भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने विभिन्न महाविद्यालयों में फैकल्टी नियुक्ति को अनुमति प्रदान की है. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी नियुक्तियां संबंधित महाविद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी मानी जाएगी.

यह भी पढ़ें : CG Morning News: CM साय इन कार्यक्रमों में होंगे शामिल, विधानसभा बजट सत्र का पांचवां दिन, सैकड़ों आत्मसमर्पित नक्सली करेंगे विधानसभा भ्रमण, मूकबधिर दिव्यांगजनों के लिए लगेगा प्लेसमेंट कैंप

प्रत्येक संस्था को निर्देशित किया गया है कि नियुक्त प्राध्यापकों की ज्वाइनिंग तिथि की सूचना ज्वाइनिंग लेटर की प्रति सहित विश्वविद्यालय को अनिवार्य रूप से प्रेषित करें. इसके उपरांत ही संबंधित शिक्षकों के नाम विश्वविद्यालय की वरिष्ठता सूची में शामिल किए जाएंगे. यदि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति पाई जाती है अथवा अभ्यर्थी द्वारा गलत जानकारी प्रस्तुत की जाती है, तो विश्वविद्यालय को स्वीकृति निरस्त करने का अधिकार होगा.

होली मिलन और सरस काव्य गोष्ठी 28 को

भिलाईनगर। साहित्य सृजन परिषद भिलाई की ओर से होली मिलन समारोह एवं सरस काव्य गोष्ठी का आयोजन 28 फरवरी को किया गया है. दोपहर 2.30 बजे से राजराजेश्वरी मंदिर परिसर पावर हाउस भिलाई में यह आयोजन होगा. जिसमें मुख्य अतिथि आचार्य डॉ महेश चंद्र शर्मा होंगे. अध्यक्षता पंडित प्रभुनाथ मिश्र (श्रमिक नेता) करेंगे. विशिष्ट अतिथि सुशील यादव (वरिष्ठ साहित्यकार) होंगे.

बजट पर टिप्पणी करने वाले राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम निलंबित

भिलाईनगर। भिलाई नगर निगम के जोन 5 सेक्टर 6 के राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम ने हाल ही में बजट पर अपनी प्रतिक्रिया समाचार पत्र में दिए जाने की शिकायत पर भिलाई निगम के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने उन्हें निलंबित कर दिया है.

इस मामले में भिलाई नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने भिलाई निगम के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय से शिकायत करते हुए कहा था कि राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम द्वारा राज्य के बजट जैसे संवेदनशील विषय पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया देना सेवा नियमों एवं सिविल सेवा आचरण का उल्लंघन है. इस प्रकार के कृत्य पद की गरिमा के विपरीत है एवं अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है.

उन्होंने कहा कि मामले की तत्काल जांच कर संबंधित अधिकारी को निलंबित करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें. छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 03 एवं 10 में विधिक प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए अनिल कुमार मेश्राम, सहायक राजस्व अधिकारी, जोन 5 नगर निगम भिलाई द्वारा अशोभनीय एवं आचरण नियमों के प्रतिकूल वक्तव्य पर निलंबित कर दिया गया. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जोन 4 होगा.

ठेका श्रमिकों की संख्या में कटौती के आदेश के विरोध में एसआरयू में उग्र प्रदर्शन

भिलाईनगर। सेल रिफ्रेक्टरी यूनिट भिलाई के मुख्य गेट के सामने सेल रिफ्रैक्ट्री वर्कर्स यूनियन के नेतृत्व में श्रमिकों ने 25 फरवरी को उग्र प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन प्रबंधन द्वारा जारी उस आदेश के विरोध में किया गया, जिसमें लगभग 20 प्रतिशत ठेका श्रमिकों की संख्या कम करने तथा नए गेट पास जारी करने पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है.

अचानक जारी किए गए इस आदेश से श्रमिकों में तीव्र आक्रोश व्याप्त हो गया. बड़ी संख्या में श्रमिक यूनिट के मुख्य गेट पर एकत्र हुए और प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की. श्रमिकों का कहना है कि यह निर्णय सीधे तौर पर उनके रोजगार और परिवारों की आजीविका पर प्रहार है. यूनियन अध्यक्ष उज्ज्वल दत्ता ने मौके पर कहा कि बिना किसी

पूर्व सूचना और चर्चा के लिया गया यह निर्णय पूरी तरह अन्यायपूर्ण है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रमिकों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.

