दुर्ग। नगर निगम दुर्ग की बजट सभा बेहद ही हंगामेदार रही. इस बार विपक्ष की भूमिका में काग्रेस पार्षदों के बजाय भाजपा के पार्षद काफी मुखर रहे. भाजपा पार्षदों ने अपने ही शहरी सरकार को कई बार कटघरे में खड़ा किया. इनके तेवर इतने आक्रामक थे कि शहरी सरकार के मंत्रियों को जवाब देते नहीं बन रहा था.
निगम के मुख्य दफ्तर स्थित मोतीलाल वोरा सभागार में मंगलवार को सुबह 11 बजे बजट सभा शुरू हुई. सभापति श्याम शर्मा ने जैसे ही सभा प्रारंभ किए जाने की घोषणा की, वैसे ही पद्मनाभपुर पार्षद संजय अग्रवाल ने शौचालय निर्माण का मुद्दा उठाया जिससे माहौल गरमा गया. स्थिति को देखते हुए सभापति ने सदन को 1 घंटे के लिए स्थगित कर दिया.

सदन के शुरू होते ही यह मामला फिर उठा. इस बार कई भाजपा पार्षद, सभापति के सामने धरना पर बैठ गए, वे नारेबाजी करने लगे. इसके चलते फिर सभा को 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई. इसके बाद सभापति ने शौचालय जांच के लिए समिति गठन की व्यवस्था दी गई. इसमें एमआईसी सदस्य काशीराम कोसरे व निलेश अग्रवाल, पार्षद कुलेश्वर साहू व संजय अग्रवाल शामिल किए गए हैं. समिति को 15 दिन में जांच रिपोर्ट देने कहा गया.
वहीं नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, उपनेता विजयेंद्र पटेल, पार्षद आशीष चंद्राकर, जितेन्द्र ताम्रकार, अजीत वैद्य, प्रकाश गीते, सविता साहू, हिरौंदी चंदानिया, बाबू सेन, अश्विनी निषाद, भास्कर कुंडले, साजन जोसेफ सहित अन्य पार्षदों ने अपनी बात रखी. एमआईसी प्रभारी लीना देवांगन, देवनारायण चंद्राकर, नरेंद्र बंजारे, काशीराम कोसरे, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, निलेश अग्रवाल, लीलाधर पाल ने पार्षदों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के जवाब दिए .
इस बीच महापौर अलका बाघमार ने आगामी बजट वर्ष 2026-27 के लिए कुल 580.12 करोड़ का बजट सदन के पटल पर रखा . आय पक्ष में राजस्व आय 184.35 करोड़ एवं पूंजीगत आय 395.77 करोड़ तथा इसके विरूद्ध राजस्व व्यय 184.33 करोड़ व पूंजीगत व्यय 395.75 करोड़ रखा गया है. इस तरह महापौर ने 5.20 लाख लाभ का बजट पेश किया. चर्चा पूरी होने के बाद बहुमत के आधार पर बजट पारित किया गया.
पुलिस न दिखे तो भी सिग्नल न तोड़ें, कैमरे से कट रहा ई-चालान
भिलाईनगर। शहर में चौक-चौराहों पर अगर कोई सिपाही नजर नहीं आए तो भी वाहन चालक सिग्नल बिलकुल न तोड़ें. ऐसा इसलिए कि अब हर समय सीसीटीवी कैमरे की नजर आप पर है. सिग्नल तोड़ते के बाद ऑनलाइन चालान काटकर आपके घर पहुंचा दिया जाएगा. पुलिस ने सिग्नल तोड़ने वाले ऐसे 8926 ई-चालान काटे हैं.
डीआईजी व दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि दुर्ग जिले में सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के अंतर्गत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील मार्गों पर अत्याधुनिक कैमरे स्थापित कर निगरानी की जा रही है.
इस प्रणाली के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर बिना मौके पर रोके ही ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है, जो सीधे वाहन मालिक के पते एवं मोबाइल पर प्रेषित किया जा रहा है. विशेष रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाना, तीन सवारी बैठाना, विपरीत दिशा में वाहन चलाना एवं चेकिंग के दौरान पुलिस से बचने हेतु वाहन मोड़कर भागने जैसे मामलों में भी कैमरों के माध्यम से सटीक पहचान कर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.
