जामगांव आर। ग्राम पंचायत अकतई के शासकीय प्राथमिक शाला भवन की जर्जर हालत और बारिश के दौरान कक्ष में सीपेज तथा छत का प्लास्टर गिरने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने पर तत्काल संज्ञान लेते हुए वीबी जी राम जी के तहत अकतई शासकीय प्राथमिक शाला में नए कक्ष निर्माण के लिए 7.09 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

यह भी पढ़ें : CG Weather Today : छत्तीसगढ़ के इन इलाकों में अगले दो दिन बढ़ेगी बारिश, रायपुर में छाए रहेंगे बादल

जिला पंचायत सीईओ द्वारा इसके लिए प्रशासनिक स्वीकृति आदेश जारी कर दिया है। इस प्रशासनिक पहल से लंबे समय से स्कूल भवन की समस्या से जूझ रहे विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को राहत की उम्मीद जगी है।

इन स्कूलों की प्रक्रिया आगे बढ़ी

मामले में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी डालेंद्र देवांगन ने बताया कि अकतई स्कूल में नए कक्ष निर्माण के लिए 7.09 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के शेष कक्ष के संधारण के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। ग्रामीण और स्कूली छात्रों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

बीईओ ने बताया कि विभाग द्वारा पूरे ब्लॉक में ऐसे स्कूलों को चिन्हित किया जा रहा है, जहां भवन जर्जर हैं, मरम्मत की आवश्यकता है, अथवा नए कक्ष की जरूरत है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अनुसार प्राथमिकता सूची में प्राथमिक शाला डीह, औंधी, खम्हरिया, जमराव, शांतिनगर, शुक्लाडीह, खुदमुड़ी, परेवाडीह, अकतई एवं चारभाठा सहित अन्य स्कूलों को शामिल किया है।

बिल बकाया रहने पर कटा पंचायतों का बिजली कनेक्शन

अंडा। दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों के लंबे समय से बिजली बिल बकाया होने के कारण विद्युत विभाग ने कनेक्शन काट दिए हैं। बिजली बंद होने से क्षेत्र के करीब 15 से 25 गांवों में ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। रात के समय अंधेरा रहने से चोरी सहित अन्य घटनाओं का खतरा बढ़ने की आशंका भी ग्रामीणों ने जताई है।

सूत्रों के अनुसार, कुछ पंचायतों का बिजली बिल वर्ष 2016 से बकाया बताया जा रहा है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण बकाया राशि लाखों से बढ़कर करोड़ों रुपये तक पहुंचने की चर्चा है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायतों द्वारा लोगों से टैक्स की वसूली की जाती है, लेकिन बिजली बिल का भुगतान समय पर नहीं होने का खामियाजा अब ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि कनेक्शन काटने की कार्रवाई रायपुर स्तर से की गई है। वहीं, अण्डा आंगनबाड़ी केंद्र – 01 की बिजली भी करीब एक सप्ताह से बंद बताई जा रही है। बिजली नहीं होने के कारण गर्मी और उमस में आंगनबाड़ी आने वाले मासूम बच्चों को परेशानी हो रही है। बिजली बहाली को लेकर जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र में बिजली कनेक्शन कटने का मामला वर्तमान विधायक ललित चंद्राकर के कार्यकाल में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायतों के बकाया बिजली बिल का जल्द समाधान कर बिजली व्यवस्था बहाल की जानी चाहिए।

शेयर ट्रेडिंग में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 23.30 लाख की ठगी

