भिलाईनगर। जेवरा – सिरसा के दुर्ग – धमधा रोड पर लूट के इरादे से ग्राम-तुमाला के उपसरपंच व मंडल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष प्रकाश सिंह कश्यप (47 वर्ष) की हत्या करने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर धर दबोचा। पेट्रोल पंप और चिखली तरफ में लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपी पुलिस के पकड़ में आए।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : CM साय लेंगे विभागीय बैठक… 50 पदों पर भर्ती के लिए रोजगार मेला आज… CBSE 10वीं आंसर शीट स्कैन कॉपी के लिए आवेदन शुरू

आरोपी घटना के बाद घटारानी भाग गए थे। वापस लौटते समय उनकी गाड़ी खराब हो गई। जैसे ही वे लौटे पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

पकड़े गए आरोपियों में आदर्श उर्फ लाल (19 वर्ष) निवासी कादम्बरी नगर मोहन नगर समेत तीन नाबालिग शामिल हैं। डीआईजी व दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि घटना तड़के 2 से 2.20 के आसपास हुई। 3 बजे उन्हें सूचना मिली तो वे खुद घटनास्थल पर पहुंचे। मामले को सुलझाने के लिए 40 अलग-अलग टीमें बनाई।

सबसे पहले उस क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में चाकूबाजों में चालान हुआ है। उस दिशा में काम करते हुए जगह-जगह सीसीटीवी फुटेज खंगालना उसके बाद चार अलग-अलग एरिया में एक टीम मोहननगर के शक्तिनगर और शांतिनगर, दूसरी टीम स्मृतिनगर क्षेत्र, तीसरी टीम करीहडीह क्षेत्र व चौथी टीम पथरिया व धमधा क्षेत्र में काम कर रही थी।

इसके अलावा घटनास्थल के 10 किलोमीटर के दायरे में जितने भी चाकूबाज का हॉटस्पाट एरिया था । उस दिशा में भी काम किया जा रहा था। साथ ही घटनास्थल से लेकर दुर्ग, भिलाई, धमधा मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का लगातार विश्लेषण किया गया। कई घंटों तक फुटेज का क्रमवार मिलान कर संदिग्ध मोटरसाइकल की आवाजाही, समय, दिशा एवं रूट का वैज्ञानिक विश्लेषण करने के बाद अरोपियों की शिनाख्त हो पाई।

आईटीआई दुर्ग में रोजगार मेला 18 अगस्त को

दुर्ग। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र और शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में 18 अगस्त को शासकीय आईटीआई दुर्ग परिसर में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।

उपसंचालक (रोजगार) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस रोजगार मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र के नियोजक अपने संस्थानों में रिक्त पदों पर भर्ती कर सकते हैं। ऐसे सभी निजी नियोजक जो इस मेले के जरिए भर्तियां करना चाहते हैं, वे 14 अगस्त से पूर्व अपने संस्थान के रिक्त पदों की जानकारी छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग के ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से जिला रोजगार कार्यालय दुर्ग को अधिसूचित करना सुनिश्चित करेंगे।

पोर्टल पर रिक्तियां प्रेषित करने के लिए नियोक्ताओं का रोजगार मेला हेतु नियोक्ता पंजीयन होना अनिवार्य है, जिसके लिए जीएसटी क्रमांक एवं आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। योजना एवं आयोजन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मालवीय नगर चौक स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग में संपर्क किया जा सकता है।

सीएसवीटीयू में पीजी व पीजी डिप्लोमा में दाखिले का दूसरा मौका, 9 तक कर सकेंगे आवेदन

भिलाईनगर। उच्च तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे छात्र-छात्राओं के लिए दूसरा अवसर है। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीजी एवं पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के दूसरे चरण (फेज- 2) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। छात्र-छात्राएं 9 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने दो वर्षीय पूर्णकालिक एम.टेक. एवं एम. प्लान कार्यक्रमों के साथ- साथ एक वर्षीय पूर्णकालिक इंडस्ट्रीयल सेफ्टी एंड फायर सेफ्टी मैनेजमेंट पीजी डिप्लोमा तथा वर्किंग प्रोफेशनल कोर्सेस में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किया है। जबकि प्रवेश परीक्षा (लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार ) का विस्तृत कार्यक्रम अलग से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। आवेदन करने वाले सभी पात्र छात्र छात्राओं को प्रवेश परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य होगा।