आईटीएमएस प्रणाली के अंतर्गत वर्ष 2026 में अब तक 8926 से अधिक ई-चालान जारी किए जा चुके हैं. यह कार्रवाई पूर्णतः पारदर्शी, प्रमाण आधारित एवं प्रभावी है, जिससे यातायात व्यवस्था को अधिक अनुशासित एवं सुरक्षित बनाया जा रहा है.
झारखंड के लोगों से खरीदकर कुम्हारी में अवैध अफीम की तस्करी का खुलासा
भिलाईनगर। जेवरा – सिरसा समोदा गांव में 8 करोड़ के अवैध अफीम पौधे के खुलासे के बाद अब कुम्हारी में भी अवैध अफीम का कुम्हारी पुलिस ने भंडाफोड़ कर 403 ग्राम अफीम और 14 लाख 46 हजार रुपए नगद जब्त किया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने झारखंड के लोगों से कुछ महीनों से खरीदकर भिलाई में तस्करी करना बताया. आने वाले दिनों में और भी बड़ा खुलासा होने की आशंका है.
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि मंगलवार को थाना कुम्हारी क्षेत्रांतर्गत मुखबीर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति खारून ग्रीन कॉलोनी गेट नंबर 02 के पास अफीम रखकर बिक्री कर रहा है. सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई एवं संदेही को पकड़ा गया. पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपी गुरमेल सिंह ( 70 वर्ष) निवासी खारुन ग्रीन कॉलोनी हाउस नंबर 50 कुम्हारी के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ अफीम तथा बिक्री की 14 लाख 46 हजार रुपए नगद बरामद की है.
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 18 ( ग ), 27 (क), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया है. अब झारखंड के लोगों पर पुलिस की दबिश : पुलिस के अनुसार आरोपी गुरमेल सिंह को गिरफ्तार कर पुलिस की पूछताछ में पुलिस के हाथ कई जानकारियां लगी है. आरोपी पिछले 6-7 माह से झारखंड के लोगों से अवैध अफीम को खरीदना बताया है. पुलिस पता लगा रही है कि आरोपी ने किन-किन लोगों से अफीम खरीदा है. अब उन लोगों पर पुलिस की नजर है. आने वाले दिनों में उन लोगों के पकड़े जाने के बाद और बड़ा खुलासा होने की आशंका है.
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में मतदान 4 को
दुर्ग। जिला अधिवक्ता संघ का द्विवार्षिक चुनाव सत्र 2026-28 के 10 पदाधिकारी एवं 7 कार्यकारिणी सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया पुन प्रारंभ हो गई है. 25 मार्च को प्रत्याशी गण द्वारा प्रस्तुत नामांकन प्रपत्रों की स्कूटनी होगी. 27 मार्च को शाम 4 बजे तक नामांकन वापस लेने का समय रहेगा. इसके बाद शेष विधि मान्य प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी.
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि मतदान 4 अप्रैल शनिवार को अधिवक्ता संघ के बार रूम नंबर 4 के पीछे सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा. परिणाम 5 नवंबर रविवार को सुबह 9 बजे से मतों की गणना कर पदाधिकारी प्रत्याशियों की घोषणा एवं प्रमाण पत्रों का वितरण किया जाएगा. 6 अप्रैल की सुबह 9 से कार्यकारिणी सदस्यों के मतों की गणना की जाएगी और घोषणा के बाद प्रमाण पत्र का वितरण किया जाएगा.
पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी को मिली उम्रकैद
दुर्ग। मामूली बात पर विवाद करने के बाद पत्नी का सिर दीवाल से पटक कर हत्या कर देने वाले आरोपी पति को कोर्ट ने सजा दी है. जिला एवं सत्र न्यायाधीश के विनोद कुजूर की कोर्ट ने आरोपी राजेश कुमार उर्फ राजू को धारा 302 के तहत आजीवन कारावास एवं 1000 रुपए अर्थ दंड की सजा सुनाई है. अभियोजन पक्ष की ओर से लोक अभियोजक एमके दिल्लीवार ने पैरवी की थी.
सुंदर नगर तालाब के पास कैंप एक भिलाई निवासी आरोपी राजेश कुमार उर्फ राजू का विवाह मंशा देवी के साथ वर्ष 2014 में हुआ था . का एक बेटा व एक बेटी थी. शादी के बाद दोनों से ही मंशा देवी अपने ससुराल सुंदर नगर में ही रहती थी .1 दिसंबर 2023 को आरोपी राजेश कुमार अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने गया हुआ था . उसे दिन वह काम पर न जाकर थोड़ी देर में वापस घर आया गया था . जब घर आया तो देखा घर में उसकी पत्नी मंशा देवी नहीं थी. इस पर उसने आसपास पत्नी की तलाश की.
