भिलाईनगर। सड़क हादसे के बाद थाने में जब्त नई कार को छुड़वाने के लिए कोर्ट में चालान पेश करने के नाम पर 20 हजार रुपए मांगने वाले आरक्षक सोलोमन राजू को डीआईजी व दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने सस्पेंड कर दिया गया है। निलंबित आरक्षक कुम्हारी थाने में पदस्थ था। अब उसे सस्पेंड कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
एसएसपी विजय अग्रवाल की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि बेमेतरा जिले के देवकर निवासी विमलेश कुमार द्विवेदी ने शिकायत की थी कि उनके खिलाफ दर्ज सड़क हादसे के मामले का चालान कोर्ट में पेश करने के लिए आरक्षक सोलोमन राजू ने 20 हजार रुपए की मांग की और पैसे भी ले लिए। शुरुआती जांच में आरक्षक का आचरण संदेह के दायरे में पाया गया। इसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया।

शिकायतकर्ता विमलेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि पूरा मामला 27 दिसंबर 2025 को हुए सड़क हादसे से जुड़ा है। उनके अनुसार कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे सामने से आ रही टीवीएस सुपर एक्सल उनकी कार से टकरा गई थी। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने पहले इलाज कराने की बात कही। उन्होंने घायल को रायपुर के महोबा बाजार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया और इलाज का पूरा खर्च भी उठाया।
विमलेश का कहना है कि उस समय दूसरी तरफ के लोगों ने कहा था कि वे कोई रिपोर्ट नहीं कराना चाहते, लेकिन करीब एक सप्ताह बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई। इसके बाद पुलिस लगातार फोन कर थाने बुलाती रही। कभी रात में तो कभी सुबह आने के लिए कहा जाता था। उन्होंने कई बार नोटिस भेजने की बात कही, लेकिन थाने पहुंचने पर हर बार नए-नए दस्तावेज मांगकर वापस भेज दिया जाता था।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस दौरान खर्चा-पानी के नाम पर कई बार पैसे मांगे गए और उन्होंने कई बार रकम भी दी। उनकी नई किया सोनेट कार पुलिस ने जब्त कर ली थी। 7 जुलाई 2025 को कोर्ट से गाड़ी छुड़ाने की प्रक्रिया चल रही थी। उनका आरोप है कि पहले 1500 रुपए लिए गए, फिर फोटोकॉपी के नाम पर पैसे मांगे गए और बाद में 20 हजार रुपए की मांग की गई। शिकायतकर्ता विमलेश ने यह भी आरोप लगाया कि, जमानत प्रक्रिया में भी देरी की गई।
भिलाई सहित तीन निगमों व नपा जामुल में चुनाव की प्रक्रिया शुरू
भिलाईनगर। भिलाई, भिलाई तीन चरोदा, रिसाली नगर निगम में इसी वर्ष के अंत तक चुनाव कराने के लिए शासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने आदेश जारी कर कलेक्टरों को छ. ग. नगर पालिका (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के लिए वार्डों का आरक्षण) नियम, 1994 के तहत वार्डों का आरक्षण तय करने के निर्देश दिए हैं। जिले के कलेक्टर को वार्ड आरक्षण की कार्रवाई के लिए विहित प्राधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टरों को अपने जिले के नगर पालिक निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों में निर्धारित वार्ड संख्या के अनुसार आरक्षण की प्रक्रिया पूर्ण कर प्रस्ताव संचालनालय को भेजना होगा।
नंदिनी अस्पताल की बदहाली पर संयुक्त यूनियन का हल्लाबोल
नंदिनी अहिवारा। भिलाई इस्पात संयंत्र (बी.एस.पी.) की नंदिनी माइंस इकाई में कर्मचारियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को लेकर संयुक्त यूनियन ने मोर्चा खोल दिया है। अस्पताल की जर्जर व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए संयुक्त यूनियन के पदाधिकारियों ने मुख्य महाप्रबंधक सीजीएम श्रीकांत चिंताला के साथ एक बैठक की।
