दुर्ग। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बिना रायल्टी पर्ची के पांच वाहनों में अवैध रूप से खनिज परिवहन किया जा रहा था । खनिज महकमा की टीम ने दबिश देकर वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग तीन लाख रुपए का जुर्माना किया है।

यह भी पढ़ें : बड़ी कार्रवाई: भगवान शिव पर अभद्र टिप्पणी करने वाले छग क्रिश्चयन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, अवैध खनिज परिवहन व उत्खनन तथा भंडारण की मिल रही शिकायतों पर कलेक्टर ने इस पर नियंत्रण के लिए मामले में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला खनिज अधिकारी दीपक मिश्रा के निर्देश पर सहायक खनिज अधिकारी दीपक तिवारी के नेतृत्व में जिले के अलग अलग क्षेत्रों में दबिश देकर खनिज परिवहन कर रहे वाहनों की जांच की गई।

जांच के दौरान उक्त वाहनों में बिना रायल्टी पर्ची के खनिज परिवहन करना पाया गया जिसे खनिज सहित जब्त कर पुलगांव, रानीतराई एवं जामगांव आर थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में दिए गए हैं। मामले में खनिज एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

इन वाहनों में किया जा रहा था अवैध खनिज परिवहन

जानकारी के अनुसार अवैध खनिज परिवहन करते पकड़े गए वाहनों में वाहन क्रमांक सीजी 07 सीएल 9511, सीजी 04 एमआर 9800, सीजी 07 सी वाई 9992, सीजी 07 बीएल 6107 एवं सीजी 04 एम जेड 9254 शामिल है। इनमें से तीन में चूना पत्थर एवं दो में ईंट का परिवहन किया जा रहा था।

आत्मानंद स्कूल की अव्यवस्थाओं पर फूटा छात्रों का गुस्सा

नंदिनी अहिवारा। शासन की महत्वाकांक्षी योजना के तहत संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, अहिवारा में भारी अव्यवस्थाओं को लेकर छात्र- छात्राओं का धैर्य जवाब दे गया। विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं के अभाव और प्रबंधन की तानाशाही से आक्रोशित विद्यार्थियों ने अचानक मोर्चा खोलते हुए जमकर हंगामा किया। छात्रों ने पेयजल, बिजली और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर कलेक्टर एवं शिक्षा विभाग से जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि विद्यालय का बोर ( जल स्रोत ) लंबे समय से खराब है। पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है। भीषण गर्मी में बच्चों को प्यास बुझाने के लिए स्कूल परिसर से बाहर जाना पड़ता है। विद्यालय के शौचालय जर्जर और गंदगी से भरे हुए हैं। कंप्यूटर लैब में रखे उपकरण शो-पीस बनकर रह गए हैं। कक्षाओं में बिजली के बोर्ड खुले रखे उपकरण शो-पीस बनकर रह गए हैं । कक्षाओं में बिजली के बोर्ड खुले होने से कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।

भिलाई नगर निगम के जर्जर बिल्डिंग से बड़े हादसे की आशंका

भिलाईनगर। भिलाई नगर निगम के पुराने कार्यालय भवन की छत और दीवार इतनी जर्जर हो चुकी है यह जानलेवा साबित हो सकती है।’ बारिश के चलते यह कभी भी गिरने की हालत में है। बावजूद इसी जर्जर भवन में निगम का पूरा कामकाज, स्थापना, पेंशन शाखा और वित्त विभाग संचालित हो रहा है।

इमारत की हालत देखकर दहल जाएंगे लेकिन यहां निगम कर्मचारी काम करने के लिए मजबूर हैं। जगह-जगह से प्लास्टर उखड़कर गिर रहा है। सीढ़ी और बीम की ढलाई टूटने से सरिया बाहर आ गई। है । लगातार बारिश से दीवारों में सीपेज और छत से पानी टपक रहा है। फाइलें गीली हो रही हैं, कंप्यूटर खराब हो रहे हैं।

नमी से शॉर्ट सर्किट का अंदेशा हमेशा बना रहता है। दीवार में लगा विद्युत बॉक्स जर्जर है। टूटे-फूटे केबल लटक रहे हैं। बाथरूम पूरी तरह कबाड़ हो चुके हैं, बदबू और गंदगी से बैठना मुश्किल । कर्मचारी कहते हैं, हमारी जान कभी भी हादसे में जा सकती है लेकिन नौकरी भी करना है तो कर रहे हैं।

