दुर्ग। नगर निगम दुर्ग द्वारा शहरवासियों को किफायती दरों पर ताजी, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण फल-सब्जियां उपलब्ध कराने की दिशा में एक अभिनव पहल की गई है। सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर नाका स्थित वार्ड 21 के पंचरत्न गार्डन में ‘सब्जी की टोकरी’ केंद्र का शुभारंभ मेयर अलका बाघमार ने किया।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : PM मोदी रोजगार मेले में युवाओं से होंगे रूबरू… CM साय का अंबिकापुर दौरा आज… झीरम शहीदों के परिजन के साथ कांग्रेस करेगी बैठक… पढ़ें और भी खबरें

महापौर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निगम द्वारा जनहित में यह अभिनव पहल शुरू की गई है। सब्जी की टोकरी का उद्देश्य आमजन को उनके आसपास ही ताजी, स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती दरों पर फल-सब्जियां उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस पहल से शहरवासियों को बेहतर गुणवत्ता की ताजी सब्जियां एवं फल आसानी से उपलब्ध होंगे। निकट भविष्य में कीटनाशक एवं रसायन मुक्त फल- सब्जियां उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

निगम का उद्देश्य शहरवासियों को सुविधाजनक, स्वच्छ और व्यवस्थित बाजार की सुविधा उपलब्ध कराना है। पंचरत्न गार्डन, रायपुर नाका, वार्ड 21 में दोपहर 2 बजे से सुविधा उपलब्ध होगी। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य लीना दिनेश देवांगन, वार्ड पार्षद विद्यावती सिंह, अरुण सिंह, चंद्रिका चन्द्राकर, कुमुद बघेल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

मेयर ने कहा कि सब्जी की टोकरी केवल फल-सब्जी उपलब्ध कराने की पहल नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का माध्यम भी है। प्रत्येक केंद्र पर दो महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि दुर्ग नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्मार्ट बनाने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। सब्जी की टोकरी भी इसी दिशा में एक जनहितकारी पहल है, जिसका लाभ शहरवासियों को सीधे मिलेगा। इससे नागरिकों को उचित एवं किफायती दरों पर ताजी सब्जियां और फल उपलब्ध होने के साथ ही स्थानीय महिलाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।

नाना-नानी पार्क सहित 10 अन्य स्थान चिन्हित

मेयर ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के लगभग 10 विभिन्न स्थानों पर किफायती सब्जी एवं फल की दुकानें शुरू की जाएंगी। इसके लिए वार्ड 51 स्थित नाना-नानी पार्क सहित अन्य स्थानों को चिन्हित कर लिया गया है, जहां जल्द ही ऐसी दुकानें प्रारंभ की जाएंगी। निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि वे सस्ती, ताजी एवं गुणवत्तापूर्ण फल सब्जियां खरीदना चाहते हैं, तो सेवा संकल्प सब्जी टोकरी केंद्र का लाभ उठाएं।

स्क्रैप चोरी मामले में कंपनी के दो डायरेक्टर गिरफ्तार

दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र से स्क्रैप चोरी कर रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड रसमड़ा औद्योगिक संस्थान में खपाए जाने के संबंध में थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने दो डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। 26 मई को लोहा स्क्रैप अकलोरडीह खदान पर स्थित ए के ट्रेडर्स से भारी मात्रा में स्क्रैप बरामद हुआ था। इस मामले में विवेचना के दौरान पुलिस ने अब तक 19 आरोपियों की गिरफ्तारी की है और आगे विवेचना जारी है।

इस प्रकरण में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारी तथा तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से भिलाई इस्पात संयंत्र से चोरी किए गए स्क्रैप को रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड रसमड़ा स्थित औद्योगिक संस्थान में खपाए जाने की सूचना मिली थी।

इस पर पुलिस ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग निवासी भाठागांव रायपुर थाना पुरानी बस्ती एवं डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह निवासी जुनवानी रोड स्मृति नगर थाना सुपेला को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

