। जब पीड़ित के मित्रों द्वारा वाहन रोकने का प्रयास किया तब कार चालक वाहन रोकने के बजाय तेजी से फरार हो गया।
लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वाहन स्वामी अजय कुमार गारुडीक निवासी बमलेश्वरी कॉलोनी नर नारायण मंदिर के पास बोरसी थाना पद्मनाभपुर को वाहन सहित पकड़ा है। आरोपी का जिला अस्पताल दुर्ग में चिकित्सकीय प्रशिक्षण कराया गया जिसमें चिकित्सक द्वारा शराब सेवन किए जाने का उल्लेख किया गया है।
सिविक सेंटर जल्द होगा अतिक्रमण मुक्त
भिलाईनगर। भिलाई के हृदय स्थल सिविक सेंटर की अतिक्रमण मुक्त सुव्यवस्थित एवं सुगम यातायात वाला क्षेत्र बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल और यातायात डीएसपी विशाल सोम ने पुलिस टीम के साथ सिविक सेंटर का भ्रमण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान व्यापारियों एवं आम नागरिकों के साथ यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में चर्चा की तथा विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी।
भिलाई इस्पात संयंत्र एवं नगर निगम की टीम के साथ सामंजस्य बिठाकर व्यवस्थित पार्किंग के लिए प्रमुख बदलाव होंगे। इस बदलाव में सड़क के किनारे निर्धारित स्थानों पर कार एवं बाइक पार्किंग के लिए अलग-अलग बोर्ड लगाए जाएंगे। वाहनों को केवल सफेद पट्टी के अंदर ही पार्क करने की अनुमति होगी। सफेद पट्टी के बाहर वाहन खड़ा करने पर नियमानुसार कार्रवाई एवं चालानी कार्रवाई की जाएगी।
सभी दुकानदार अपनी तथा अपने कर्मचारियों की गाड़ियां दुकान के सामने सड़क पर पार्क न करते हुए निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ी करेंगे। वहीं अवैध झाड़ियों एवं अनावश्यक पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई कर संबंधित स्थानों पर व्हाइट पट्टी की मार्किंग की जाएगी, ताकि वाहनों को निर्धारित स्थान के भीतर सुव्यवस्थित तरीके से पार्क किया जा सके।
प्रत्येक दुकानदार आपसी सहमति से पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए गार्ड की नियुक्ति करेंगे। गार्ड आम जनता से वाहनों को निर्धारित स्थान पर सही तरीके से पार्क करने की अपील करेंगे। सिविक सेंटर क्षेत्र में संचालित अवैध दुकानों एवं अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे सभी उपयुक्त स्थान, जिन्हें पार्किंग के रूप में विकसित किया जा सकता है, उन्हें चिन्हित कर पार्किंग क्षेत्र के रूप में विकसित / घोषित किया जाएगा।
नकली गोल्ड फ्लैक बेचने वाले आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। नकली गोल्ड फ्लैक सिगरेट बेचने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से आईटीसी के नाम से तैयार नकली उत्पादों की कुल 2,07,000 रुपए कीमत की 18000 सिगरेट जब्त की है।
पुलिस ने इंदिरा मार्केट स्थित एस एस डी ट्रेडर्स में आईटीसी लिमिटेड के गोल्ड फ्लैक ब्रांड के नकली उत्पाद विक्रय की सूचना पर विधिवत कार्रवाई की है। आरोपियों द्वारा निजी आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से वास्तविक उत्पादन के सामान पैकिंग एवं ब्रांड नाम वाले नकली सिगरेट उत्पादों का विक्रय किया जा रहा था।
दो आरोपियों विशाल जसवानी निवासी गुरु नानक नगर सत्यम बेकरी गली थाना मोहन नगर दुर्ग तथा निखिल सिहानी निवासी शदाणी नगर सिंधी कॉलोनी थाना मोहन नगर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 18000 नकली गोल्ड फ्लैक प्रीमियम सिगरेट एवं संबंधित पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस ने बताया कि आईटीसी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि से नकली गोल्ड फ्लैक सिगरेट की विक्रय सूचना प्राप्त हुई जिस पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई है। 11 अगस्त को प्रार्थी द्वारा सिटी कोतवाली दुर्ग में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया था कि आईटीसी लिमिटेड द्वारा अपने उत्पादों की नकल करने एवं विक्रय करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के लिए वे अधिकृत है।
सूचना मिली है कि इंदिरा मार्केट दुर्ग स्थित एसएसडी ट्रेडर्स में आईटीसी लिमिटेड के गोल्ड फ्लैक प्रीमियम ब्रांड के नकली उत्पादों का विक्रय किया जा रहा है। जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य संकलन किया। अपराध घटित हुए ने पाए जाने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318 (4) एवं धारा 63 कॉपीराइट अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार का न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर की अपनी आवाज बुलंद