हालांकि, वर्किंग प्रोफेशनल, स्पॉन्सर्ड अभ्यर्थी एवं वैध गेट स्कोर रखने वाले उम्मीद्वारों को प्रवेश परीक्षा से छूट दी गई है। ऐसे अभ्यर्थियों का चयन विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन शुल्क 500 रुपए निर्धारित किया गया है। वहीं अभ्यर्थी 9 अगस्त तक आवेदन जमा कर सकते हैं। प्रवेश पूरी तरह मेरिट एवं विश्वविद्यालय के नियमों के आधार पर होगा। परीक्षा या साक्षात्कार के समय अभ्यर्थियों को अपने मूल पहचान पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा।

इन पाठ्यक्रमों में दिया जाएगा प्रवेश

दूसरे चरण में छात्र-छात्राओं को माइक्रो इलेक्ट्रॉनिक्स एवं वीएलएसआई, एनर्जी एंड एनवायरमेंटल इंजीनियरिंग, बायोमेडिकल इंजीनियरिंग एंड बायो-इन्फार्मेटिक्स, एनवायरमेंटल एंड वाटर रिसोर्सेज इंजीनियरिंग, स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तथा एम. प्लान (अर्बन प्लानिंग) जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।

निगम नहीं बढ़ा पा रहा अपनी संपत्ति से आय का स्रोत

भिलाईनगर। भिलाई नगर निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का प्रस्ताव कागजों में ही अटका हुआ है। निगम ने अपनी खाली पड़ी संपत्तियों को किराए पर देकर आय अर्जित करने का फैसला तो महापौर परिषद से मंजूर भी करवा लिया, लेकिन महीनों बाद भी प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। नतीजा – करोड़ों की संपत्ति खाली पड़ी है और निगम को लाखों का नुकसान हो रहा है।

निगम ने जिन भवनों, स्थलों को किराए पर देने की योजना बनाई थी। उनमें शामिल हैं डी-मार्ट, मदर्स मार्केट, पावर हाउस बस स्टैंड, स्टेडियम की दुकानें, ऑडिटोरियम एवं मांगलिक भवन । इन भवनों को लेने के लिए शासकीय, अर्ध शासकीय, बैंक, पोस्ट ऑफिस, स्वास्थ्य विभाग ने दिलचस्पी दिखाई थी। इसके पूर्व बैंक एवं स्वास्थ्य विभाग ने सिमट एवं पावर हाउस बस स्टैंड के स्थल को किराए पर लेने की इच्छा जताई थी। आबकारी विभाग भी शराब दुकान खोलने के लिए दुकान खोज रहा था। व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी निगम की संपत्ति लेने के लिए तैयार थे, लेकिन अभी तक किराए पर देने की प्रक्रिया अधर में लटकी है।

हर महीने हो रहा नुकसान

नेशनल हाईवे रोड किनारे स्थित निगम की करोड़ों की संपत्ति रिक्त पड़ी है। यदि इन भवनों को किराए पर दे दिया जाए तो नगर निगम सालाना लाखों रुपये की आय अर्जित कर सकता है। खाली भवनों के कारण निगम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ढाबा संचालक ने शिवनाथ नदी में छलांग लगाकर की आत्महत्या

भिलाईनगर। नंदिनी थाना अंतर्गत दुर्ग-धमधा मुख्य मार्ग स्थित शिवनाथ नदी में एक ढाबा संचालक ने छलांग लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम अगले दिन सुबह 5 बजे मौके पर पहुंची। करीब 6 घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है।

नंदिनी पुलिस ने बताया कि बैकुंठधाम वार्ड नंबर 32 छावनी निवासी ढाबा संचालक संजय ओझा (46 वर्ष) 4 अगस्त को रोज की तरह घर से निकले थे। परिजनों को लगा कि वे हमेशा की तरह घर आ जाएंगे, लेकिन वे सीधे शिवनाथ नदी पुल के पास पहुंचे और वहां से नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें डूबते देखा तो शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक वे पानी में डूब चुके थे।

सूचना मिलते ही धमधा और नंदिनी थाना पुलिस अगले दिन सुबह 5 बजे मौके पर पहुंची। इसके बाद दुर्ग से एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई। गोताखोरों ने करीब 6 घंटे तक नदी में तलाश की। काफी मशक्कत के बाद सुबह 11.20 बजे संजय ओझा का शव नदी से बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी ने मां बम्लेश्वरी का लिया आशीर्वाद, डोंगरगढ़ में हुआ स्वागत