छंटनी होने पर सेक्टर 09 हॉस्पिटल के अटेंडेंट आमरण अनशन पर बैठ गए

भिलाईनगर। बीएसपी के सेक्टर 09 हास्पिटल के अटेंडेंट के नए कांट्रेक्ट लेने वाले के बाद वर्षों से कार्यरत 16 अटेंडेंट की छंटनी कर दी गई। इस पर उन्होंने सेक्टर 09 तिराहा में आमरण अनशन शुरु कर दिया है। उनके समर्थन में 50 और अटेंडेंट उनके साथ बैठ गए हैं। इनका नेतृत्व हिन्दुस्तान इस्पात ठेका श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष शांतनु मरकाम कर रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर 09 हास्पिटल में अटेंडेंट का करीब 180 पोस्ट है। जब तीन वर्ष के लिए अटेंडेंट के नए कांट्रेक्ट का ठेका हुआ तो 16 अटेंडेंट को काम से निकाल दिया गया। अटेंडेंट ने बताया 24 अगस्त को एक नोटिस चस्पा किया गया। उसमें उनका नाम लिखा था और 25 अगस्त से काम से निकालने की सूचना दी गई थी। न तो उनसे बात की गई न उन्हें काम से निकालने का कोई कारण बताया गया।

उन्होंने हास्पिटल प्रशासन से बात कर काम पर रखने का अनुरोध किया लेकिन उनकी गुहार अनसुनी कर दी गई। आक्रोशित अटेंडेंट ने शुक्रवार से सेक्टर 9 हास्पिटल के तिराहे में एटीएम के सामने आमरण अनशन शुरु कर दिया। जब 16 अटेंडेंट को काम से निकालने की जानकारी हुई, तो उनका समर्थन करने के लिए करीब 50 अटेंडेंट भी अपना काम छोड़कर उन्हें समर्थन देने मंच पर आकर बैठ गए। बताया जा रहा है। कि अटेंडेंट का कांट्रेक्ट भिलाई प्रशिक्षु कल्याण समिति ने लिया है।

सूत्रों के मुताबिक, सेल के कार्पोरेट आफिस से ठेका में काम करने वाले श्रमिकों की संख्या में 20 फीसदी छंटनी करने के निर्देश के चलते 16 अटेंडेंट को काम से निकाला गया है। हास्पिटल प्रशासन के सूत्रों का कहना है कि अटेंडेंट के आमरण अनशन से हास्पिटल का कार्य अब तक प्रभावित नहीं हुआ है। जहां जितने अटेंडेंट की जरूरत है उसकी व्यवस्था कांट्रेक्ट एजेंसी ने कर ली है। हालांकि हास्पिटल प्रशासन ने आमरण अनशन करने की सूचना जिला प्रशासन के अधिकारियों को दे दी है।

जामुल नगर पालिका में वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूरी

भिलाईनगर। नगर पालिका परिषद जामुल में होने वाले आम चुनाव के लिए आज गुरुवार को दुर्ग कलेक्ट्रेट में वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। जामुल नगर पालिका में अध्यक्ष पद पहले ही महिला अनारक्षित (सामान्य) वर्ग के लिए आरक्षित हो चुका है, जिसका चुनाव जामुल पालिका क्षेत्र के आम मतदाताओं द्वारा प्रत्यक्ष किया जाएगा।

पार्षद पदों के लिए 20 वार्डों में आरक्षण किया गया है। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 7 वार्ड, अनुसूचित जाति (एससी) के लिए 2 वार्ड, अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए 1 वार्ड तथा शेष 10 वार्ड अनारक्षित रखे गए हैं। सभी वर्गों में नियमानुसार महिलाओं के लिए भी आरक्षण किया गया है।

वार्डवार आरक्षण की स्थिति – ओबीसी के लिए आरक्षित वार्ड-1 काली माता, वार्ड- 3 लक्ष्मी पारा, महिला, वार्ड 4 दुर्गा मंदिर, मुक्त, वार्ड-7 लीला चौक मुक्त, वार्ड 8 राममंदिर मुक्त, वार्ड 12 मुक्त, वार्ड 19 महामाया वार्ड -मुक्त है।