भिलाईनगर। बैंकों में सप्ताह में 5 दिवसीय कार्य दिवस तत्काल लागू करने की लंबित मांग को लेकर युनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के आह्वान पर आज विरोध प्रदर्शन किया गया। भिलाई- दुर्ग क्षेत्र में भी बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की। यह प्रदर्शन आज कार्यालय समय समाप्त होने के पश्चात किया गया, जिसमें भिलाई और दुर्ग स्थित सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र की विभिन्न बैंक शाखाओं के लगभग 150 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि बैंक कर्मचारियों के लिए 5 दिवसीय कार्य सप्ताह को बिना किसी और देरी के तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार, आरबीआई और अन्य प्रमुख वित्तीय व कॉर्पोरेट संस्थानों में 5 दिवसीय कार्यप्रणाली पहले से लागू है। बैंक कर्मचारियों पर बढ़ते कार्य दबाव को देखते हुए मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के लिए यह अति आवश्यक है।
इस राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन में यूएफबीयू से संबद्ध सभी घटक यूनियनों एआईबीईए. एआईबीओसी एनसीबीई, एआईबीओए बीईएफआई, आईएनबीओसी, आईएनबीईएफ ने एक मंच पर आकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने हाथों में बैनर एवं तख्तियां लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। संयोजक एवं यूनियन प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार एवं भारतीय बैंक संघ द्वारा 5 दिवसीय बैंकिंग की मांग को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में वहीं आंदोलन को और तेज किया जाएगा। महिला कर्मचारियों की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
दूसरे की जमीन को अपना बताकर बेचने वाले के खिलाफ एफआईआर
राजनांदगांव। दूसरे व्यक्ति की जमीन और मकान को अपना बताकर बेचने और खरीदार से लाखों रुपए वसूलने का मामला सामने आया है। ग्राम सुंदरा में मुख्यमंत्री आबादी पट्टे की जमीन और उस पर बने मकान का फर्जी सौदा करने के आरोप में पुलिस चौकी चिखली ने ठेठवारपारा निवासी सन्नी पंसारी के खिलाफ भ धारा 318 (4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सुंदरा निवासी राजेश साहू ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी कि आरोपी सन्नी पंसारी ने कृष्णा साहू के नाम दर्ज मुख्यमंत्री आबादी पट्टा भूमि और उस पर बने कच्चे मकान को अपना बताकर उसे बेचने का सौदा किया।
आरोपी ने जमीन का खसरा नंबर 362/92 और रकबा 271.26 वर्गमीटर बताकर खरीदार को भरोसे में लिया। शिकायत के मुताबिक 21 दिसंबर 2025 को जमीन और मकान का सौदा 5 लाख 21 हजार रुपए में तय हुआ था। इसके बाद राजेश साहू ने आरोपी को एक लाख रुपए बयाना राशि दी।
इस संबंध में नोटरी के माध्यम से इकरारनामा और सौदा पत्र भी तैयार कराया गया। इसके बाद 20 जनवरी 2026 को शेष 4 लाख 21 हजार रुपए भी आरोपी को देने की बात शिकायत में कही गई है। इस दौरान 100 रुपए के स्टांप पर विक्रय पत्र तैयार कराया गया। आरोपी ने खरीदार को भरोसा दिलाया था कि वह मूल मालिक से मकान खाली कराकर एक सप्ताह के भीतर कब्जा सौंप देगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार, रकम लेने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर फोन उठाना बंद कर दिया और संपत्ति का कब्जा नहीं दिया। परेशान होकर राजेश साहू ने जमीन के वास्तविक मालिक कृष्णा साहू से संपर्क किया।
पूछताछ में कृष्णा साहू ने बताया कि उसने उक्त जमीन और मकान सन्नी पंसारी को बेचा ही नहीं है। इसके बाद खरीदार को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। शिकायतकर्ता ने आरोपी पर रकम वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने शिकायत की जांच के दौरान शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए हैं। साथ ही जमीन से जुड़े दस्तावेज, इकरारनामा और अन्य कागजात भी जुटाए गए हैं।
थाने में किशोरी प्रताड़ना के दोषी टीआई व महिला प्रधान आरक्षक बहाल
राजनांदगांव। लगभग दो माह पूर्व सोमनी थाना क्षेत्र में किशोरी को प्रताड़ित किए जाने के मामले में दोषी तत्कालीन निरीक्षक व महिला प्रधान आरक्षक को निलंबित कर दिया गया था लेकिन अब उन्हें वापस बहाल कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है।
ज्ञात हो कि मई माह के अंतिम सप्ताह में सोमनी थाना में एक किशोरी को गर्भवती बताकर काफी प्रताड़ित किया गया था। मेडिकल कराने के दौरान भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया । आरोप यह भी लगा कि किशोरी बालिका को बेवजह थाने में देर रात तक बिठा कर रखा गया। जब इस मामले का खुलासा हुआ तो काफी विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। कांग्रेस ने इस मामले में प्रदर्शन कर किशोरी को प्रताड़ित करने वाले दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। अन्यथा उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी थी।