आरोपी को उसकी पत्नी मंशा देवी की चप्पल पड़ोसी के पूनम के घर के सामने दिखाई दी. इस पर आरोपी ने आवाज देकर अपनी पत्नी को बुलाया और अपने घर लेकर गया. इसके बाद आरोपी अपनी पत्नी मंशा देवी के साथ विवाद करने लगा. विवाद बढ़ने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से गला पकड़कर मंशा देवी का सिर दीवाल से टकरा दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गई. इसके बाद आरोपी अपने घर से निकल कर बच्चों को लाने स्कूल चला गया. थोड़ी देर बाद ही मंशा देवी ने दम तोड़ दिया था.
भिलाई निगम एमआईसी ने दी बजट 2026-27 को मंजूरी
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई के मुख्य कार्यालय में आज महापौर परिषद की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक हुई. महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता एवं निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शहर के विकास का वित्तीय खाका तैयार किया गया.
बजट प्रस्तुतिकरण के दौरान आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने निगम द्वारा तैयार किया गया आगामी वित्तीय वर्ष का बजट महापौर के समक्ष प्रस्तुत किया. महापौर नीरज पाल ने बजट के प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा प्रारंभ की, जिसमें परिषद के सदस्यों ने बजट की बारीकी से समीक्षा की और शहर हित में अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए. गहन विचार-विमर्श के उपरांत, परिषद के सदस्यों ने जनहितैषी कार्यों और शहर की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए बजट में आवश्यक संशोधनों को शामिल किया. इसके पश्चात, वित्तीय वर्ष 2026-27 के इस बजट को अंतिम निर्णय हेतु सामान्य सभा में भेजने का सर्वसम्मति से फैसला लिया गया. बैठक में महापौर परिषद सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, संदीप निरंकारी, साकेत चंद्राकर, केशव चौबे, एकांश बंछोर, आदित्य सिंह, लालचंद वर्मा, मन्नान गफ्फार खान, चंद्रशेखर गंवई, रीता सिंह गेरा, नेहा साहू आदि उपस्थित थे.
दो समुदाय के बीच बवाल, बचाव में सीएसपी समेत 5 घायल
भिलाईनगर। छावनी थाना अंतर्गत कथित रुप से दो बच्चों के बीच विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि आधी रात को दो समुदाय के बीच झड़प हो गया. दोनों पक्षों के बीच लाठी और पत्थर चलने से बचाव में सीएसपी, टीआई और पुलिस के कई जवानों के घायल होने की खबर है. वहीं दोनों पक्ष के भी लोगों को भी चोंट लगी है. मंगलवार सुबह भी तनाव का माहौल देखने से पुलिस बल लगाकर इलाके में फ्लैग मार्च निकाला.
मिली जानकारी के अनुसार, कैम्प-2 क्षेत्र में सोनकर मोहल्ला व गफ्फार मोहल्ला का है. बताया जा रहा है कि यहां दो बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. बच्चों के विवाद में बड़े कूद गए. एक समुदाय के दूसरे समुदाय के लोगों के खिलाफ लोगों ने आरोप प्रत्यारोप लगाना शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद ऐसा बढ़ा कि पत्थर बाजी शुरू हो गई. कार के शीशे टूटे और कुछ बाइक को भी नुकसान पहुंचा. विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट और लाठी डंडे भी चलने लगे. सोनकर मोहल्ला व गफ्फार मोहल्ले दो समुदायों का विवाद की सूचना जैसे ही पुलिस को लगी तत्काल मौके पर फोर्स भेजा गया. थानों के बल के साथ ही रिजर्व बल को भी मौके पर भेजा गया.
विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस के साथ भी धक्का मुक्की हुई. विवाद को बढ़ता देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और समुदायों के लोगों को शांत कराया. दोनों देर रात शुरू हुआ विवाद आधी रात के बाद तक चलता रहा. पुलिस बल सारी रात मौके पर पहरा देता रहा. माहौल न बिगड़े इसके लिए पुलिस जवान मौके पर ही डटे रहे. घटनाक्रम में सीएसपी छावनी प्रशांत पैकरा और टीआई मनीष शर्मा सहित कुछ जवानों को चोटें आई है.