एसटी के लिए आरक्षित वार्ड-2 मठपारा शक्ति नगर – मुक्त, एससीके वार्ड- 6 संतोषी चौक – महिला, वार्ड 20 शहीद लिए आरक्षित, वीर नारायण सिंह वार्ड – मुक्त है। अनारक्षित वर्ग में वार्ड-5 गणेश नगर – महिला, वार्ड 9 महात्मा गांधी वार्ड मुक्त, वार्ड-10 सुभाष नगर महिला,वार्ड-11 एसीसी कॉलोनी मुक्त, वार्ड-13 = लवकुश नगर मुक्त, वार्ड 14 पं. दीनदयाल उपाध्याय वार्ड महिला, वार्ड 15 राजीव नगर – मुक्त, वार्ड 16 शिवपुरी महिला, वार्ड-17 देव नगर – वार्ड-18 महाराणा प्रताप नगर मुक्त है।

आरक्षण से प्रभावित हुए दिग्गज

आरक्षण के बाद कई वर्तमान पार्षदों की सीट मुक्त, प्रभावित हुई है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और वर्तमान वार्ड-3 के पार्षद रेखराम बंछोर का वार्ड ओबीसी महिला के लिए आरक्षित हो गया। इसी तरह भाजपा से तीन बार पार्षद रहे दीपक गुप्ता, वार्ड 16 के पार्षद चुम्मन वर्मा और वार्ड-14 के पार्षद रामदुलार का वार्ड भी महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने से उनकी मौजूदा सीट प्रभावित हुई है।

चंद्रा मौर्या चौक से जोन-3 कार्यालय तक बनेगी सर्विस लेन

भिलाईनगर। नेशनल हाईवे के समानांतर लगने वाले जाम और आवागमन की बाधा से लोगों को जल्द मुक्ति मिलने वाली है। चंद्रामौर्या चौक से जोन-3 मदर टेरेसा नगर कार्यालय होते हुए सर्विस लेन ( बाईपास सड़क) का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस सड़क और नाली से विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। बारिश के कारण काम में विराम लग गया था, लेकिन अब फिर से नाली निर्माण शुरू हो गया है। चंद्रामौर्या चौक के सामने बने व्यावसायिक परिसर के सामने से लगभग 500 मीटर से अधिक लंबी नाली का निर्माण किया जा रहा है।

यह नाली नगर निगम जोन कार्यालय होते हुए सर्विस रोड से जोड़ी जाएगी। नाली का काम पूरा होने के बाद सड़क निर्माण शुरू किया जाएगा। सड़क एवं नाली निर्माण के दौरान कई अवैध अतिक्रमण सामने आए, जिसके कारण कार्य में विलंब हुआ। निगम ने नपाई कर अतिक्रमण मुक्त कराया है। स्थल उबड़-खाबड़ होने के कारण पहले नाली निर्माण का कार्य एजेंसी द्वारा शुरू किया गया है।

शुरुआत में कुछ व्यापारियों द्वारा नाली के लिए जगह नहीं देने से दिक्कत आ रही थी । निगम अधिकारियों द्वारा समझाइश देने के बाद व्यापारियों ने सहमति दे दी है। अब नाली का निर्माण सीधे तौर पर किया जा रहा है।

सुबह 8 से रात 8 बजे तक खुला रहेगा प्रधान डाकघर का आधार केंद्र

भिलाईनगर। दुर्ग डाक संभाग ने आम नागरिकों आम नागरिकों की सुविधा के लिए दुर्ग प्रधान डाकघर आधार केन्द्र को अब कार्य दिवसों में प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक संचालित करने का निर्णय लिया है। आधार केन्द्र में नया आधार नामांकन, जनसांख्यिकीय विवरण में सुधार / अद्यतन ( नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर आदि), बायोमेट्रिक अद्यतन (बच्चों एवं वयस्कों के लिए) कराया जा सकता है।