बैठक में यूनियन ने अस्पताल की 5 ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनके जल्द निराकरण की मांग की। यूनियन ने प्रबंधन को अवगत कराया कि नंदिनी अस्पताल में दवाइयों का भारी संकट खड़ा हो गया है। वर्तमान में केवल 15 दिनों की दवाइयां ही शेष हैं और कई महत्वपूर्ण दवाइयां पहले से ही अनुपलब्ध हैं। इसके अलावा, पिछले 5 वर्षों से अस्पताल में ड्रेसर की नियुक्ति नहीं हुई है। इसके कारण चोट लगने पर टांका लगाने और मरहम-पट्टी करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
होटल के कमरे में प्रेमिका के दुपट्टे में पंखे पर लटका मिला प्रेमी
भिलाईनगर। भिलाई में लव जेहाद का एक अलग तरह का मामला सामने आया है। सुपेला थाना के स्मृतिनगर चौकी अंतर्गत कोहका स्थित कुनाल होटल में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। शादाब नामक युवक होटल के कमरे में फांसी पर लटका मिला। उस समय उसकी प्रेमिका बगल में सो रही थी ।
सुबह जब उसकी आंख खुली तब उसने अपने प्रेमी को अपने ही दुपट्टे से पंखे पर लटका पाया। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। वहीं मृतक के परिजनों का आरोप है कि शादाब की हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
सुपेला पुलिस ने बताया कि शादाब (19 वर्ष) मिंगलवार शाम अपनी प्रेमिका के साथ सुपेला इलाके के कुनाल होटल में ठहरा था। इसके बाद रात 11 बजे होटल संचालक के मोबाइल पर फोन पर कुछ युवकों का फोन आया कि उनके होटल में ठहरे शादाब और उसकी प्रेमिका के बीच कुछ झगड़ा हो रहा है। इसके बाद शादाब के दोस्त वहां आए और उनके साथ जाकर उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई।
जब दरवाजे के नीचे से झांककर देखा तो वहां शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास नजर आए। इसके बाद नशे में होने की बात समझकर दोस्त लौट गए। लेकिन सुबह वे फिर वापस आए तो कमरे में शादाब पंखे पर लटका मिला। हिन्दू प्रेमिका ने बताया कि उसने फांसी लगा ली थी और उसने उसे पंखे से नीचे उतारा है। इसके बाद दोस्त शादाब को निजी अस्पताल लेकर गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया। वही पुलिस भी पहुंची और मृतका के प्रेमिका को हिरासत में ले लिया है। इधर परिजनों का आरोप है कि शादाब के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं।
परिवार का कहना है कि जिस हालत में उसका शव मिला, उसे देखकर आत्महत्या की बात पर यकीन करना मुश्किल है। उनका आरोप है कि शादाब की हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। वहीं दोनों ने वहां एक कमरा लिया था। कमरे में क्या हुआ, इसका पता लगाने के लिए पुलिस होटल के कर्मचारियों और युवती से पूछताछ कर रही है। साथ ही होटल के सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सबूतों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इग्नू के जुलाई 2026 सत्र के लिए प्रवेश प्रारंभ, अंतिम तिथि 15 जुलाई
दुर्ग। इंदिरा गांधी नेशनल ओपन युनिवर्सिटी (इग्नू) नई दिल्ली के विभिन्न पाठ्यक्रमों में जुलाई 2026 सत्र में ऑनलाईन रूप से प्रवेश आरंभ हो गया है। वर्तमान में इसकी अंतिम तिथि 15 जुलाई है। इस प्रवेश तिथि की 30 जुलाई तक आगे बढ़ने की संभावना है।
