दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दुर्ग शहर आगमन के दौरान विधायकों द्वारा पूर्व लोकार्पित तथा भूमिपूजन किए जा चुके कई कार्यों को पुनः मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पण व भूमिपूजन करा दिया गया। मामले को लेकर जिला पंचायत सामान्य सभा में सभापति जितेन्द्र यादव जमकर बिफरे। इस पर आरईएस ईई मेश्राम ने भी दो टूक शब्दों में कह दिया हमें सिर्फ पत्थर बनाने निर्देश दिए, जिसके अनुसार किया है। चाहे तो मुझे सस्पेंड या ट्रांसफर करा दो।
यह भी पढ़ें : हादसा: आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 2 मनरेगा मजदूरों की हुई मौके पर मौत, 5 मजदूर हुए घायल…
जितेन्द्र यादव का कहना था लोकार्पण भूमिपूजन का पत्थर लगाने के पहले क्षेत्रीय विधायक व जिला पंचायत सदस्यों तक को न पूछा और न ही सदस्यो को मंच में स्थान नहीं दिया गया और जिला पंचायत सदस्यों के ग्रामीण क्षेत्र के कई कार्यों का दुर्ग शहर में लोकार्पण भूमिपूजन करा दिया गया और उन्हें पूछा तक नहीं गया।

बैठक में मौजूद साजा विधायक ईश्वर साहू ने भी कहा पत्थर लगाने पहले उन्हें पूछ लेते। साहू ने आरईएस के ईई से मुख्य मंत्री आपदा प्रबंधन, छग विकास प्राधिकरण सहित विभिन्न योजनाओ के कार्यों की जानकारी, जिसके संबंध में भी अधिकारी कुछ नहीं बता पाए इस पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
सूने मकान में चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा, 6 गिरफ्तार
भिलाईनगर। नेहरू नगर के सूने मकान में चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर 6 आरोपियों को विभिन्न राज्यों से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने- चांदी के आभूषण, नगदी रकम, वाहन, मोबाइल एवं घटना में प्रयुक्त औजार जब्त किया है।
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि प्रार्थी विनय कुमार अग्रवाल निवासी नेहरू नगर पश्चिम ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 4 मई को अपने परिवार सहित घर में ताला लगाकर धार्मिक कार्यक्रम में गए थे। अगले दिन वापस लौटने पर घर का ताला टूटा हुआ मिला तथा आलमारी के लॉक टूटे हुए थे। अज्ञात आरोपियों ने सोना, हीरा, चांदी के आभूषण एवं लगभग 3,40,000 रुपये नगद चोरी कर ले गए थे।
रिपोर्ट पर थाना सुपेला में धारा 331 (4), 305 (ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान विशेष टीम गठित कर घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया गया तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
जांच के दौरान मुख्य आरोपी हारिम एवं मोहम्मद नासिर हुसैन ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देना पाया गया। आरोपियों ने चोरी के आभूषणों को मेरठ के एक ज्वेलर्स को बेचना तथा चोरी की रकम का आपस में बंटवारा करना स्वीकार किया।
पुलिस टीम ने विभिन्न राज्यों में दबिश देकर आरोपियों हारिम निवासी मेरठ, उत्तरप्रदेश, मोहम्मद नासिर हुसैन निवासी नई दिल्ली, मोहम्मद कासिम निवासी मेरठ उत्तरप्रदेश, सलीम निवासी मेरठ उत्तरप्रदेश, मोहम्मद बिलाल निवासी मेरठ उत्तरप्रदेश व दिन मोहम्मद निवासी मेरठ उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार किया गया।
छात्रों को अब फिर डाउनलोड करना होगा एडमिट कार्ड
भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने 12 जून से शुरू होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं से ठीक पहले छात्रों और कॉलेज प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। पहले डाउनलोड किए गए कई प्रवेश पत्रों में त्रुटि को सुधारते हुए विश्वविद्यालय ने सभी प्रभावित विद्यार्थियों को नया प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा पोर्टल पर परीक्षा केंद्रों की जानकारी अपडेट कर दी गई है और अब विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड में वास्तविक परीक्षा केंद्र प्रदर्शित हो रहे हैं। ऐसे में जिन विद्यार्थियों ने पहले ही प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लिया था, उन्हें पुनः लॉगिन कर नया प्रवेश पत्र डाउनलोड करना होगा।