किशोरी को प्रताड़ित किए जाने से उपजे विवाद व कांग्रेस द्वारा उग्र प्रदर्शन किए जाने की चेतावनी के बाद तत्कालीन सोमनी थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव और महिला प्रधान आरक्षक जयश्री सिंह को निलंबित कर दिया गया था। बताया जाता है कि निलंबन अवधि के लगभग दो माह बीतने को आ रहे हैं, अब तक विभागीय जांच पूरी नहीं की जा सकी है।
इस बीच खबर यह भी है कि किशोरी को प्रताड़ित किए जाने वाले इस बहुचर्चित मामले में निलंबित किए गए तत्कालीन सोमनी थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव तथा महिला प्रधान आरक्षक जयश्री सिंह को वापस बहाल कर दिया गया है। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने कहा कि इस मामले में दोनों की बहाली हो गई है, लेकिन उनके खिलाफ विभागीय जांच चल रही है।
जिलेभर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में, तिरंगे से सजा शहर
राजनांदगांव। 15 अगस्त को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिलेभर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मुख्य समारोह स्थल से लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों तक सजावट का काम तेजी से चल रहा है। शासकीय कार्यालय से लेकर शैक्षणिक संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस की तैयारीयां जोर-शोर से की जा रही है।
इस बार भी जगह-जगह तोरण – पताकाएं लगाए जा रहे हैं, जिससे शहर का माहौल देशभक्ति के रंग में रंगने लगा है। स्वतंत्रता दिवस को लेकर बाजार में भी रौनक बढ़ गई है। दुकानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री शुरू हो गई है। जहां पर लोग राष्ट्रीय ध्वज की खरीददारी करते नजर आ रहे हैं। तिरंगे के साथ देशभक्ति से जुड़े अन्य सामान भी बाजार में उपलब्ध हैं।
लोग अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए राष्ट्रीय ध्वज सहित अन्य सामग्री की खरीददारी कर रहे हैं। बाजार में अब स्वतंत्रता दिवस की रौनक नजर आने लगी है। छोटे व्यापारी चौक चौराहों पर राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री करते नजर आ रहे हैं। इधर, सरकारी कार्यालयों और प्रमुख संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शहर में जगह-जगह तिरंगा नजर आने से वातावरण में देशभक्ति की भावना दिखाई दे रही है। बहरहाल राजनांदगांव जिला मुख्यालय से लेकर जिले के सभी विकासखंडों में तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राष्ट्रीय ध्वज भी लोग कर रहे बुकिंग- पांडे खादी ग्राम उद्योग के श्री पांडे ने बताया कि इस बार भी राष्ट्रीय ध्वज की बुकिंग सर्वाधिक हो रही है। शैक्षणिक संस्थाओं के साथ-साथ शासकीय और निजी कार्यालय के प्रतिनिधि भी दुकान में पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज की खरीदी कर रहे हैं।
2 माह में बाघ ने दो मवेशियों का किया शिकार
मोहला मानपुर। क्षेत्र में दो माह के भीतर एक बाघ ने दो मवेशियों का शिकार किया है। औंधी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत में निड़ेली में भी एक बैल को घायल कर दिया था, इसके उपचार के दौरान मौत हो गई। क्षेत्र में बाघ की उपस्थिति होने के कारण वन विभाग द्वारा ट्रैप कैमरा लगाकर उसके आने जाने पर नजर रखी जा रही है। क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से दहशत का माहौल बना हुआ है।
कुछ दिन पहले बाघ को कोहकाकोला क्षेत्र में देखे जाने की जानकारी सामने आई थी। पिछले कई दिनों से बाघ की मौजूदगी के कारण आसपास के गांवों में ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है बाघ के लगातार मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग ने रेस्क्यू टीम को तैनात कर दिया है। टीम क्षेत्र में बाघ की गतिविधियों पर नजर रख रही है और उसके सुरक्षित रेस्क्यू के प्रयास किए जा रहे हैं।
सूत्र बता रहे हैं कि बैग पर नजर रखने के लिए ट्रैक कैमरा भी लगा दिया गया है बाघ की मौजूदगी के चलते ग्रामीणों में भय का माहौल है। जंगल और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग की टीम बाघ के मूवमेंट वाले संभावित इलाकों में लगातार निगरानी कर रही है। बहरहाल क्षेत्र में लंबे समय से बाघ की उपस्थिति होने के कारण ग्रामीण भी अब दहशत में है।
रखी जा रही है नजर – डीएफओ
क्षेत्र के डीएफओ दिनेश पटेल का कहना है कि बाघ की उपस्थिति होने के कारण उसके आने जाने पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने के निर्देश दे दिए गए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