तबेला में तब्दील हो चुके हाईटेक बस स्टैंड की दुकानें होंगी नीलाम

राजनांदगांव। पांच करोड़ रुपए खर्च कर बनाए गए शहर के नया हाईटेक बस स्टैंड की दुकानों की नीलामी करने के साथ स्टैड की समस्याओं को ठीक किया जाएगा। दुकान खुलने के बाद चहल-पहल बढ़ने से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा खत्म होगा, जिससे आम लोगों को राहत मिलेगी।

वर्तमान में हाईटेक बस स्टैंड की सुध नही लेने की वजह से यहां चारों ओर गंदगी का आलम है, वहीं नालियों में कचरा जाम होने के कारण बदबू भी उठ रही है। नया बस स्टैंड को संवारने में करोड़ों रूपए खर्च कर दिए गए। लेकिन इसके रखरखाव को लेकर ध्यान नही दिए जाने के चलते यहां गौठान बन गया है।

बस स्टैंड में दिनभर भैंसे बैठी हुई मिल जाएगी। ये बस स्टैंड कम और तबेला ज्यादा दिखने लगा है। स्टैंड परिसर जहां यात्री के रूकने के लिए बिलिडंग बनाया गया वहां चारों ओर गोबर दिख रहा हैं। यहां की कुर्सी टूटी हुई है। वहीं कंट्रोल रूम में ताला लगा हुआ है। चारो और धूल से नया बस स्टैंड पटा हुआ है।

जायजा लेने पर पाया गया कि यहां कई महिनो से सफाई तक नही की गई है। जिसके चलते यहां यात्री भी रूकना पसंद नहीं कर रहे है। परिसर के अंदर ही शौचालय का उपयोग हो रहा है। पंखे बंद, बिजली गायब, प्लास्टर उखड़ रही नया बस स्टैंड के भवन की उतरी छत पीयूपी पूरी तरह से उखड़ने लगी है। खिड़की की कांच टूटी हुई है। कई जरूरी रूम भी बनाए गए है, जिसमें ताला जड़ दिया गया है।

यात्री की सुविधा के लिए बनाए गए कमरों का उपयोग ही नही किया जा रहा है। नालियां में गंदगी पटी हुई हैं। देखा गया कि बसों के आने और जाने के लिए डिजीटल बोर्ड लगाया गया था, जिसकी टाइमिंग यात्री जान सके। वह भी कई सालों से बंद हो चुका है।

संस्कारधानी में निकलेगी 30 से अधिक विसर्जन झांकियां

राजनांदगांव। इन दिनों गणेश पर्व के दौरान शहर में सजाई गई आकर्षक स्थल झांकियां श्रद्धालुओं का मन मोह रही हैं। शाम होते ही झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं। गणेश उत्सव के अंतिम दिन निकलने वाली विसर्जन झांकियों को लेकर अब तैयारियां भी तेज हो गई हैं। समिति के पदाधिकारी के मार्गदर्शन में विसर्जन क्यों अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस वर्ष भी 30 से अधिक विसर्जन झांकियां निकली जाएंगी। प्रशासन भी विसर्जन झांकियों को लेकर तैयारी में पूरी तरह से जुड़ गया है।

ज्ञात हो कि राजनांदगांव जिला मुख्यालय मैं विगत कई वर्षों से गणेश पर्व के अवसर पर विसर्जन झांकियां निकाली जा रही है। नैनाभिराम विसर्जन झांकियों को देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं। शहर में इस वर्ष 30 से अधिक विसर्जन झांकियां निकाले जाने की तैयारी चल रही है।

शहर की जानी-मानी गणेशोत्सव समितियां झांकियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं। आकर्षक सजावट, धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों पर आधारित झांकियों के साथ गणेश प्रतिमाओं को विसर्जन स्थल तक ले जाने की तैयारियां की जा रही हैं। इस बार की विसर्जन झांकियां में भगवान श्री कृष्ण की विभिन्न लीलाएं से लेकर भगवान शिव की अदभुत और विशाल का झांकी देखने को मिलेगी। भगवान श्री राम की कथा से संबंधित विसर्जन झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