भिलाईनगर। शेयर और आईपीओ ट्रेडिंग में रकम निवेश करने पर उसे दोगुना करने का झांसा देकर एक निजी कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर से 23 लाख 30 हजार रुपए की आनलाइन ठगी की है। स्मृति नगर चौकी पुलिस ने शिकायत के आधार पर मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्मृतिनगर पुलिस ने बताया कि चौहान ग्रीनवैली जुनवानी निवासी जितेंद्र कुमार वासनिक (52 वर्ष) भिलाई स्टील प्लांट की नंदिनी लाइम स्टोन माइंस में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 29 दिसंबर 2025 को उनके बाइल पर एक अज्ञात नंबर से ट्सएप के माध्यम से ट्रेडिंग से बंधित लिंक और मैसेज भेजा गया । संपर्क करने पर संबंधित व्यक्ति अपने आपको ट्रेडिंग से जुड़ा बताते हुए शेयर आईपीओ में निवेश करने पर रकम मिलने का भरोसा दिलाया।

आरोपी की बातों में आकर जितेंद्र ने छह जनवरी 2026 को उसके द्वारा बताए गए यस बैंक के खाते में अपने भारतीय स्टेट बैंक खाते से योनो एप के माध्यम से पहली बार 50 हजार रुपए आनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद अलग- अलग तारीखों में आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खातों में लगातार रकम जमा कराई गई। 12 फरवरी 2026 तक जितेंद्र ने कुल 23 लाख 30 हजार रुपए निवेश कर दिए।

शिकायतकर्ता के मुताबिक रकम जमा कराने के बाद आरोपी की ओर से न तो किसी प्रकार का लाभ दिया गया और न ही निवेश की गई मूल रकम वापस की गई। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने सात सितंबर को स्मृति नगर चौकी में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आवेदन की जांच के बाद प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का अपराध पाए जाने पर मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

खुर्सीपार के इंडोर स्टेडियम को निजी हाथों में देगा निगम

भिलाईनगर । नगर पालिक निगम भिलाई ने वार्ड 51 स्थित इंडोर स्टेडियम, खुर्सीपार के संपूर्ण संचालन एवं संधारण के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल आमंत्रित किया है। इंडोर स्टेडियम खुर्सीपार में नेशनल हाईवे पर स्थित है। यह खुर्सीपार क्षेत्र का प्रमुख खेल परिसर है। स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं आधुनिक प्रशिक्षण और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम इसका संचालन किसी सक्षम एवं अनुभवी निजी संस्था / खेल अकादमी / एजेंसी को सौंपना चाहता है।

महिला एएसआई से डॉक्टर ने की धक्का-मुक्की

भिलाईनगर। थाना अंडा के एक मामले की विवेचना में सहयोग के लिए सेक्टर-8 भिलाई पहुंची प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक के साथ कथित तौर पर डॉक्टर द्वारा धक्का-मुक्की और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिसकर्मी की उंगली में दांत से काटकर चोट पहुंचाई। मामले में भिलाई नगर पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी से मारपीट के आरोप में अपराध दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, थाना उतई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक लीनिमा साहू पदस्थ हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर वह थाना अंडा के धारा 137 (2) बीएनएस के प्रकरण की विवेचना में सहयोग के लिए थाना अंडा पहुंची थी। आमद देने के बाद शासकीय विवेचना कार्य के लिए स्टाफ के साथ सेक्टर-8 भिलाई पहुंची।

पुलिस के मुताबिक टीम प्रकरण से संबंधित संदेही डॉ. झरना राणा उर्फ स्वीटी पति व्ही. के. सिंह, निवासी सेक्टर-8 भिलाई के घर पहुंची। वहां पुलिस टीम प्रकरण की पीड़िता के संबंध में पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान डॉक्टर यह कहकर घर के अंदर चली गई कि वह आती है। प्रशिक्षु उप निरीक्षक भी उनके पीछे गई।

आरोप है कि महिला रसोई में अपने बाएं हाथ में पानी की बोतल में मिट्टी का तेल लिए हुई थी और दाहिने हाथ में माचिस पकड़े थी । पुलिसकर्मी द्वारा पूछे जाने पर महिला ने मिट्टी के तेल की बोतल खोलने का प्रयास किया। प्रशिक्षु उप निरीक्षक ने महिला को पकड़कर उसके हाथ से बोतल छीन ली और उसे बाहर लेकर आई।