डोंगरगढ़। राष्ट्रमंडल खेल 2026 की भारोत्तोलन (वेट लिफ्टिंग) प्रतियोगिता के 53 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव जिले की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव अपने माता-पिता के साथ मां बम्लेश्वरी देवी के दर्शन के लिए बुधवार को डोंगरगढ़ पहुंचीं। उन्होंनें विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देवी का आशीर्वाद लिया। यहां मां बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट समिति, प्रेस क्लब ऑफ डोंगरगढ़, यादव समाज व विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया।

मां बम्लेश्वरी के दर्शन के बाद ज्ञानेश्वरी यादव ने अपनी उपलब्धि को देश, प्रदेश, माता-पिता और अपने कोच को समर्पित करते हुए कहा कि उनकी सफलता में परिवार और प्रशिक्षकों का सबसे बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने भविष्य में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सफलता के लिए मां बम्लेश्वरी से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

संगीत विवि की कुलपति लवली शर्मा को आकाशवाणी का सर्वोच्च ‘टॉप ग्रेड आर्टिस्ट’ सम्मान

खैरागढ़। राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. लवली शर्मा को सितार वादन में उनकी उत्कृष्ट साधना और राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों के लिए आकाशवाणी नई दिल्ली ने प्रतिष्ठित ‘टॉप ग्रेड आर्टिस्ट’ सम्मान प्रदान किया है। इस उपलब्धि के साथ वे आगरा की पहली कलाकार बन गई हैं जिन्हें आकाशवाणी का यह सर्वोच्च ग्रेड प्राप्त हुआ है। इससे पहले वे देश की प्रथम डी. लिट. सितार वादिका के रूप में भी विशिष्ट पहचान बना चुकी हैं। प्रो. शर्मा संगीत शिक्षा, शोध और समाजसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।

राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय ग्वालियर की कुलपति रहते हुए उन्होंने संगीत विषय पर 13 से अधिक पुस्तकों का लेखन किया तथा म्यूजिक थेरेपी के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य और जेलों में बंदियों के पुनर्वास जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को नई पहचान दिलाई।

धारदार चाकू से केक काटते नाबालिगों का वीडियो वायरल, नगर में मचा हड़कंप

डोंगरगांव। सोशल मीडिया और रील के चक्कर में युवकों के साथ साथ शहर व क्षेत्र के नाबालिग लड़के भी अब अनैतिक गतिविधियों में शामिल होकर गैरकानूनी काम कर रहे हैं। वर्तमान में युवक धारदार चाकू या ऐसे अन्य हथियारों से केक काटकर परिवार को छोडक़र दोस्तों के साथ सार्वजनिक स्थलों में जन्मदिन मना रहे हैं, और इसका वीडियो सोशल मीडिया में पोस्टकर आमजनों में डर का माहौल पैदा कर रहे हैं।

हाल ही में डोंगरगांव नगर में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने लोगों के बीच चिंता और आक्रोश का माहौल बना दिया है। वायरल वीडियो में कुछ नाबालिग बच्चे खुलेआम चाकू से केक काटते नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर थाना क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे नाबालिग युवक बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना नगर के करियाटोला वार्ड नंबर 9 के है कि नाबालिगों के हाथों में इस तरह से धारदार हथियार का होना बेहद गंभीर विषय है। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि अन्य बच्चों के लिए भी गलत संदेश दे रहा है।

लोगों ने इस घटना को लेकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। नगरवासियों का यह भी कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो का वायरल होना समाज में गलत प्रवृत्तियों को बढ़ावा देता है। अभिभावकों की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए कि वे अपने बच्चों के इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखें।

वंदे मातरम् 150वीं वर्षगांठ पर 7 से 15 अगस्त तक कार्यक्रमों का आयोजन

राजनांदगांव। वंदे मातरम् 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर तृतीय चरण 7 से 15 अगस्त 2026 ( हर घर तिरंगा के साथ) जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय, ग्राम पंचायत, विद्यालय, महाविद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। हर घर तिरंगा के साथ तिरंगा यात्रा, मशाल रैली एवं देशभक्ति गीत प्रतियोगिता, विचार गोष्ठी, संगोष्ठी एवं छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

राष्ट्रीय कार्यक्रम के अनुरूप राज्य क्षेत्र के सभी स्कूलों के बैंड द्वारा वंदे मातरम् से संबंधित संगीतमय कार्यक्रम विद्यालय एवं महाविद्यालय में आयोजित की जाएगी। जिसमें एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाईड की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। 14 अगस्त को वंदे मातरम् पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन एवं संध्याकालीन राज्य पुलिस बैंड सार्वजनिक स्थानों पर वंदे मातरम् और देशभक्ति गीतों पर कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।