20 करोड़ की घोषणा सिर्फ कागज पर- मुख्यमंत्री ने निगम का नया कार्यालय भवन बनाने के लिए 20 करोड़ रुपये घोषणा की थी। लेकिन विडम्बना यह है कि घोषणा के बाद 1 वर्ष बीत गए नये भवन बनाने की दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई है। नक्शा तो बना हुआ है लेकिन टेंडर अभी तक नहीं निकल पाया है। फाइलें आज भी नवा रायपुर के चक्कर काट रही हैं।

अश्लील वीडियो प्रसारित करने वाला आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

दुर्ग। सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो प्रसारित कर पीड़िता को प्रताड़ित करने वाले आरोपी को खुर्सीपार पुलिस ने गिरफ्तार की है। आरोपी उत्तर प्रदेश के देवरिया से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया ने 14 जुलाई को थाना खुर्सीपार में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी मनीष साहनी निवासी नया नगर देवरिया उत्तर प्रदेश द्वारा वीडियो कॉल के दौरान उसकी जानकारी एवं सहमति के बिना अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। इसके बाद आरोपी ने उक्त वीडियो को मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़िता के रिश्तेदारों के व्हाट्सएप पर भेज कर सोशल मीडिया में प्रचार प्रसार किया था। इससे पीड़िता की निजता एवं प्रतिष्ठा प्रभावित हुई थी। शिकायत के बाद पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर जांच में जुटी हुई थी।

खुर्सीपार थाना की एक विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए देवरिया उत्तर प्रदेश रवाना किया गया था। लगातार पतासाजी एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी मनीष साहनी को पकड़ कर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया था।

सर्व यादव समाज दुर्ग जिलाध्यक्ष का चुनाव आज

दुर्ग। सर्व यादव समाज जिला दुर्ग के जिलाध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया को लेकर चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। समाज द्वारा जारी पत्र के अनुसार जिलाध्यक्ष का निर्वाचन 8 अगस्त शनिवार को दोपहर 12 बजे, गोधन भवन दुर्ग में आयोजित किया जाएगा।

निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए हरीश यादव (प्रदेश उपाध्यक्ष, राजनांदगांव) को मुख्य चुनाव अधिकारी तथा अभिमन्यु यादव (महामंत्री, सर्वयादव समाज युवा प्रकोष्ठ, बालोद) को सह चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त आयोजन की व्यवस्थाओं एवं प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी श्वेतांत यादव (पप्पू) तथा नान्हक उर्फ मोनू यादव को सौंपी गई है। समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यादव ने सभी समाजजनों से समय पर उपस्थित होकर निर्वाचन प्रक्रिया को सफल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की है।

भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस 14 को

दुर्ग। 14 अगस्त को देशभर में भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभाजन की दुखद वास्तविकताओं से युवा पीढ़ी को अवगत कराने तथा विभाजन से प्रभावित लाखों लोगों के साहस, संघर्ष एवं बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से विभिन्न स्मृति एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट अतिथियों द्वारा विशेष रूप से तैयार प्रदर्शनी का अवलोकन किया जाएगा। विभाजन से प्रभावित दिवंगत जनों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा जाएगा।

पार्किंग व्यवस्था के अभाव में बाजार में हर समय लग रहा जाम

राजनांदगांव। क्षेत्र सावन का महीना शुरू हो जाने के बाद बाजार में चहल-पहल बढ़ी है। ऐसे में शहर में पार्किंग व्यवस्था की कमी के कारण यातायात समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। शिकायतों का आज पर्यंत तक समाधान नहीं हो पाया है। बाजार क्षेत्रों में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे वाहन चालकों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजनांदगांव जिला मुख्यालय के बाजार क्षेत्र में आए स्थिति देखने को मिलती है।

शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्र में विशेष रूप से जय स्तंभ चौक, मानव मंदिर चौक, सिनेमा लाइन, कामठी लाइन, रामाधीन मार्ग गुणाखु लाइन, भगत सिंह चौक, ओस्तवाल लाइन सहित बाजार के अन्य क्षेत्र में लोग अपनी दोपहिया गाड़ियां दुकानों के सामने ही खड़ी कर रहे हैं। इसके कारण सड़क किनारे की जगह घिर जाती है, और आवागमन प्रभावित होता है। इसके लिए बार-बार ध्यान भी दिलाया जा रहा है। फिर भी व्यवस्था नहीं सुधारी जा रही है।