चूना पत्थर और रेत की अवैध तस्करी, आधा दर्जन गांवों में दबिश
राजनांदगांव। डोंगरगांव के दर्जनभर इलाके में अवैध रेत और ईंट सहित चूना पत्थर की अवैध तस्करी मामले में खनिज विभाग की टीम ने मंगलवार को कार्यवाही की है. इस दौरान दो वाहनों में रेत, ईंट और चूना पत्थर पकड़ाया. सभी वाहनो को थाने को सुपुर्द कर दिया गया हैं.
खनिज अमला द्वारा 17 मार्च 2026 को तहसील डोंगरगांव अंतर्गत ग्राम खुज्जी, मारगांव, गिरगांय, अर्जुनी, बीजाभाठा, मटिया, बगदई, बघमार, साल्हे, लक्ष्मणभरदा, गनेरी-मनेरी, नादिया, रायतापाली तथा राजनांदगांव तहसील अंतर्गत सुरगी क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया, उक्त क्षेत्रों से खनिज रेत, गिट्टी एवं ईंट के अवैध परिवहन की कार्यवाही की गई. इस दौरान माजदा- सीजी 08एल0767 चूनापत्थर (गिट्टी) वाहन चालक व मालिक जिसमें शंकर लाल कंवर, संतोष वैष्णव निवासी आतरगांव है.
वाहन को आरक्षी केन्द्र डोंगरगांव में खड़ा कराया गया. वहीं हाईवा सीजी 08 बीडी7487 तोरण विश्वकर्मा व वाहन मालिक अमित हरियानो निवासी बिलौदी रेत भरकर सुरगी में पकड़ाया. वहीं हाईवा सीजी08 एजी 5179 तागेश कुमार व गुलाब रेत साहू निवासी छीताकसा में रेत और माजदा- सीजी 08एआर4067 ललित कुमार व आरएन चक्रधारी निवासी आमगांव आरक्षी ईंट आरक्षी केन्द्र डोंगरगांव में वाहन खड़ा कर दिया गया.
नवरात्र पर डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन में 10 ट्रेनों का ठहराव
राजनांदगांव। नवरात्र पर्व में यात्रियों को राहत देने के लिए रेल्वे प्रशासन द्वारा दस स्पेशल ट्रेनों का ठहराव डोंगरगढ़ में दिया गया हैं. जिसमें 20843 बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस 23 व 24 मार्च, 20844 ‘भगत की कोठी-बिलासपुर एक्सप्रेस 26 मार्च, 20845 बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस 19 व 21 मार्च, 20846 बीकानेर- बिलासपुर एक्सप्रेस 22 व 24 मार्च, 12851 बिलासपुर – चेन्नई एक्सप्रेस 22 मार्च, 12852 चेन्नई – बिलासपुर एक्सप्रेस 23 मार्च, 12849 बिलासपुर-पुणे एक्सप्रेस 19 व 26 मार्च, 12850 पुणे- बिलासपुर एक्सप्रेस बीस मार्च, 12772 रायपुर- सिकंदराबाद एक्सप्रेस 21 व 24 मार्च, 12771 सिकंदराबाद-रायपुर एक्सप्रेस 20, १२१८ मार्च को रूकेगी.
गाय का घी, मसाला और सोयाबीन तेल मिले एक्सपायरी
राजनांदगांव। खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम की विपरित खाद्य सामान बेचने के मामले में औषधि प्रशासन विभाग के अफसरों ने कार्यवाही की है. जांच में पतंजलि गाय का घी, सोयाबीन तेल और अन्य सामान एक्सपायरी बेचते पाए गए हैं.
जानकारी अनुसार, मेसर्स नेहा ट्रेड लिंक गाँधी चौक गौशाला पारा राजनांदगांव से दर्जनभर उत्पादन की गुणवत्ता तिथि निकल गई थी. जिसे बेचते पाए जाने पर सामान जब्त किया गया. अफसरों ने बताया कि, अधिनियम की धारा 27 (3) (ए) के उपबंध का उल्लंघन करते पाया गया है.
खाद्य सुरक्षा अधिकारी तरूण बिरला ने बताया कि इस दौरान पतंजलि गाय का घी, पतंजलि सोयाबीन तेल, रेड लेबल चाय, अमृता सूजी रस्क, रसना मेंगो फ्लेवर कैंडी, केलोग्स चोकोस, केकओ सॉफ्ट, शांति मसाले हल्दी पाउडर पाया गया. जो निर्धारित तिथि से पुरानी हो चुकी थी. इन सभी एक्सपायरी सामानों को जब्त कर लिया गया हैं.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