12 जून से शुरू होने वाली परीक्षाओं में प्रदेशभर के हजारों छात्र शामिल होंगे। ऐसे समय में परीक्षा केंद्रों की जानकारी में हुई गड़बड़ी ने विद्यार्थियों और कॉलेज प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी थी। कई छात्रों को अपने ही कॉलेज का नाम परीक्षा केंद्र के रूप में दिखाई दे रहा था, जबकि उन्हें किसी अन्य केंद्र पर परीक्षा देनी है।
स्कूल शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले
दुर्ग। स्कूल शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले हो रहे है। विभाग के रिक्त पदों को भरने की कवायद शुरू हो गई है। इसी कड़ी में संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग मेंडा केव्ही राव को प्रभारी उप संचालक बनाया गया है। वर्तमान में वे रायगढ़ में जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। इसके पहले विकासखंड शिक्षा अधिकारी दुर्ग के पद पर अपनी सेवाएं दे हैं। वहीं जिला शिक्षा कार्यालय में एक और नए सहायक संचालक की पोस्टिंग हुई है।
पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालय देवकर (बेमेतरा) के प्राचार्य राजेश कुमार चंद्रवंशी की पदस्थापना जिला शिक्षा कार्यालय दुर्ग में सहायक संचालक के पद पर हुई है। श्री चंद्रवंशी के पोस्टिंग से जिला शिक्षा विभाग के कार्यों को और गति मिलेगी। अब तक जिला शिक्षा विभाग के कार्यों का संपादन अन्य विभाग के अधिकारी भी किया करते थे। श्री चंद्रवंशी की पोस्टिंग से ऐसे अधिकारियों से विभाग को छुटकारा मिलेगा।
जिले के समग्र शिक्षा कार्यालय में नए एडीपीओ की पोस्टिंग उच्चतर की गई है। शासकीय माध्यमिक विद्यालय कुथरेल की फिजिक्स व्याख्याता हेमलता बंजारे को समग्र शिक्षा कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर सहायक जिला कार्यक्रम अधिकारी बनाया गया है।
बता दें कि जिले के समग्र शिक्षा कार्यालय में एडीपीओ का पद नवंबर माह से रिक्त था। पहले इस पद पर जे मनोहरण पदस्थ थे। नवंबर माह में वे पदोन्नत होकर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय दीपक नगर के प्राचार्य बने। तब उन्हें एडीपीओ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। कुछ दिनों बाद यह प्रभार विभाग के एपीसी रश्मि नाथ ने संभाली। वहीं शहर के सबसे बड़े सरकारी स्कूल सेजस जेआरडी स्कूल में आरके दुबे प्राचार्य पद की कमान संभालेंगे।
दरअसल, यहां पदस्थ प्राचार्य मनजीत सिंह राजपूत की सेवानिवृत्ति के बाद पद रिक्त हुआ था। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तकियापारा में सुजाता अगरवाल प्राचार्य होगी। यहां अनिल शुक्ला के रिटायरमेंट के बाद प्राचार्य पद रिक्त हुआ था।
कांग्रेसियों ने किया आरटीओ कार्यालय का घेराव
दुर्ग। बड़े वाहनों के ट्रांसफर शुल्क को 1000 से बढ़ाकर 2500 रु. कर दिया गया है। कार के ट्रांसफर शुल्क को 600 से बढ़ाकर 1000 रु. कर दिया गया है। लगातार ई चालान के नाम से जनता परेशान हो रही है। इन सभी परेशानियों को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आरटीओ कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया गया। ज्ञापन देकर समस्याओं की निराकरण की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों कांग्रेसियों ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के कार्यालय में जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटा जमीन में बैठकर जमकर नारेबाजी करते रहे उसके बाद परिवहन अधिकारी के आने के बाद उनको ज्ञापन सौंपा गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि इन बढ़ी हुई दरों के कारण आम नागरिकों, मध्यम वर्गीय परिवारों, मजदूरों, किसानों एवं छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने, वाहनों के रजिस्ट्रेशन तथा अन्य परिवहन संबंधी कार्यों के नाम पर भी आम जनता से अत्यधिक राशि लिए जाने की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिससे लोगों में विभाग के प्रति असंतोष बढ़ रहा है।
दुर्ग शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा लगातार की जा रही दंडात्मक कार्यवाही, अत्यधिक राशि के ई-चालान तथा परिवहन संबंधी सेवाओं की बढ़ी हुई शुल्क दरों को लेकर आम नागरिकों में व्यापक असंतोष व्याप्त है। बड़ी संख्या में वाहन मालिकों को जारी ई-चालानों की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती, जिसके कारण उन्हें अनावश्यक आर्थिक एवं मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
दुर्ग जिले में खुलेंगी 6 और चौकियां
भिलाईनगर। पुलिस प्रशासन ने 6 नए संवेदनशील इलाकों में पुलिस चौकियां खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। सबसे पहले भिलाईनगर के रूआबांधा और उतई थाना क्षेत्र के गाड़ाडीह में स्थाई चौकी खोलने का फैसला किया है। इसके अलावा दुर्ग कोतवाली का आउटर इलाका गया नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का धनोरा गांव शहरी सीमा से बाहर होने के कारण वहां भी चौकियां खोली जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, चौकी खुलने के बाद गाड़ाडीह चौकी में 1 एसआई, 2 एएसआई, 6 प्रधान आरक्षक और 24 आरक्षक सहित कुल 33 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। वहीं रूआबांधा चौकी में 1 एसआई, 1 एएसआई, 3 प्रधान आरक्षक और 8 आरक्षक सहित कुल 13 जवान पदस्थ होंगे।
थाना-चौकियों के नए भवन का निर्माण
दुर्ग जिले में कानून व्यवस्था और मजबूत बनाने के लिए पांच थाना और तीन चौकियों के लिए नए भवनों का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए गाड़ाडीह और रूआबांधा के लिए जमीन तलाश की जा रही है। इसके अलावा गया नगर, उरला व धनोरा के प्रस्ताव शासन को भेजे हैं। इनमें से दो भवनों का निर्माण होकर हैंडओवर हो चुका है। वहीं जामगांवआर थाना बनकर तैयार हो गया है। आने वाले कुछ दिनों में इसका लोकापर्ण कर कामकाज शुरु किया जाएगा। इन थाना भवनों और चौकियों के निर्माण में करीब 6 करोड़ 39 लाख 39 हजार रुपए खर्च किए जा रहे हैं।
करंट की चपेट में आने से 14 मवेशियों की मौत
राजनांदगांव। वार्ड क्रमांक 50 मोहड़ सिंदई से लगे सखुबडी एचपी गैस गोदाम के पास आज सुबह 6:30 बजे के आसपास विद्युत तार की चपेट में आ जाने से 14 मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई। खास बात यह है कि एक दिन पहले मौसम में अचानक आए परिवर्तन के बाद आंधी तूफान से विद्युत पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिसके कारण इस क्षेत्र में बिजली आपूर्ति काफी अधिक समय तक बाधित रही। सूचना दिए जाने पर भी विद्युत विभाग द्वारा समय पर सुधार कार्य नहीं किया गया, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हो गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया की सूचना दिए जाने के बाद भी विद्युत विभाग के कर्मचारी शाम को 7 बजे की बजाय रात्रि 2:30 बजे फीडर बंद करने पहुंचे थे। उसमें भी गलत फीडर को बंद कर दिया गया, जिसके कारण यह हादसा हो गया । जिसकी जवाबदेही कहीं ना कहीं विद्युत वितरण कंपनी की है।