तकनीकी विश्वविद्यालय के 20 संस्थानों में 64 विषयों पर शोध की राह खुली

भिलाईनगर। अब शोधार्थियों को अपने विषय के अनुरूप संस्थान चुनने का अवसर मिलेगा। दरअसल छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने शोध गतिविधियों को व्यापक आधार देने अपने 20 रिसर्च सेंटरों की सूची जारी की है। इन रिसर्च सेंटरों में इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, सिविल, मैनेजमेंट, एप्लाइड साइंस सहित फार्मेसी के विभिन्न विषयों को शामिल किया गया है।

सूची के अनुसार इन केन्द्रों में कुल 64 विषयों, डिसिप्लिन में शोध की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सूची में भिलाई – दुर्ग के साथ रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर के प्रमुख तकनीकी एवं फार्मेसी संस्थानों को रिसर्च सेंटर के रूप में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि अकेले भिलाई-दुर्ग क्षेत्र के कई प्रमुख संस्थानों में कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, सिविल, एप्लाइड फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथेमेटिक्स और मैनेजमेंट जैसे विषयों में शोध की सुविधा उपलब्ध है।

यूटीडी में सबसे व्यापक विषय

सीएसवीटीयू भिलाई के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट को सूची में सबसे व्यापक रिसर्च सेंटर के रूप में शामिल किया गया है। यहां बायो मेडिकल इंजीनियरिंग, बायोटेक्नालॉजी, सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स टेलीकम्युनिकेशन, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, वाटर रिसोर्स इंजीनियरिंग और एनवायरमेंटल इंजीनियरिंग में शोध का प्रावधान है। इससे परंपरागत इंजीनियरिंग के साथ स्वास्थ्य, पर्यावरण और जल प्रबंधन जैसे उभरते क्षेत्रों में भी शोध को बढ़ावा मिल सकता है।

शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने आगे आए व्यापारी

राजनांदगांव। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने पहल करते हुए व्यापारियों के साथ बैठक की। चेंबर अध्यक्ष कमलेश बैद के नेतृत्व में हुई बैठक में करीब 50-60 व्यापारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में बाजार क्षेत्रों में बढ़ते यातायात दबाव, पार्किंग की समस्या, दुकानों के बाहर सामान रखने तथा लोडिंग-अनलोडिंग सहित शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

व्यापारियों ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए शासन-प्रशासन और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। व्यवस्था सुधार के साथ यह भी ध्यान रखा जाना चाहिए कि बाजारों की व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिले।

गुरुद्वारा चौक से वन-वे पर सहमति

बैठक में गुरुद्वारा चौक से वन-वे व्यवस्था शुरू करने पर सहमति बनी। इसके साथ ही महावीर चौक और भगत सिंह चौक की ओर से आवागमन की व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों ने अपने सुझाव दिए। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सड़क पर सामान रखने पर रोक व्यापारियों ने स्वयं जिम्मेदारी लेते हुए सहमति जताई कि दुकानों का सामान सड़क अथवा सार्वजनिक स्थान पर बाहर नहीं रखा जाएगा। यदि इसके बावजूद किसी दुकान का सामान बाहर पाया जाता है तो नगर निगम नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र रहेगा।

गंज चौक में लोडिंग- अनलोडिंग की व्यवस्था

गन चौक क्षेत्र में सामान की लोडिंग- अनलोडिंग को लेकर भी चर्चा हुई। व्यापारियों ने व्यवस्था को इस तरह निर्धारित करने पर जोर दिया, जिससे माल की आवाजाही बनी रहे और मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित न हो।

छोटे पसरा व्यापारियों के लिए भी व्यवस्था

बैठक में छोटे पसरा व्यापारियों की समस्या पर भी चर्चा हुई। इनके लिए फ्लावर के नीचे निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने को लेकर सकारात्मक सहमति बनी, ताकि सड़क और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में अनावश्यक भीड़ न बढ़े।