शिवनाथ नदी मुक्तिधाम आधुनिक स्वरूप में होगा विकसित

दुर्ग। शहर के सबसे महत्वपूर्ण अंतिम संस्कार स्थलों में से एक शिवनाथ नदी मुक्तिधाम को अब पूरी तरह नए, स्वच्छ, आधुनिक और आध्यात्मिक स्वरूप में विकसित करने की दिशा में कदम तेज हो गए हैं. नगर निगम की महापौर अलका बाघमार की पहल पर यह महत्त्वाकांक्षी परियोजना आकार ले रही है, जिसका उद्देश्य मुक्तिधाम को गरिमामय, शांत और सुविधाजनक स्थल के रूप में विकसित करना है.

गुरुवार की सुबह महापौर के नेतृत्व में मुक्तिधाम का विस्तृत निरीक्षण किया गया. परियोजना का लक्ष्य मुक्तिधाम को केवल सौंदर्यपूर्ण बनाना ही नहीं, बल्कि उसे विशेष आध्यात्मिक माहौल से युक्त करना है, ताकि अंतिम विदाई की प्रक्रिया श्रद्धा और गरिमा के साथ सम्पन्न हो सके. दोनों ओर से प्रवेश योग्य मुक्तिधाम को सुसज्जित और आकर्षक द्वारों से जोड़ा जाएगा. टाइल्स युक्त श्रद्धांजलि सभा कक्ष श्रद्धांजलि सभाओं के लिए आधुनिक, साफ-सुथरा और सम्मानजनक कक्ष विकसित किया जाएगा, जो टाइल्स और विशेष सज्जा से युक्त होगा. मुक्तिधाम परिसर में लाइटिंग की प्राप्त व्यवस्था की जाएगी और लकड़ी जो परिसर में फैली हुई थी उसे व्यवस्थित ढंग से एक तरफ उसका सेड निर्माण कराया जाएगा.

मार्ग व परिसर का भव्य सौंदर्यीकरण, पुष्प वाटिका से मुक्तिधाम तक जाने वाले मार्ग को विशेष सौंदर्यीकरण के साथ विकसित किया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर वातावरण मिल सके. हरियाली एवं स्वच्छता पर विशेष जोर मुक्तिधाम के चारों ओर व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा. संपूर्ण परिसर को अत्यधिक स्वच्छ, व्यवस्थित और शांत वातावरण देने पर कार्य होगा . गार्डन एरिया को आकर्षक बनाते हुए प्राकृतिक माहौल तैयार किया जाएगा.

सार्वजनिक सुविधाएँ होंगी अपग्रेड मुक्तिधाम के बाहर सुलभ शौचालय का निर्माण किया जाएगा. परिसर में पूर्व स्थापित बोरवेल की मरम्मत की प्रक्रिया शुरू की जाएगी बैठने की पर्याप्त और सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी साफ-सफाई के लिए नियमित टीम और संसाधन बढ़ाए जाएंगे. नई पहचान की ओर बढ़ता मुक्तिधाम . महापौर बाघमार का कहना है कि शिवनाथ नदी के तट पर स्थित यह मुक्तिधाम आने वाले समय में न केवल सौंदर्य का प्रतीक बनेगा, बल्कि अपनी आध्यात्मिक शांति, स्वच्छता और सुविधा संपन्न व्यवस्था के लिए एक आदर्श स्थल के रूप में पहचाना जाएगा.

पंजाब से हेरोइन लाकर सप्लाई करने वाले आरोपियों को पुलिस ने दबोचा

भिलाईनगर। जवाहर नगर शादी भवन के समीप हेरोइन की सप्लाई करने वाले चार आरोपियों को वैशालीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी पंजाब से भिलाई लाकर सप्लाई करते थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 1 लाख 72 हजार 800 रुपए की हेरोइन, 4 नग मोबाइल एवं एक पल्सर जब्त की है.

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 25 फरवरी को मुखबीर से सूचना मिलने पर थाना वैशाली नगर एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने शिव मंदिर के पास, जवाहर नगर शादी भवन के समीप घेराबंदी कर कार्रवाई की. तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 8.640 ग्राम हेरोइन (चिट्टा ), नगद राशि, 4 नग मोबाइल एवं एक पल्सर मोटर साइकिल बरामद किया है.