अव्यवस्था के चलते कई बार पैदल चलने वालों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। सावन का महीना शुरू हो जाने के बाद से इस प्रकार की दिक्कत अब फिर से नजर आने लगी है। क्षेत्र में ही यातायात विभाग द्वारा स्टापर पर लगाए गए हैं। शहर में लंबे समय से पार्किंग की बनी हुई है समस्या शहर में लंबे समय से पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। प्रशासन और नगर निगम की ओर से समय-समय पर कार्रवाई तो की जाती है, लेकिन व्यवस्था में स्थायी सुधार नहीं दिख रहा है।

व्यापारियों और आम नागरिकों का कहना है कि शहर के बढ़ते विस्तार को देखते हुए व्यवस्थित पार्किंग स्थलों की जरूरत है। साथ ही बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित निगरानी और सख्ती जरूरी है, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।

राजगामी संपदा में 2011 से दुकानों का नही किया गया भौतिक सत्यापन

राजनांदगांव। राजगामी न्यास संपदा के दुकानों का पिछले 2011 से भौतिक सत्यापन नही किया गया है। ऐसे में अभी भी कई मृतकों के नाम से दुकाने संचालित हो रही है या कुछ कब्जाधारियों ने इसका फायदा उठाकर दुकानें पर कब्जा कर लिया है। इस मामले में राजगामी संपदा का मौन रहना भी सवाल खड़े कर रहा है। राजगामी संपदा का बड़ा हिस्सा शासन के खजाने में जाता है। लेकिन राजनांदगांव न्यास की मानिटरिंग ठंडी पड़ गई है।

नियम के अनुसार, कई साल पुराने दुकानों का जिसका लीज समाप्त हो गया हैं, उसे फिर से आबंटन किया जाना चाहिए। लेकिन ऐसा नही कर पुराना ढर्रे में दुकान चल रही है। शहर के ऐसे कई इलाको में राजगामी संपदा को विधिवत किराया भी नही मिलता हैं, जिसमें अधिकांश दुकानों में सालों से कब्जा है।

नोटिस के बाद पड़ जाता हैं मामला ठंडा

शहर की दुकानों में सालों से कब्जा जमाने के मामले को संपदा के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि ही स्वीकार रहे है। जिसके जवाब में नोटिस दिए जाने का हवाला दिया जाता है। लेकिन बाद में मामला ठंडा पड़ जाता है। रसूखदार हर माह सेंध लगाकर लाखों रूपए की कमाई कर रहे है। जबकि संपदा के खजाने में फूटी कौडी नही आने के चलते ही राजगामी संपदा के जिम्मेदार अफसर और जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल उठने लगे है।

राजगामी के दुकानों पर सालों से रसूखदारों द्वारा कब्जा किया गया है । गोलबाजार में ही दो दर्जन से अधिक दुकानों का अवैध तरीके से संचालन किया जा रहा है। शहर के गोलबाजार के आलावा, महावीर चौक के किनारे बने दुकान, चुड़ी मार्केट, मछली व पसरा बाजार, झाडू बाजार, गुड़ाखू लाइन जैसे दुकानों से किराया नही मिल रहा है। जिसमें ज्यादातर में कब्जे हो गए है।

निर्माण के छह माह में ही महतारी सदन में सीपेज

राजनांदगांव। मुख्यालय से लगे सुकुलदैहान गांव में राज्य शासन के आरईएस विभाग द्वारा करीब 25 लाख रूपए की लागत से महिला सदन का निर्माण किया गया है। इस भवन के निर्माण को मुश्किल से छह माह हुए है। यही नही इस भवन का एक बार भी उपयोग नही किया गया है। लेकिन पहली बारिश में ही घटिया निर्माण की पोल खुल गई है।

सुकुलदैहान सहित जिलेभर में शासन ने महिला सदन निर्माण की स्वीकृति दी गई है। सुकुलदैहान ग्राम पंचायत से लगकर करीब 25 लाख रूपए की लागत से निर्माण कार्य किया गया है। महतारी सदन निर्माण दस मई 2025 को शुरू की गई थी। जिसे ठेकेदार द्वारा पांच दिसंबर 2025 को पूरा कर लिया गया था। इस भवन का अब तक ताला नही खुला है। बाहर से देखने पर सीपेज की स्थिति स्पष्ट दिख रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि, भवन बनने के बाद इसका एक बार भी उपयोग नही किया गया है। इसके निर्माण को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण ठेकेदार के इस रवैय्ये को लेकर नाराज है। महतारी सदन का निर्माण ग्रामीण यांत्रिकी सेवा राजनांदगांव द्वारा किया गया हैं। ग्रामीणों की माने तो इस भवन के निर्माण के दौरान ठीक से तराई भी नही कराई गई है>