यह जानकारी देते हुए इग्नू अध्ययन केन्द्र के मुख्य समन्वयक डॉ. अभिनेष सुराना ने बताया कि इग्नू के जुलाई सत्र में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थी इग्नू की वेबसाइट में जाकर ऑनलाईन रूप से प्रवेश एवं निर्धारित शुल्क अदा कर सकते हैं। डॉ. सुराना ने बताया कि पिछले जनवरी सत्र में छत्तीसगढ़ प्रदेश में इग्नू में सर्वाधिक प्रवेश साइंस कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केन्द्र में हुए है। इन प्रवेशित विद्यार्थियों में सर्वाधिक संख्या ग्रामीण विकास में स्नातकोत्तर उपाधि (एमआर.डी.) तथा पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा, एमबीए. आदि पाठ्यक्रम के विद्यार्थी शामिल है।
इग्नू अध्ययन केन्द्र के सहायक समन्वयक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव एवं डॉ. जीएस ठाकुर ने बताया कि इग्नू की टर्म एण्ड परीक्षा 1 जून से आरंभ होकर 21 जुलाई तक संचालित होगीं। इग्नू अध्ययन केन्द्र में बीए, बीकॉम, बीएससी, एमए, एमकॉम, एमएसडब्ल्यू, बीसीए, एमसीए, एमए भगवत गीता, एमए ज्योतिष तथा विभिन्न पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा, सटिर्फिकेट तथा डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश शामिल है।
एमए अर्थशास्त्र, हिन्दी, अंग्रेजी, इतिहास, संस्कृत, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र,, एमएससी जियो इन्फॉरमेटिक्स, पीजीसीजीआई तथा पीजीडीजीआई में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध है। जून 2026 में परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं साइंस कॉलेज में जुलाई एवं अगस्त माह में आयोजित होंगी।
कृषि मंडी में बनी 30 दुकान में लोकार्पण के पहले ही दरार
राजनांदगांव। बसंतपुर क्षेत्र स्थित मंडी में शेष व्यापारियों के व्यवस्थापन के लिए मांग के बाद मंडी प्रबंधन द्वारा लाखों रुपए के लागत से दुकानों का निर्माण तो करा दिया गया है। लेकिन लोकार्पण के पहले ही दुकानों की दीवारों में लंबी-लंबी दरारें देखने को मिल रही है। दीवारों में लंबी-लंबी दरारें होने से व्यापारियों में काफी नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
कृषि उपज मंडी के बृहद क्षेत्रफल में फल, सब्जी और फूल व्यापारियों को व्यवस्थापन सुनिश्चित किया गया है। यहां पर पूर्व के दिनों में भी अधिक से अधिक दुकानों का निर्माण किया गया था। आज पर्यंत तक मेंटेनेंस का कार्य नहीं किया गया है। इससे भी व्यापारियों में काफी नाराजगी देखने को मिल रही है। एक मुस्त किराया देने के बाद भी व्यापारी काफी आक्रोशित नजर आ रहे हैं।
वर्तमान में व्यापारियों द्वारा मांग किए जाने के बाद मंडी प्रबंधन द्वारा एक निश्चित स्थान पर 30 दुकानों का अतिरिक्त निर्माण भी कर दिया गया है। लाखों रुपए की लागत से कराई गई इन दुकानों का अभी तक लोकार्पण भी नहीं हो पाया है। लोकार्पण के पहले ही दुकानों की दीवारों में लंबी-लंबी दरारें देखने को मिल रही हैं। यहां तक की आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त गंदगी भी फैली हुई है। निर्माणाधीन दुकानों की दीवारों में दरारें होने से व्यापारी भी काफी चिंतित नजर आ रहे हैं।
व्यापारियों का भी कहना है कि एजेंसी द्वारा निर्माण कार्य में जमकर मनमानी की गई हैं, जिसके कारण दीवारों में अभी से ही दरारें आ चुकी है। मंडी में लगभग 17 वर्षों से कार्य कर रहे मंडी व्यापारी अजय जायसवाल से लेकर संजय तेजवानी सहित अन्य व्यापारियों का कहना है कि यहां पर 17 वर्षों से सब्जी, फल और फूल का व्यवसाय व्यापारी कर रहे हैं। एक निश्चित समय पर राशि का भुगतान भी व्यापारियों द्वारा सुनिश्चित किया जा रहा है। उसके बाद भी मंडी प्रबंधन द्वारा दुकानों के मेंटेनेंस में कोई विशेष रुचि नहीं दिखाई जा रही है। दीवारों में दरारें आ चुकी है। अन्य सुविधाओं की भी यहां पर कमी बनी हुई है।