मानव मंदिर से होकर गुजरेगी शहर सभी झांकियां

25 सिंतबर की रात को गणेश विसर्जन झांकी के लिए पुलिस प्रशासन ने आखिर रूट तय कर दिया है। जिसके अनुसार पुरानी रूट से ही झांकियां निकाली जाएगी। शहर के मानव मंदिर चौक में दुर्गा चौक, महावीर चौक और गुरूद्वारा से होकर मिलेगी। मानव मंदिर चौक से ही सभी विसर्जन झांकियों को एंट्री दी जाएगी।

इस दौरान शहर के अलग अलग जगह में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जिसमें स्टेट स्कूल मैदान, दिग्विजय क्लब, पुराना रेस्ट हाउस, टांकाघर, रेल्वे स्टेशन, फ्लाई ओव्हर, बूढ़ा सागर, म्यूनिसिपल ग्राउंड, साइंस कालेज, गुजराती स्कूल, बख्शी स्कूल सहित अलग अलग जगह पार्किंग बनाया गया हैं।

खाली रह गई कॉलेज की सीटें, इस सत्र में नहीं हो पाएगा प्रवेश

राजनांदगांव। नए शिक्षा सत्र में कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया लगभग अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही बड़ी संख्या में सीटें खाली रह गई हैं। प्रवेश के लिए निर्धारित समय और काउंसलिंग के दौर के बाद भी जिन सीटों पर विद्यार्थियों ने रुचि नहीं दिखाई, उनके इस सत्र में खाली रहने की स्थिति बन गई है। निजी महाविद्यालयों में भी सीटें नहीं भर पाई है।

ज्ञात हो कि राजनांदगांव जिले में 25 से अधिक महाविद्यालय संचालित हो रहे हैं। राजनांदगांव जिला मुख्यालय में शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय से लेकर शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय कमला देवी महिला महाविद्यालय के साथ-साथ 6 से अधिक निजी महाविद्यालयों का भी संचालन किया जा रहा है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़े केंद्रों में महाविद्यालय संचालित हो रहे हैं। उसके बाद भी प्रवेश के समय सेट फूल नहीं हो पाई।

निजी महाविद्यालयों में भी कई पाठ्यक्रमों की सीटें विद्यार्थियों का इंतजार करती रह गईं। कॉलेज प्रबंधन द्वारा प्रवेश के लिए प्रचार-प्रसार और विद्यार्थियों से संपर्क के प्रयास किए गए, लेकिन अपेक्षित संख्या में प्रवेश नहीं हो पाया। ऐसे में अब शेष विद्यार्थी प्राइवेट परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट कॉलेजों में निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब रिक्त सीटों की स्थिति स्पष्ट हो गई है।

विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर देने के लिए अलग-अलग चरणों में प्रक्रिया चलाए जाने के बावजूद जो सीटें नहीं भर सकीं, उनके इस शैक्षणिक सत्र में रिक्त रहने की संभावना है। इससे कॉलेज प्रबंधन के सामने भी अगले सत्र में विद्यार्थियों को आकर्षित करने और पाठ्यक्रमों के प्रति रुचि बढ़ाने की चुनौती रहेगी।

शासकीय कॉलेजों में भी सीटें रिक्त शासकीय महाविद्यालय भी खाली सीटों की समस्या से अछूते नहीं हैं। विशेष रूप से बीकॉम तथा बीएससी गणित और बायो जैसे पाठ्यक्रमों में कुछ सीटें रिक्त रह गई हैं। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी पसंद के विषय और पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता दी, जिसके कारण कुछ पाठ्यक्रमों में सीटें भर गईं तो कुछ में सीटें खाली रह गईं। यही स्थिति निजी महाविद्यालय में भी बनी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m