पूछताछ में मादक पदार्थ की आपूर्ति श्रृंखला का खुलासा होने पर एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया. आरोपी शेखर राव (18 वर्ष) निवासी सुभाष चौक कैंप- 1, कुंदन उर्फ कुम्बज वर्मा (27 वर्ष) निवासी सुभाष चौक, मोहम्मद सोहेल खान (28 वर्ष) निवासी संजय नगर थाना टिकरापारा रायपुर व हर्ष भट्टी निवासी शांति नगर को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर धारा 21 (बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है.

15 साल में 48 सरपंच डकार 15 गए डेढ़ करोड़ की राशि

राजनांदगांव। गांव में विकास के लिए भेजी गई राशि का सरपंच और पूर्व सरपंचों ने जमकर वारा-न्यारा किया है. जिले के 48 से अधिक ग्राम पंचायतों में वर्ष 2010 से अब तक डेढ़ करोड़ रूपए से भी अधिक की आर्थिक अनियमितता में फंसे है. इन्हें आरसीसी के तहत नोटिस जारी कर राशि जमा करने के निर्देश एसडीएम कोर्ट से दिए गए है. बहरहाल, प्रशासन द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद सरपंचों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हैं.

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2010 से अब तक विकास कार्य के लिए करोड़ों रूपए ग्राम पंचायतों में भेजे गए थे. इसमें वर्ष 2014 से 2025 और 2026 तक के 48 ग्राम पंचायतो में आर्थिक अनियमितता के मामले सामने आए है. ग्राम पंचायतों द्वारा निर्माण कार्य के आडिट करने के बाद आर्थिक अनियमितता के रिपोर्ट सामने आए है. इस रिपोर्ट की माने तो वर्ष 2026 में चालीस लाख रूपए से अधिक का घोटाला सामने आया है. इसमें वर्तमान सरपंच से लेकर तत्कालीन सरपंचों द्वारा पूरे खेल को अंजाम दिया गया है.

ग्राम पंचायत से ऑडिट किए जाने के बाद रिपोर्ट जनपद को भेजी गई है. जनपद से इसे सीधे एसडीएम कोर्ट भेजा गया है. कोर्ट में प्रकरण दर्ज होने के बाद एसडीएम द्वारा धारा आरआरसी के तहत वसूली के लिए नोटिस जारी किया गया है. करीब डेढ़ करोड़ रूपए के आर्थिक अनियमितता में वसूली नहीं होने पर अपराधिक प्रकरण के साथ ही संपत्ति कुर्क करने का प्रावधान हैं.

इन गांवों में गड़बड़ी: राजनांदगांव का मुड़पार, मगरलोटा, धर्मापुर, सिंहपुर, भंवरमरा, बासूला, सिंहपुर, देवादा, डोंगरगांव में हरदीटेका, आसरा, बुद्धबर्धा और छुरिया जनपद में बेलरागोंदी, बम्हनी, नदिया खुर्द, रानी तालाब, चांदो व डोंगरगढ़ के सलटिकरी, कोलिंद्रा, अंडी, कोलिहापुरी, झिंझारी, सलोनी और बछेराभांठा सहित 48 गांव शामिल है.

ग्रामीणों ने किया गैंदाटोला शराब दुकान व थाने का घेराव

छुरिया। गैंदाटोला शराब भट्ठी नहीं हटने के विरोध में अंचल के ग्रामीणों ने आज गैंदाटोला शराबभट्ठी तथा गैंदाटोला थाने का घेराव करते हुए जमकर प्रदर्शन किया. शराबभट्ठी हटाने की मांग को लेकर दिनभर नारेबाजी होती रही. अधिकारियों की समझाइश का भी ग्रामीणों पर कोई असर नहीं पड़ा. धरना प्रदर्शन रात तक जारी रहा.

ग्रामीणों ने बताया कि गैंदाटोला- नोहाटोला मार्ग पर संचालित शराबभट्ठी हटाने की मांग को लेकर उन्होंने लगभग पखवाड़ेभर पूर्व डोंगरगांव एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था, जिसमें शराबभट्ठी हटाने की मांग की गई थी. मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी. ग्रामीणों के अनुसार निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी शराब भट्टी हटाने को लेकर प्रशासन ने कोई पहल नहीं की. इसके चलते आज ग्राम गैंदाटोला-नून्हाटोला, खोभाटोला, जोशीलमती, फाफामार तथा मेटेपार के ग्रामीणों ने पूर्व विधायक छन्नी साहू के नेतृत्व में गैंदाटोला शराबभट्ठी का घेराव कर दिया.