सार्वजनिक, निजी भागीदारी के तहत प्रदेश में वंदे मातरम् ऑडियो, वीडियो बूथ स्थापित कर वंदे मातरम् गायन को रिकॉर्ड कर अभियान पोर्टल पर अपलोड करने की सुविधा दी जाएगी। अभियान पोर्टल में वंदे मातरम् की रिकॉर्ड की हुई धुन के साथ गाना की सुविधा उपलब्ध की जाएगी, जिससे नागरिक अपनी आवाज में वंदे मातरम् गाकर अपलोड कर सकेंगे। विशेष आयोजन के तहत 15 अगस्त 2026 को ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन बड़े पैमाने पर किया जाएगा।

मोहारा फिल्टर प्लांट में फिटकरी की कमी, तीन मोटर पंप भी बंद पड़े

राजनांदगांव। शहर की जीवनदायिनी शिवनाथ नदी से पानी लेकर शहरवासियों को पेयजल उपलब्ध कराने वाले मोहरा फिल्टर प्लांट में व्यवस्था अभी भी सुधार नहीं पाई है। प्लांट के तीन मोटर बंद बताएं जा रहे हैं। शहर के वार्डों में अभी भी कुछ क्षेत्रों में गंदे पानी की आपूर्ति होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्लांट में फिटकरी की कमी के चलते पानी का शुद्धिकरण प्रभावित होने की शिकायत सामने आ रही है, जिससे कई क्षेत्रों में गंदा और मटमैला पानी पहुंचने की बात कही जा रही है। निगम अधिकारियों का कहना है कि ऐसी कोई समस्या नहीं है तीन प्लांट में मात्र तीन मोटर पंप बंद है जिसे सुधारने के लिए भेजा गया है। बरसात के मौसम में जब शिवनाथ नदी में पर्याप्त जल उपलब्ध है, तब भी फिल्टर प्लांट की व्यवस्थाओं में कमी के कारण समस्या बनी हुई है।

राजनांदगांव जिला मुख्यालय के अंतर्गत आने वाले कुल 51 वार्ड में प्रतिदिन ढाई करोड़ लीटर से अधिक की जलापूर्ति होती है। बताया जा रहा है कि प्लांट के तीन मोटर भी बंद पड़े है, जिससे जल शोधन और आपूर्ति व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। शहर के कुछ क्षेत्रों में आज सुबह भी नलों से गंदे पानी की आपूर्ति होने की खबर है। जिसके कारण लोगों में स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ रही है।

बारिश के दिनों में पहले ही जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता हैं, ऐसे में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता जरूरी है। शहरवासी मुकेश सिंह राजेश सिंह, किशोर साहू का कहना है कि करोड़ों की जलापूर्ति व्यवस्था होने के बाद भी यदि फिटकरी जैसी आवश्यक सामग्री की कमी और मोटर खराब होने से समस्या आती है तो यह गंभीर लापरवाही है। लोगों ने नगर निगम से फिल्टर प्लांट की व्यवस्था दुरुस्त करने और नियमित जांच की मांग की है।

30 टन फिटकरी की है अभी भी व्यवस्था – रामटेके

नगर निगम जल विभाग के प्रभारी यूके रामटेके का कहना है कि फिल्टर प्लांट में 30 टन से अधिक फिटकरी की अभी भी व्यवस्था है। तीन फिल्टर प्लांट में सुधार कार्य के चलते तीन मोटर बंद है। मोहारा में 10, 17 और 27 एमएलडी के 3 फिल्टर प्लांट नगर निगम के आधिकारिक सूत्रों से मिली पर 10 17 और जानकारी के मुताबिक मुहावरा तट 27 एमएलडी के तीन फिल्टर प्लांट संचालित होते हैं। कुल 12 मोटर पंप की व्यवस्था है। तीनों फिल्टर प्लांट में सुधार कार्य के चलते 75 एचपी, 150 एचपी और 270 एचपी का एक- एक पंप बंद है।

शुभम के मार्ट में पैकेजिंग डेट वाले पोहे के 38 पैकेट मिले, खाद्य विभाग ने किया सीज