बकाया राशि जमा नहीं करने वाले मंडी के सब्जी व्यापारियों की दुकानें सील

राजनांदगांव। जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी में निर्धारित राशि जमा नहीं करने वाले व्यापारियों के खिलाफ मंडी प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए कुछ दुकानों को सील कर दिया है। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सब्जी व्यापारियों की तीन दुकानें सील की गई है जिन्होंने 17 महीने से राशि का भुगतान नहीं किया है। लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं करने पर यह कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।

ज्ञात हो कि राजनांदगांव जिला मुख्यालय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बसंतपुर के एक वृहद क्षेत्रफल में मंडी परिसर में सब्जी, फल और फूल व्यापारियों के लिए अलग से दुकानों की व्यवस्था की गई है। बड़े क्षेत्रफल में संचालित इस मंडी में प्रतिदिन लाखों रुपए का कारोबार होता है। यहां बड़ी संख्या में व्यापारी और किसान पहुंचते हैं। सुबह 4 से लेकर दोपहर 12 बजे तक यहां पर अच्छी भी देखने को मिलती है।

मंडी प्रबंधन के अनुसार प्रतिदिन करीब 150 टन से अधिक सब्जी और फल की आवक होती है। ऐसे में मंडी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापारियों से निर्धारित शुल्क और अन्य राशि समय पर जमा करने को कहा जाता है। प्रबंधन का कहना है कि नियमों का पालन नहीं करने वाले व्यापारियों पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं व्यापारियों से मंडी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है। आज की कार्रवाई से हड़कंप मचा है।

इन तीन दुकानों को किया गया है सील

कृषि उपज मंडी के सचिव पंचराम वर्मा ने बताया कि थोक फल सब्जी मंडी फुटकर दुकान क्रमांक 17 जुलाई 2023 से 3 वर्ष, फुटकर सब्जी दुकान क्रमांक 52 अमृत बाई सोनकर जून 2021 से 5 वर्ष एवं फुटकर सब्जी दुकान क्रमांक 53 चंद्रेश सब्जी भंडार मार्च 2024 से 2 वर्ष से किराया लंबित होने पर कार्रवाई की गई है। किराया लंबित होने के कारण दुकान आवंटन के शर्त क्रमांक 04 के अनुसार दुकान को सील करने की करवाई सुनिश्चित कराई गई है। इस कार्रवाई के दौरान मंडी के अन्य अधिकारी कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

नाबालिग का अपहरण दुष्कर्म, आरोपी को 20 वर्ष का सश्रम कारावास

राजनांदगांव। नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के एक मामले में फैसला सुनाते हुए न्यायालय अपर सत्र न्यायाधीश, फास्ट ट्रेक स्पेशल कोर्ट (पॉक्सो) राजनांदगांव पीठासीन न्यायाधीश अनिल कुमार बारा ने अभियुक्त विजय कंवर को दोषी पाये जाने पर 20 वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।

विशेष लोक अभियोजक (पॉक्सो एक्ट), राजनांदगांव प्रिया कांकरिया ने बताया कि मार्च 2024 में अभियुक्त विजय कंवर पीड़िता के यहां विवाह का निमंत्रण कार्ड देने आया। उस समय पीड़िता के माता-पिता घर पर नहीं थे । अभियुक्त विजय कंवर ने शादी का पीड़िता को बोला कि, चलो तुम्हें कुछ खाने को खरीद दूंगा कहकर उसे अपनी मोटर सायकल में बैठाकर अपने साथ ले गया, जो काफी देर तक घर वापस नहीं आयी। तब पीड़िता के घर वालों ने पतासाजी की तब गांव वालों ने बताया कि पीड़िता को अभियुक्त विजय कंवर अपने साथ मोटर साइकिल में बिठाकर घुमा रहा था।

उसी शाम करीबन 5 बजे अभियुक्त विजय कंवर का भाई एवं उसकी पत्नी, उसकी लड़की / पीड़िता को लेकर घर आये और बोले कि, अभियुक्त विजय कंवर ज्यादा नशे में है, इसलिए वे लोग पीड़िता को छोड़ने आये हैं। बाद में पीड़िता ने अपने घर वालों को बतायी कि, अभियुक्त विजय कंवर उसे अपनी मोटर सायकल में बैठाकर अपने साथ दारू भट्टी लेकर गया और वहां दारू पिया, फिर उसे खेत में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती बलात्कार किया।

पीड़िता की माता की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस चौंकी सुकुलदैहान थाना लालबाग द्वारा मामला पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया था तथा प्रकरण के सम्पूर्ण अन्वेषण उपरान्त अभियोग पत्र विचारण हेतु विशेष न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m