नगर पंचायत को मिला 20 लाख पालिका बनते ही हाथ से गया
डोंगरगांव। नगर पंचायत डोंगरगांव को अब नगर पालिका का तमगा तो लग गया है किन्तु यहाँ पदस्थ कर्मचारियों में काम करने की ललक दिखाई नहीं देती। बारिश के मौसम में नगर के विभिन्न वार्डों में लाईट लगाया जाना था किन्तु वार्ड क्रमांक 1 से 15 में लगे खंभों के लिए स्ट्रीट लाईटों की खरीदी के लिए मार्च महीने में नगर पालिका में आयी राशि 20 लाख रुपए को शासन ने वापस ले लिया है, और तीन माह तक कार्य को में कोई प्रगति नहीं होने के चलते इस राशि लालबहादुर नगर पंचायत को देने के लिए उपसंचालक जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग राजनांदगांव व्दारा संशोधित पत्र जारी कर दिया गया है।
बता दें कि विधानसभा क्षेत्र डोंगरगांव के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव व्दारा वर्ष 2025-26 में अनुशंसा पर 20 मार्च को नगर पंचायत डोंगरगांव के लिए स्ट्रीट लाईट कार्य वार्ड क्र। 1 से 15 तक के लिए 30, 45, 60, 90 और 100 वॉट के लाईट खरीदी के लिए 20 लाख रूपये की मंजूरी दी गई थी लेकिन नगरीय प्रशासन डोंगरगांव के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते आखिर ऐसा क्या हुआ कि महज दिनों में ही इस राशि को दूसरे नगर कुछ पंचायत में देने के लिए पत्र जारी कर दिया गया है।
वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र व्यास का निधन
राजनांदगांव। प्रेस क्लब राजनांदगांव के संरक्षक, एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र व्यास का बुधवार 8 जुलाई को निधन हो गया है। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार स्थानीय लखोली मुक्तिधाम में किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा गुरुवार दोपहर 3 बजे उनके निज निवास हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी लालबाग से निकली जाएगी।
राजेन्द्र व्यास प्रतिष्ठित गायत्री स्कूल ( सीबीएसई) के प्राचार्य अंकित व्यास के पिता थे। वे अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं। व्यास मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व। मोतीलाल वोरा एवं स्व गोविंद लाल वोरा के भांजे थे। उनके निधन से पत्रकार जगत में भी शोक की लहर है।
दिग्विजय कॉलेज में प्रवेश के लिए जारी हुई दूसरी सूची
राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले के महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को दाखिला देने के लिए ऑनलाइन आवेदन लेने के बाद दाखिला देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। सभी महाविद्यालयों में प्रवेश के दौरान मारामारी की स्थिति देखने को मिल रही है। कट ऑफ से भी विद्यार्थियों की परेशानियां बढ़ रही है।
राजनांदगांव जिला मुख्यालय स्थित स्वशासी दिग्विजय महाविद्यालय को छोड़ दिया जाए तो ग्रामीण क्षेत्र के महाविद्यालयों में सीट कम है। यहां पर भी बीएससी, बीकाम और बीए की संकायों में भी विद्यार्थी दाखिला ले रहे हैं। विज्ञान और वाणिज्य संकाय में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों में काफी उत्साह नजर आ रहा है। दिग्विजय महाविद्यालय में भारी भीड़ नजर आ रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