तीन स्थानों पर पार्किंग प्रस्तावित

व्यवस्थित पार्किंग के लिए तीन स्थानों को चिह्नित करने पर सहमति बनी है। इनमें पुत्रीशाला स्कूल, गन चौक क्षेत्र और महावीर चौक शामिल हैं। इन स्थानों का व्यवस्थित उपयोग होने से बाजार क्षेत्रों में सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने की समस्या कम होने की उम्मीद है।

बकाया बिजली बिल पर कटे सरकारी संस्थानों के कनेक्शन

छुईखदान। लंबे समय से बिजली बिलों का भुगतान लंबित रहने के कारण विद्युत कंपनी द्वारा क्षेत्र के कई शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों के बिजली कनेक्शन विच्छेद किए जाने का मामला सामने आया है। कनेक्शन कटने से संबंधित कार्यालयों का नियमित कामकाज प्रभावित हुआ वहीं स्कूल एवं छात्रावास में बिजली आपूर्ति बाधित होने से विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्रावास का विद्युत कनेक्शन तत्काल बहाल कर दिया गया।

मामले में करोड़ों के काम कराने और भ्रष्टाचार को लेकर सुर्खियों में रहने वाले बड़े विभाग भी शामिल बताये जा रहे है। जानकारी के अनुसार, जल संसाधन विभाग के डिवीजन कार्यालय, सब डिवीजन पिपरिया, जलाशय, पीएम श्री सेजेस तथा बालक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सहित अन्य शासकीय संस्थानों के बिजली बिल लंबे समय से लंबित बताए जा रहे हैं। बकाया राशि का समय पर भुगतान नहीं होने पर विद्युत कंपनी की ऑनलाइन व्यवस्था के माध्यम से संबंधित कनेक्शनों को विच्छेदित किया गया।

नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़, शिक्षक की गिरफ्तारी के बाद प्राचार्य भी सस्पेंड

छुरिया। परीक्षा में पास कराने के नाम पर नाबालिग छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने के मामले में संबंधित शिक्षक व पूर्व महिला सरपंच के बेटे की गिरफ्तारी के बाद संबंधित स्कूल के प्राचार्य को भी सस्पेंड कर दिया गया है।

स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय रायपुर द्वारा जारी आदेश के मुताबिक शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला गैंदाटोला के प्राचार्य विनोद कुमार मंडलोई को निलंबित कर दिया गया है । जारी आदेश में कहा गया है कि लगभग 3 वर्ष पूर्व इस मामले की जानकारी होने के बावजूद प्राचार्य द्वारा उच्च कार्यालय को सूचित नहीं किया गया।

यह प्रशासनिक लापरवाही तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 3 का उल्लंघन पाया गया है। पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही व अनुशासनहीनता पाए जाने पर प्राचार्य विनोद कुमार मंडली को निलंबित कर दिया गया है। इस दौरान उन्हें मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा दुर्ग में अटैच किया गया है।

ज्ञात हो कि लगभग सप्ताह भर पूर्व नाबालिग छात्रा ने गैंदाटोला थाने पहुंच कर दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि लगभग दो वर्ष पूर्व उसे विज्ञान के विषय में पूरक की पात्रता मिली थी। विज्ञान विषय के सहायक शिक्षक तिलक ने नाबालिग छात्रा को विज्ञान के विषय में मिली पूरक की परीक्षा में उत्तीर्ण करने का आश्वासन दिया। परीक्षा में पास कराने के नाम पर उसने नाबालिग छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी बनाया।

इससे नाबालिग छात्रा मानसिक रूप से काफी परेशान रहती थी। उसने सबसे पहले इस मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया लेकिन आरोप है कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई न करते हुए संबंधित स्कूल के प्राचार्य को थाने बुलाकर इस मामले में समझौता कराने का प्रयास किया।

टीआई व एसआई सस्पेंड

इस मामले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने गैंदाटोला थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार साहू तथा सहायक उप निरीक्षक मेघनाथ सिन्हा को सस्पेंड कर दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m