खैरागढ़। जिले के प्रमुख रिटेल स्टोरों में शामिल शुभम के मार्ट जुड़ी में खाद्य सुरक्षा मानकों से गंभीर अनियमितता सामने आई है। एक ग्राहक की शिकायत पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ( केसीजी) की टीम ने मार्ट में जांच की, जहां ओम शांति कंपनी के पोहे के 38 पैकेटों पर भविष्य की पैकेजिंग तिथि अंकित पाई गई। मामले को गंभीर मानते हुए विभाग ने सभी पैकेटों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाते हुए उन्हें पंचनामा तैयार कर सीज कर दिया है और मामले की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार 31 जुलाई 2026 को एक ग्राहक खरीदारी के लिए शुभम के मार्ट पहुंचा था। इस दौरान उसकी नजर ओम शांति कंपनी के पोहे के पैकेट पर अंकित पैकेजिंग तिथि पर पड़ी। पैकेट पर अगस्त माह की पैकेजिंग डेट दर्ज थी जबकि उस समय जुलाई माह चल रहा था। ग्राहक ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए मार्ट का ध्यान इस कर्मचारियों ओर आकर्षित किया, लेकिन आरोप है कि शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। ग्राहक ने पैकेट पर दिए गए कस्टमर केयर नंबर पर भी संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन वहां से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन केसीजी से शिकायत की। शिकायत प्राप्त होने पर अभिहित सिद्धार्थ पांडे अपनी टीम के अधिकारी साथ शुभम के मार्ट पहुंचे और जांच की।

निरीक्षण के दौरान ओम शांति कंपनी के पोहे के कुल 38 पैकेटों पर भविष्य की पैकेजिंग तिथि अंकित मिली। इसे खाद्य सुरक्षा नियमों के संभावित उल्लंघन की श्रेणी में मानते हुए विभाग ने सभी पैकेटों को तत्काल बिक्री से हटाकर सीज कर दिया। जांच पूरी होने तक इन्हें सुरक्षित रखा गया है। प्रारंभिक जांच के बाद यह मामला केवल उत्पाद निर्माता कंपनी ही नहीं बल्कि रिटेल स्टोर की गुणवत्ता जांच प्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है। यदि भविष्य की पैकेजिंग तिथि वाले उत्पाद बाजार में भेजे गए हैं तो यह निर्माता की गंभीर लापरवाही हो सकती है वहीं बिना लेबल और पैकेजिंग की जांच किए ऐसे उत्पादों को बिक्री के लिए शेल्फ पर रखना भी स्टोर प्रबंधन की जिम्मेदारी पर प्रश्नचिह्न लगाता है।

आशंका है कि कार्रवाई से पहले ऐसे कुछ पैकेट ग्राहकों तक भी पहुंच चुके होंगे। क्या है भविष्य की पैकेजिंग डेट का मामला? खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार किसी खाद्य उत्पाद पर अंकित भविष्य की पैकेजिंग तिथि होना गंभीर अनियमितता माना जाता है। इसे ‘मिसब्रांडिंग’ अथवा ‘पोस्ट- ‘डेटेड पैकेजिंग’ की श्रेणी में देखा जाता है। ऐसी स्थिति में यह संदेह उत्पन्न होता है कि उत्पाद की वास्तविक शेल्फ लाइफ को कागजी रिकॉर्ड में बढ़ाकर उसे अधिक समय तक बाजार में बेचने का प्रयास किया गया हो। हालांकि इस मामले में वास्तविक कारण का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

9 को राजनांदगांव में मनेगा विश्व आदिवासी दिवस

राजनांदगांव। मांझी अंतरराष्ट्रीय समाजवाद आदिवासी किसान सैनिक संस्था (कंगला मांझी सरकार ) नई दिल्ली एवं अखिल भारतीय माता दंतेवाड़िन समाज समिति नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में 9 अगस्त (विश्व आदिवासी दिवस ) के अवसर पर राजनांदगांव के पद्म गोविंद राम निर्मलकर ऑडिटोरियम में एक भव्य सामाजिक-सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया जा रहा है।

इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों और आम से संस्था के सैनिक, समाज प्रमुख नागरिक बड़ी संख्या में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एम. डी. ठाकुर (उपाध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति आयोग, छत्तीसगढ़ शासन), अध्यक्षता राजमाता कांगे (राष्ट्रीय अध्यक्ष, कंगला मांझी संस्था नई दिल्ली, विशिष्ट फुलवा देवी अतिथि मधुसूदन यादव महापौर, डॉ. परदेशी राम वर्मा (वरिष्ठ एवं अध्यक्ष, बैस साहित्यकार अगासदिया भिलाई), संजय (पूर्व जनपद सदस्य, डौंडी) कुम्भदेव कांगे (उपाध्यक्ष, कंगला मांझी संस्था), आर. एस. उइके (महासचिव, अखिल भारतीय दंतेवाड़िन समाजसमिति, नई दिल्ली) शामिल होंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m