राजनांदगांव जिले में एक दिन पहले शाम को 6 बजे के आसपास अचानक मौसम में आए परिवर्तन के बाद तेज अंधड़ के बीच आधे घंटे तक तेज बारिश दर्ज हुई थी। आंधी तूफान के चलते राजनांदगांव जिला मुख्यालय से लगे महज कुछ दूरी पर ही मोहड़ सिंगदई के पास एचपी गोदाम से लगे खेत पर विद्युत तार गिरने के कारण 14 मवेशी चपेट में आ गए। देखते ही देखते सभी 14 मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई।
बारिश पूर्व जर्जर मकानों को खाली करने दिया नोटिस
राजनांदगांव। नगर निगम द्वारा बारिश पूर्व राजनांदगांव जिला मुख्यालय में अभियान चलाकर जर्जर मकानों की सूची तैयार कर ली गई राजनांदगांव शहर में एक दर्जन से अधिक है। निगम अधिकारियों की माने तो जर्जर मकान है, जिसमें शासकीय बिल्डिंग से लेकर पांच निजी भवन भी शामिल है | चिन्हांकित भवन मकान मालिकों को नोटिस भी दी जा चुकी है फिर भी वे वहां से हटने तैयार नहीं है।
राजनांदगांव जिला मुख्यालय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जर्जर मकानों की संख्या 12 से 13 बताई जा रही है। जिसमें शासकीय भवनों की संख्या 6 से अधिक है। हाउसिंग बोर्ड की बिल्डिंग से लेकर पुराना जिला अस्पताल का कुछ क्षेत्र भी इसमें शामिल है। इसके साथ-साथ गंज लाइन में भी उद्योग विभाग का एक जर्जर भवन बताया जा रहा है।
नगर निगम सीमा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चार से पांच निजी भवन भी हैं, जिनकी स्थिति भी काफी अधिक खराब बताई जा रही है। नगर निगम के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि बारिश पूर्व अभियान चलाकर जर्जर मकानों की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है और मकान मालिकों को नोटिस भी दी जा चुकी है।
स्टेशन पारा, चिखली, शांति नगर, मोतीपुर ये मकान रामनगर से लेकर लखोली, आदि क्षेत्रों में बताए जा रहे हैं। लंबे समय से मकान जर्जर होने के कारण ये मकान अब रहने लायक तक नहीं है। प्रतिवर्ष मकान मालिकों को नोटिस दी जा रही है, फिर भी खाली करने के लिए तैयार नहीं है।
जांच में अनियमितता की पुष्टि, आबकारी उप निरीक्षक निलंबित
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ शासन ने शराब दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब बिक्री के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग के एक उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई राज्य स्तरीय उड़नदस्ता दल की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है जिसमें खैरागढ़- छुईखदान – गंडई जिले की एक मदिरा दुकान में उपभोक्ताओं कंपोजिट से अधिक राशि वसूले जाने की पुष्टि हुई।
आबकारी आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने गंडई स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया था। जांच के दौरान छद्म ग्राहक (डिकॉय कस्टमर) के माध्यम से शराब बिक्री की दरों का सत्यापन कराया गया।
निरीक्षण में पाया गया कि दुकान के विक्रेता वेदप्रकाश निर्मलकर ने तीन पाव देसी शराब जिसकी निर्धारित कीमत 240 रुपये थी, उसे 250 रुपये में बेचा। इस प्रकार उपभोक्ता से 10 रुपये अधिक वसूले गए। मामले की पुष्टि होने पर विक्रेता के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 39 (ग) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद विभागीय जवाबदेही तय करते हुए संबंधित क्षेत्र के प्रभारी आबकारी उप निरीक्षक प्रभाकर सिरमौर की भूमिका की समीक्षा की गई।
आदेश में कहा गया है कि उनके प्रभार क्षेत्र में इस प्रकार की अनियमितता का पाया जाना कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और नियंत्रण में शिथिलता को दर्शाता है। इसे सेवा आचरण नियमों के विपरीत मानते हुए शासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान सिरमौर का मुख्यालय संभागीय कार्यालय, दुर्ग निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

